Fact Check: इंडियन आइडल में बच्ची के कुरान की आयतों को गाने के दावे के साथ वायरल क्लिप एडिटेड है

भारतीय म्यूजिक शो इंडियन आइडल में एक छोटी बच्ची के कुरान की आयतों को गाने के दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो क्लिप एडिटेड है, जिसे कई अलग-अलग शो के भिन्न-भिन्न क्लिप्स को जोड़कर तैयार किया गया है।

Fact Check: इंडियन आइडल में बच्ची के कुरान की आयतों को गाने के दावे के साथ वायरल क्लिप एडिटेड है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो क्लिप को लेकर दावा किया जा रहा है कि यह भारतीय म्यूजिकल शो इंडियन आइडल का वीडियो क्लिप है, जिसमें एक छोटी बच्ची ने कुरान की आयतों को गाकर वहां मौजूद सभी दर्शकों और जूरी पैनल को मंत्रमुग्ध कर दिया।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। वायरल हो रहा वीडियो क्लिप इंडियन आइडल शो से संबंधित नहीं है, बल्कि यह कई अलग-अलग और असंबंधित शो के क्लिप्स को जोड़कर बनाया गया है।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘নিল আকাশ 02’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) क्लिप को शेयर करते हुए लिखा है, “Strange_Baby_Magically_Reads_Al-Qur_an_Melodiously_Surah_Ar-Rahman🥰.”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो क्लिप को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल पोस्ट में किए गए दावे के आधार पर सर्च करने पर हमें ऐसे कई वीडियो ‘Andri Sundaisme’ नाम के यू-ट्यूब चैनल पर अपलोड किया हुआ मिला। यहां ऐसे कई वीडियो को पैरोडी बताते हुए अपलोड किया गया है।

सर्च में यह वीडियो मिला, जिसे करीब तीन हफ्ते पहले अपलोड किया गया है। गौर से सुनने पर साफ हो जाता है कि मंच पर नजर आ रही छोटी बच्ची ने हाथ में माइक थाम रखा है, लेकिन वह कुछ गा नहीं रही है।

दी गई जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो पैरोडी है, जिसमें कुरान की आयतों को जोड़ा गया है।

वायरल क्लिप में भारतीय गायक (हिमेश रेशमिया व अन्य) और अभिनेत्री (नीतू कपूर) व अभिनेता सलमान खान को देखा जा सकता है। वीडियो की-फ्रेम्स को सर्च करने पर वह ऑरिजिनल वीडियो मिला, जिसमें इन्हें देखा जा सकता है।

नीतू कपूर, हिमेश रेशमिया, नेहा कक्कड़ की मौजूदगी वाला वीडियो क्लिप हमें सोनी इंडिया के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर मिला, जो इंडियन आइडल सीजन 12 का है और संबंधित क्लिप दिवंगत अभिनेता ऋषि कपूर को श्रद्धांजलि दिए जाने से संबंधित है।

वहीं, सलमान की मौजूदगी वाला वायरल क्लिप अन्य शो दस का दम के सीजन 3 से संबंधित है।

हमारी जांच से स्पष्ट है कि वायरल क्लिप इंडियन आइडल सीजन से संबंधित नहीं है, बल्कि कई अन्य अलग-अलग शो के वीडियो को एडिट कर बनाया गया है। वायरल वीडियो क्लिप को लेकर हमने वरिष्ठ एंटरटेनमेंट जर्नलिस्ट पराग छापेकर से संपर्क किया। उन्होंने बताया कि यह वीडियो वास्तव में एडिटेड क्लिप है।

कुछ दिनों पहले बॉलीवुड अभिनेत्री काजोल और रश्मिका मंदाना का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसे हमने अपनी जांच में डीप फेक वीडियो पाया था। दोनों ही वायरल वीडियो की फैक्ट चेक रिपोर्ट्स को यहां और यहां देखा जा सकता है।

वायरल वीडियो को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब एक हजार से अधिक लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: भारतीय म्यूजिक शो इंडियन आइडल में एक छोटी बच्ची के कुरान की आयतों को गाने के दावे के साथ वायरल हो रहा वीडियो क्लिप एडिटेड है, जिसे कई अलग-अलग शो के भिन्न-भिन्न क्लिप्स को जोड़कर तैयार किया गया है।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट