Fact Check : अमेरिका में 11 सितंबर 2001 को हुए हमले के वीडियो को इजरायल से जोड़कर किया जा रहा वायरल

बहुमंजिला इमारत ढहने पर भगदड़ मचने का यह वीडियो 11 सितंबर 2001 को अमेरिका में हुए हमले का है। इसका इजरायल से कोई संबंध नहीं है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। इजरायल पर हाल ही में हुए ईरान के हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक बहुमंजिला इमारत में हुए धमाके के बाद लोगों को भागते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर इसे इजरायल में हुए हमले का बता रहे हैं।

विश्वास न्यूज की पड़ताल में पता चला है कि वायरल वीडियो 11 सितंबर 2001 को अमेरिका में हुए हमले का है। इसका इजरायल से कोई संबंध नहीं है।

क्या है वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर Ashok Dadhwal ने 5 अक्टूबर को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,

यह वीडियो इसराइल का है
मुझे चिंता हमारे उन अंधभक्तों की हो रही है जो इसराइली सेना में भर्ती हैं उनका क्या हाल होगा???

पड़ताल

वायरल वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस की मदद से सर्च करने पर हमें makeagif नाम की वेबसाइट पर इसकी एक क्लिप मिली। इसे 10 साल पहले अपलोड किया गया है और इस पर फॉक्स 5 न्यूज का लोगो लगा हुआ है।

इसके आधार पर हमने कीवर्ड से सर्च किया तो Nathan Flach यूट्यूब चैनल पर 22 नवंबर 2008 को इससे संबंधित वीडियो न्यूज मिली। इस पर भी फॉक्स 5 न्यूज का लोगो लगा हुआ है। इसके साथ में जानकारी दी गई है कि यह क्लिप 11 सितंबर 2001 को एयर हुई थी। वीडियो साउथ टॉवर के ढहने का है।

सीबीएस8 डॉट कॉम पर अपलोड डॉक्यूमेंट्री में भी इस वायरल क्लिप के एक हिस्से को देखा जा सकता है। यह डॉक्यूमेंट्री 11 सितंबर 2001 को अमेरिका में हुए हमले पर बनाई गई थी।

जॉर्ज डब्ल्यू बुश लाइब्रेरी डॉट जीओवी वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, 11 सितंबर 2001 को हुए हमले में 2977 लोग मारे गए थे। दो जेटलाइनर अमेरिका में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के ट्विन टावर्स से टकराए थे, जबकि एक अन्य पेंटागन से टकराया था।

द गार्जियन में 2 अक्टूबर को छपी रिपोर्ट के अनुसार, 1 अक्टूबर की रात को ईरान ने इजरायल से कई मिसाइलें दागी थीं।

इस बारे में इजरायली फैक्ट चेकर यूरिया बार मेर से संपर्क किया। उनका कहना है कि यह वीडियो इजरायल का नहीं है।

वीडियो को इजरायल का बताकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। हिमाचल के उना में रहने वाले यूजर एक विचारधारा से प्रभावित हैं।

निष्कर्ष: बहुमंजिला इमारत ढहने पर भगदड़ मचने का यह वीडियो 11 सितंबर 2001 को अमेरिका में हुए हमले का है। इसका इजरायल से कोई संबंध नहीं है।

Misleading
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट