Quick Fact Check: फिरोज गांधी के पिता का नाम जहांगीर फरदून था, नेहरू-इंदिरा की तस्वीर गलत दावे के साथ वायरल

विश्वास न्यूज की पड़ताल में इस पोस्ट का दावा फर्जी निकला है। वायरल तस्वीर में पंडित नेहरू और इंदिरा गांधी के साथ रूस के कलाकार निकोलर रोरिक और यूनुस खान हैं। इंदिरा गांधी के पति फिरोज गांधी पारसी परिवार से आते थे और उनके पिता का नाम जहांगीर फरदून था। वायरल तस्वीर में ये दोनों ही शख्स नहीं हैं।

Quick Fact Check: फिरोज गांधी के पिता का नाम जहांगीर फरदून था, नेहरू-इंदिरा की तस्वीर गलत दावे के साथ वायरल

नई दिल्ली (Vishvas News): सोशल मीडिया पर एक इमेज पोस्ट वायरल हो रही है। इस इमेज पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि इंदिरा गांधी अपने ससुर और पति के साथ खड़ी हैं। वायरल पोस्ट में इंदिरा के ससुर का नाम यूनुस खान और पति का नाम फिरोज खान बताया गया है। विश्वास न्यूज़ को अपने फैक्ट चेकिंग वॉट्सऐप चैटबॉट (+91 95992 99372) पर भी ये दावा फैक्ट चेक के लिए मिला है। विश्वास न्यूज पहले भी इस दावे की पड़ताल कर चुका है। ये दावा फर्जी है। इंदिरा गांधी के पति का नाम फिरोज गांधी था, जो पारसी थे। इसी तरह इंदिरा के ससुर का नाम जहांगीर फरदून था।

क्या हो रहा है वायरल

विश्वास न्यूज़ को वॉट्सऐप चैटबॉट पर मिली तस्वीर में भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू और इंदिरा गांधी दो अन्य लोगों के साथ दिख रही हैं। ये किसी फेसबुक पोस्ट के स्क्रीनशॉट जैसा है। इस इमेज पोस्ट में लिखा है, ‘बहुत मुश्किल से ये फोटो मिला है, जवाहरलाल नेहरू, इंद्रा गांधी, इंद्रा गांधी के ससुर युनुस खान, इंद्रा गांधी के पति फिरोज खान।’

वायरल पोस्ट में लिखी बातों को यहां ज्यों का त्यों पेश किया गया है।

विश्वास न्यूज़ को कमोबेश यही दावा फेसबुक पर भी मिला। हिन्दू शैर राम भक्त नाम की प्रोफाइल से किए गए इस पोस्ट के आर्काइव्ड वर्जन को यहां क्लिक कर देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने इस तस्वीर पर सबसे पहले गूगल रिवर्स इमेज सर्च टूल का इस्तेमाल किया। ये तस्वीर फोटो और वीडियो सेवा देने वाली alamy.com की वेबसाइट पर मिली। वहां बताया गया है कि इस तस्वीर में पंडित नेहरू और इंदिरा गांधी के साथ रूस के कलाकार निकोलस रोरिक और सबसे दाएं खड़े व्यक्ति मोहम्मद यूनुस (यूनुस खान) हैं।

हमारी पड़ताल में पता चला कि ये तस्वीर 1944 की है। वरिष्ठ पत्रकार राशिद किदवई ने भी विश्वास न्यूज के साथ बातचीत में इस बात की पुष्टि करते हुए बताया कि रूसी कलाकार निकोलस के साथ नेहरू, इंदिरा गांधी और यूनुस खान की यह तस्वीर 1944 के आस-पास की है।

यानी तस्वीर में सबसे दाएं खड़े शख्स इंदिरा गांधी के पति फिरोज गांधी नहीं, बल्कि यूनुस खान हैं। ‘द ट्रिब्यून’ में जून 2017 में छपी रिपोर्ट में यूनुस खान (मोहम्मद यूनुस) के निधन का जिक्र है। यूनुस भारतीय विदेश सेवा के अधिकारी थे। इंदिरा गांधी के पति फिरोज गांधी थे, जो कि पारसी परिवार से आते थे। फिरोज गांधी के पिता का नाम जहांगीर फरदून और मां का नाम रतिमाई था।

विश्वास न्यूज पहले भी इस वायरल दावे की पड़ताल कर चुका है। इसे विस्तार से नीचे देखा जा सकता है:

विश्वास न्यूज ने इस वायरल पोस्ट को शेयर करने वाली फेसबकु प्रोफाइल को स्कैन किया। प्रोफाइल पर दी गई जानकारी के मुताबिक, यूजर जयपुर के रहने वाले हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में इस पोस्ट का दावा फर्जी निकला है। वायरल तस्वीर में पंडित नेहरू और इंदिरा गांधी के साथ रूस के कलाकार निकोलर रोरिक और यूनुस खान हैं। इंदिरा गांधी के पति फिरोज गांधी पारसी परिवार से आते थे और उनके पिता का नाम जहांगीर फरदून था। वायरल तस्वीर में ये दोनों ही शख्स नहीं हैं।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट