Fact Check: मैक्सिको में मगरमच्छ द्वारा किए गए हमले के वीडियो को मध्य प्रदेश का बताकर किया जा रहा शेयर

विश्वास न्यूज की पड़ताल में मगरमच्छ के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत निकला। वायरल वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। वायरल वीडियो मैक्सिको का है, जिसे भारत से जोड़कर गलत संदर्भ में शेयर किया जा रहा है।

Fact Check: मैक्सिको में मगरमच्छ द्वारा किए गए हमले के वीडियो को मध्य प्रदेश का बताकर किया जा रहा शेयर

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर मगरमच्छ का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसे शेयर कर दावा किया जा रहा है कि मध्य प्रदेश के गांधी सागर बांध में मगरमच्छ ने एक शख्स पर हमला कर उसे मार डाला। विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा गलत निकला। वायरल वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। वायरल वीडियो मैक्सिको का है, जिसे भारत से जोड़कर गलत संदर्भ में शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट में ?

ट्विटर यूजर ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “ब्रेकिंग न्यूज़ पैर फिसलने से पानी में गिरा युवक मगरमच्छ ने किया हमला युवक की मौत..गांधी सागर डैम में पिकनिक मनाने गए युवकों में से एक युवक डैम की दीवार पर खड़ा होकर देख रहा था उसका पैर अचानक पैर फिसलने से युवक पानी में गिरा पानी में मगरमच्छ ने युवक पर किया हमला जिससे उसकी मृत्यु।”

 पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखा जा सकता है।

पड़ताल

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम्स निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज की सहायता से सर्च किया। इस दौरान हमें दावे से जुड़ी एक वीडियो रिपोर्ट Ikko News नामक एक यूट्यूब चैनल पर मिली। रिपोर्ट को यूट्यूब पर 20 अगस्त 2022 को अपलोड किया गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, यह वीडियो पूर्वोत्तर मैक्सिको के टमौलीपास राज्य का है।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स से सर्च करना शुरू किया। इस दौरान हमें वायरल दावे से जुड़ी कई न्यूज रिपोर्ट्स मिली। मैक्सिकन न्यूज डेली में 22 अगस्त 2022 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, टमौलीपास के अधिकारियों ने लोगों को न तैरने की चेतावनी दी थी, इसको नजरअंदाज कर एक शख्स तैरने चला गया। जिसके कारण वो हादसे का शिकार हो गया। अन्य न्यूज रिपोर्ट्स को यहां पर पढ़ा जा सकता है।

जांच के दौरान हमें यह वीडियो मैक्सिको के कई पत्रकारों के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर भी अपलोड मिला।

अधिक जानकारी के लिए हमने नईदुनिया डिजिटल के प्रभारी अरविंद दुबे से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। यह वीडियो मध्य प्रदेश का नहीं है। हमने इस वीडियो के बारे में अधिक जानकारी के लिए मैक्सिको के पत्रकार से संपर्क किया है। जवाब आने पर रिपोर्ट को अपडेट किया जाएगा।

पड़ताल के अंत में विश्वास न्यू्ज ने फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर Salim Bailim की सोशल स्कैनिंग की। स्कैनिंग से हमें पता चला कि ट्विटर पर यूजर को 661 लोग फॉलो करते हैं। प्रोफाइल पर दी गई जानकारी के मुताबिक, यूजर दिसंबर 2017 से सक्रिय है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में मगरमच्छ के वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत निकला। वायरल वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है। वायरल वीडियो मैक्सिको का है, जिसे भारत से जोड़कर गलत संदर्भ में शेयर किया जा रहा है।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट