X
X

Fact Check: 50+15=73 बताने के दावे के साथ वायरल हो रहा राहुल गांधी का वीडियो क्लिप फेक और ऑल्टर्ड है

50+15=73 बताने के दावे के साथ वायरल हो रहा राहुल गांधी का वीडियो क्लिप फेक और ऑल्टर्ड है। उन्होंने देश में ओबीसी, दलित  और आदिवासियों की आबादी के संदर्भ में 50+15+8=73 का जिक्र किया था, लेकिन वायरल क्लिप में से उनके आठ परसेंट वाले बयान के हिस्से को हटा दिया है।

  • By: Abhishek Parashar
  • Published: Feb 13, 2024 at 04:35 PM
  • Updated: Feb 14, 2024 at 02:32 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। राहुल गांधी इन दिनों “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” पर हैं और इस बीच सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि उन्होंने अपने एक सार्वजनिक संबोधन के दौरान कहा कि “50+15=73” होता है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इसे फेक पाया और इस दावे के साथ वायरल हो रहा क्लिप वास्तव में ऑल्टर्ड क्पिल है, जिसे एडिट कर दुष्प्रचार की मंशा से शेयर किया जा रहा है। मूल संबोधन में उन्होंने देश में ओबीसी, दलितों और आदिवासियों की आबादी का जिक्र करते हुए उसे क्रमश: 50, 15 और आठ प्रतिशत बताया था और इसे जोड़ते उन्हें कुल आबादी का 73%  बताया था। हालांकि, वायरल क्लिप में आठ प्रतिशत वाले बयान को एडिट कर हटा दिया गया है, जिससे ऐसा लग रहा है कि राहुल गांधी ने अपने भाषण के दौरान गणित की सामान्य गलती कर दी।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘Amit Ranjan’ ने वायरल वीडियो क्लिप (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए लिखा है, “कॉमेडी रुकनी नहीं चाहिए..50 + 15 = 73 महान गणितज्ञ।”

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो क्लिप को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।

https://twitter.com/AkkhaPandit/status/1756167058457305170

पड़ताल

वायरल वीडियो क्लिप 21 सेकेंड का है, जिसमें राहुल गांधी को कहते हुए सुना जा सकता है, “……कितने हुए…..बताओ 50, 15….कितना हुआ 73, सेवेंटी थ्री।”

वीडियो क्लिप को सुनकर यह स्पष्ट हो जाता है कि यह आधा-अधूरा क्लिप है, जिसे उसके संदर्भ से अलग कर शेयर किया जा रहा है। चुनावों के दौरान यह दुष्प्रचार का सर्वाधिक प्रचलित तरीका है, जिसमें  नेताओं के भाषण के एडिटेड या ऑल्टर्ड क्लिप को शेयर कर भ्रम फैलाने की कोशिश की जाती है।

वायरल वीडियो क्लिप के आधार पर सोशल मीडिया सर्च में हमें कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल पर राहुल गांधी के भाषण का ऑरिजिनल क्लिप मिला, जिसे सुनकर वायरल क्लिप का संदर्भ स्पष्ट हो जाता है।

आठ फरवरी 2024 को ओडिशा की एक जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल ने एक प्रसंग का जिक्र करते हुए कहा था-  मुझसे एक पत्रकार ने पूछा, “राहुल जी, आप जाति जनगणना और हक की बात कर रहे हैं, तो क्या इससे देश नहीं बंट रहा है?” मैंने जवाब में उनसे पूछा, “मीडिया में, कितने अखबारों के मालिक पिछड़े, दलित,आदिवासी वर्ग से हैं?- वह चुप हो गया। मैंने कहा कि देश में करीब 50% OBC, 15% दलित, 8% आदिवासी हैं। ये कुल 73% हुआ। यानी आप 73% लोगों को कुछ नहीं दे रहे हैं, तो भारत कैसे जुड़ सकता है?”

कांग्रेस के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर हमें उनके इस संबोधन का फुल वीडियो मिला। (17 मिनट 30 सेकेंड के फ्रेम में) राहुल गांधी कहते हैं, “……कल ओडिशा में मेरा प्रेस कॉन्फ्रेंस हुआ…और एक पत्रकार ने मेरे से पूछा, राहुल जी आप जाति जनगणना की बात कर रहे हो, आप हर भाषण में कह रहे हो कि पिछड़ों को हक मिलना चाहिए…दलितों को हक मिलना चाहिए…आदिवासियों को हक मिलना चाहिए…क्या इससे देश नहीं बंट रहा है?”

इसके बाद राहुल देश में आबादी और हिस्सेदारी से संबंधित अपनी बात रखते हुए कहते हैं, “…मैंने कहा कि 50 परसेंट कम से कम पिछड़े वर्ग के लोग हैं…किसी को मालूम नहीं, क्योंकि जो आंकड़ें हमने 2011 में निकाले थे, वह नरेंद्र मोदी ने पब्लिक नहीं किए। मगर कहा जाता है कि 50 से 55 परसेंट पिछड़े वर्ग के लोग हैं। 15 परसेंट दलित हैं, 8 परसेंट आदिवासी हैं। कितने हुए? बताओ 50, 15 और आठ कितना हुआ? 73…सेवेंटी थ्री।”

लेकिन वायरल वीडियो क्लिप में इस आठ फीसदी वाले हिस्से को एडिट कर हटा दिया गया है, जिससे वायरल क्लिप का मतलब बदल जा रहा है।

वायरल वीडियो क्लिप को लेकर हमने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी संपर्क किया। उन्होंने कहा, “यह फेक है। राहुल गांधी लगातार अपने भाषणों में सामाजिक न्याय की बात करते रहे हैं और यह भी उनके उसी भाषण का हिस्सा है, जिसमें उन्होंने सामाजिक न्याय की बात की थी।”

गौरतलब है कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ फिलहाल छत्तीसगढ़ से गुजर रही है। इस यात्रा की शुरुआत मणिपुर से हुई थी, जिसका समापन मुंबई में होगा। वायरल वीडियो क्लिप को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल से विचारधारा विशेष से प्रेरित कंटेंट को शेयर किया जाता है।

निष्कर्ष: 50+15=73 बताने के दावे के साथ वायरल हो रहा राहुल गांधी का वीडियो क्लिप फेक और ऑल्टर्ड है। उन्होंने देश में ओबीसी, दलित  और आदिवासियों की आबादी के संदर्भ में 50+15+8=73 का जिक्र किया था, लेकिन वायरल क्लिप में से उनके आठ परसेंट वाले बयान के हिस्से को हटा दिया है।

  • Claim Review : राहुल गांधी ने बताया 50+15=73
  • Claimed By : FB User-Amit Ranjan
  • Fact Check : झूठ
झूठ
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later