X
X

Fact Check : चंद्रयान-3 की लैंडिंग का नहीं, ब्लू मून लैंडर प्रोजेक्ट का है वायरल वीडियो

चंद्रयान-3 मिशन के नाम से वायरल वीडियो साल 2019 का है। जब जेफ बेजोस द्वारा अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा पर ले जाने के लिए चंद्र लैंडर का अनावरण किया गया था। उसी वीडियो को अब चंद्रयान-3 की लैंडिंग का बताकर शेयर किया जा रहा है।

  • By: Jyoti Kumari
  • Published: Aug 24, 2023 at 03:35 PM
  • Updated: Aug 24, 2023 at 04:09 PM

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। मिशन चंद्रयान-3 की सक्सेस से आज पूरे देश में खुशी का माहौल है। चांद की सतह पर चंद्रयान 3 की सुरक्षित तरीके से लैंडिंग ने इसरो को बड़ी कामयाबी दिलाई है। इस बीच चंद्रयान-3 से जोड़कर कई फर्जी और भ्रामक दावे भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। ऐसे ही एक वीडियो, जिसमें चांद पर लैंडर को उतरते देखा जा सकता है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो चंद्रयान-3 की लैंडिंग का है।

विश्‍वास न्‍यूज ने अपनी जांच में पाया कि सोशल मीडिया पर चंद्रयान-3 मिशन के नाम से वायरल वीडियो 9 मई 2019 का है। जब अमेजन के संस्थापक और पूर्व सीईओ जेफ बेजोस ने ब्लू मून लैंडर और अंतरिक्ष के लिए अपने विजन का अनावरण किया था। उसी वीडियो को अब चंद्रयान-3 से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।

क्‍या है वायरल पोस्ट?

फेसबुक पेज ‘देसी कल्चर हरियाणा’ ने वायरल वीडियो को 23 अगस्त को शेयर किया है। कैप्शन में लिखा है,”रच दिया इतिहास भारत के वैज्ञानिकों ने जय इसरो, chandrayan 3 की सफल लैंडिंग।”

इस वीडियो के ऊपर लिखा था : हमारा चंद्रयान-3 मिशन शाम 5:45 पर चांद की सतह सॉफ्ट लैंडिंग करेगा। 

पोस्ट का आर्काइव लिंक यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले इस वीडियो के स्क्रीनशॉट को निकाला और उन्हें गूगल इमेज के जरिए सर्च किया। हमें वायरल वीडियो कई जगह अपलोड मिला। ‘स्पेस डॉट कॉम’ की वेबसाइट पर वायरल वीडियो और वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट मिली। 11 मई 2019 को प्रकाशित रिपोर्ट में बताया गया, “ब्लू ओरिजिन के अरबपति संस्थापक, जेफ बेजोस ने चंद्रमा की सतह पर “ब्लू मून” नामक एक अंतरिक्ष यान उतारने की कंपनी की योजना का खुलासा किया। वाल्टर ई. वाशिंगटन कन्वेंशन सेंटर में एक विशेष प्रस्तुति के दौरान बेजोस ने ब्लू मून और उन सभी तरीकों का विवरण दिया, जिनका उपयोग पृथ्वी के प्राकृतिक उपग्रह का पता लगाने के लिए किया जा सकता है।”

हमें वायरल वीडियो से जुड़ी रिपोर्ट हमें ‘डिज़ाइनबूम डॉट कॉम’ की वेबसाइट पर भी मिली। 10 मई 2019 को प्रकाशित खबर के मुताबिक, “अमेज़न के सीईओ जेफ बेजोस ने इंसानों को अंतरिक्ष में भेजने की योजना का खुलासा किया है। गुरुवार को वाशिंगटन डीसी में एक प्रेस कार्यक्रम में, उन्होंने घोषणा की कि उनकी रॉकेट कंपनी ‘ब्लू ओरिजिन’ एक चंद्र लैंडर का निर्माण करेगी जो ‘वर्षों से विकास में’ रहा है और कथित तौर पर ‘कई मीट्रिक टन’ पेलोड को जमीन पर उतार सकता है।”

हमें असल वीडियो ‘ब्लू ओरिजिन’ के वेरिफाइड यूट्यूब चैनल पर भी मिला। 10 मई 2019 को अपलोड वीडियो में वायरल वीडियो को साफ़ देखा जा सकता है। वीडियो में ब्लू मून के बारे में परिचय दिया गया है। वीडियो के कैप्शन में लिखा है,”ब्लू मून एक लचीला लैंडर है, जो चंद्रमा की सतह पर विभिन्न प्रकार के छोटे, मध्यम और बड़े पेलोड पहुंचाता है। सटीक और सॉफ्ट लैंडिंग प्रदान करने की इसकी क्षमता चंद्रमा पर निरंतर मानव उपस्थिति को सक्षम बनाएगी।”

‘न्यू यॉर्क टाइम्स’ ने भी वायरल वीडियो से जुड़ी खबर 9 मई 2019 को पब्लिश की थी। खबर में बताया गया, “गुरुवार को वाशिंगटन में चंद्रमा पर परिचालन के लिए अंतरिक्ष कंपनी के दृष्टिकोण की घोषणा के दौरान ब्लू ओरिजिन और अमेजन के संस्थापक जेफ बेजोस।”

वायरल वीडियो से जुड़ी खबर को कई अन्य न्यूज वेबसाइट पर भी पढ़ा जा सकता है।

वायरल दावे की पुष्टि के लिए विश्वास न्यूज़ ने न्यूयॉर्क टाइम्स से मेल के जरिये संपर्क किया। न्यूयॉर्क टाइम्स ने जवाब में बताया कि दावा गलत  है। इस पोस्ट में इस्तेमाल किया गया वीडियो स्पष्ट रूप से ब्लू मून प्रचार वीडियो का एक अंश है, जो यहां हमारी रिपोर्टिंग में शामिल है। उन्होंने हमारे साथ कई लिंक्स भी शेयर किए हैं, जिनसे इस बात की पुष्टि होती है कि वीडियो का चंद्रयान-3 से कोई संबंध नहीं है।”

अंत में हमने गलत दावा करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्‍कैन किया। देसी कल्चर हरियाणा नाम के पेज को 50 हजार लोग फॉलो करते हैं । इस पेज को 5 अक्टूबर 2019 को बनाया गया है।

निष्कर्ष: चंद्रयान-3 मिशन के नाम से वायरल वीडियो साल 2019 का है। जब जेफ बेजोस द्वारा अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा पर ले जाने के लिए चंद्र लैंडर का अनावरण किया गया था। उसी वीडियो को अब चंद्रयान-3 की लैंडिंग का बताकर शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : रच दिया इतिहास भारत के वैज्ञानिकों ने जय इसरो। chandrayan 3 की सफल लैंडिंग।
  • Claimed By : फेसबुक पेज-Desi Culture Haryana
  • Fact Check : झूठ
झूठ
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later