Fact Check: CM नहीं बनाए जाने पर शिवराज सिंह चौहान के रोने का दावा FAKE, दत्तक बेटी के निधन पर रोए थे

मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने की वजह से शिवराज सिंह चौहान के रोने के दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो क्लिप पुराना है, जब उनकी गोद ली हुई बेटी का निधन हो गया था। इसी पुरानी घटना के वीडियो को हालिया संदर्भ में सियासी दुष्प्रचार की मंशा के साथ शेयर किया जा रहा है।

Fact Check: CM नहीं बनाए जाने पर शिवराज सिंह चौहान के रोने का दावा FAKE, दत्तक बेटी के निधन पर रोए थे

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने राज्य में मोहन यादव को नया मुख्यमंत्री बनाए जाने की घोषणा की है।इसी संदर्भ में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो क्लिप में राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भावुक स्थिति में देखा जा सकता है। दावा किया जा रहा है कि पार्टी की तरफ से उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने के बाद वह भावुक हो गए।

विश्वास न्यूज की जांच में यह दावा गलत और राजनीतिक दुष्प्रचार साबित हुआ। वायरल हो रहा वीडियो क्लिप करीब चार साल पुरानी घटना का है, जब 18 जुलाई 2019 को शिवराज सिंह चौहान की गोद ली हुई बेटी भारती वर्मा का निधन हो गया था। इस दौरान चौहान झारखंड राज्य के दौरे पर थे और जब उन्हें यह सूचना मिली, तो वह विदिशा पहुंचे और गोद ली हुई बेटी का शव देखकर रो पड़े थे। इसी पुरानी घटना के वीडियो को मुख्यमंत्री की कुर्सी नहीं मिलने के गम में उनके रोने के गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘Fiza’ ने वायरल वीडियो क्लिप (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “Shivraj Singh Chauhan 💔🥲

This betrayal from Modi Shah is bigger than anything.

Its Bezzati of Madhya Pradesh.

Modi & Shah, you will also cry in 2024 after lost election in 2024

Such senior leader crying, truly i am feeling bad for him 😢

BJP kisi ki sagi nahi.”

https://twitter.com/hoorsheikh_fiza/status/1734220903310139824

कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो क्लिप को समान दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो क्लिप में न्यूज तक का लोगो लगा हुआ है। वीडियो के क्री-फ्रेम्स को रिवर्स इमेज सर्च करने पर ऑरिजिनल वीडियो न्यूज तक के वेरिफाइड यू-ट्यूब चैनल पर 19 जुलाई 2019 को अपलोड किया हुआ मिला, जिसमें तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के फफक-फफक कर रोने की घटना का जिक्र है।

दी गई जानकारी के मुताबिक, शिवराज सिंह उस वक्त अपने आप को संभाल नहीं पाए, जब उन्हें अपनी गोद ली हुई बेटी के शव को देखा, जिसकी शादी पिछले ही साल हुई थी।

कई अन्य न्यूज रिपोर्ट्स में भी यह वीडियो क्लिप समान संदर्भ के साथ मिला। इंडिया टुडे की 19 जुलाई 2019 की रिपोर्ट के मुताबिक, शिवराज सिंह चौहान की गोद ली हुई बेटी का निधन होने के बाद चौहान और उनकी पत्नी विदिशा में उसके अंतिम संस्कार में शामिल हुए। चौहान ने भारती वर्मा को गोद लिया था।

हमारी जांच से स्पष्ट है कि चौहान के रोने का वायरल वीडियो क्लिप हाल का नहीं, बल्कि करीब चार साल पुराना है, जिसे उन्हें सीएम का पद नहीं मिलने के मामले से जोड़कर गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

वायरल वीडियो क्लिप को लेकर हमने नईदुनिया डॉटकॉम के भोपाल स्थित प्रशांत पांडेय से संपर्क किया। उन्होंने पुष्टि करते हुए बताया कि यह बेहद पुरानी घटना का वीडियो है, जब वे गोद ली हुई बेटी के निधन की सूचना मिलने पर पर रो पड़े थे।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद भारतीय जनता पार्टी राज्य में एक बार फिर से सरकार बनाने जा रही है। राज्य के नए मुख्यमंत्री के तौर पर मोहन यादव ने शपथ ले ली है।

मुख्यमंत्री यादव के शपथ ग्रहण समारोह में अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी मौजूद रहे।

वायरल वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को एक्स पर करीब 14 हजार लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: मध्य प्रदेश का मुख्यमंत्री नहीं बनाए जाने की वजह से शिवराज सिंह चौहान के रोने के दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो क्लिप पुराना है, जब उनकी गोद ली हुई बेटी का निधन हो गया था। इसी पुरानी घटना के वीडियो को हालिया संदर्भ में सियासी दुष्प्रचार की मंशा के साथ शेयर किया जा रहा है।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट