X
X

Fact Check: त​मिलनाडु में उत्तर भारतीयों पर हमले के नाम से राजस्थान, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के वीडियो वायरल, पुलिस ने बताया अफवाह

राजस्थान, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के वीडियो को तमिलनाडु के नाम पर वायरल कर गलत दावा किया जा रहा है। वहीं, एक वीडियो तमिलनाडु के कोयंबटूर में हुई गैंगवार का है। उसमें स्थानीय निवासियों पर ही हमला किया गया था। ​तमिलनाडु पुलिस ने भी इन दावों को अफवाह बताया है।

Tamil Nadu, Bihar,

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। तमिलनाडु में हिंदी भाषियों पर हिंसा के आरोप के साथ सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो वायरल हो रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स इन्हें शेयर कर दावा कर रहे हैं कि तमिलनाडु में हिंदी भाषियों पर लगातार जानलेवा हमले हो रहे हैं। विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि ये वायरल वीडियो राजस्थान, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के हैं। इनका तमिलनाडु से कोई संबंध नहीं है। जबकि एक वीडियो कोयंबटूर में हुई गैंगवार का है, जिसमें स्थानीय निवासियों पर हमला हुआ था। तमिलनाडु पुलिस ने भी इन वीडियो को फर्जी बताते हुए दावों को अफवाह बताया है।

क्या है वायरल पोस्ट

ट्विटर यूजर Patna Live News Network (आ​र्काइव लिंक) ने 2 मार्च को वीडियो ट्वीट किया है। इसमें कुछ लोगों को दिनदहाड़े सड़क पर दूसरे व्यक्ति पर चाकू से वार करते हुए देखा जा सकता है। पोस्ट के साथ में लिखा है,

Viral Video | #TamilNadu में हिंदी भाषियों पर लगातार हो रहे कातिलाना हमले,लगातार होते खुरेजी पर मौन तमाम हिंदी बेल्ट की सरकारे व केंद्र सरकार

https://twitter.com/live_patna/status/1631206554191167489

ब्लू टिक यूजर मोहम्मद तनवीर (आ​र्काइव लिंक) के ट्विटर अकाउंट से भी कुछ वीडियो पोस्ट करते हुए तमिलनाडु में उत्तर भारतीयों पर हमले का दावा किया गया। इसमें एक वीडियो में रोड पर दिनदहाड़े कुछ लोग एक युवक पर हमला करते दिख रहे हैं। हमला करने के बाद युवक वापस लौट जाते हैं। वीडियो में कई ​दुकानों और वाहनों को भी देखा जा सकता है। वहीं, दूसरे वीडियो में खून से लथपथ बैठे युवक के पास भीड़ खड़ी है।

विश्वास न्यूज के टिपलाइन नंबर +91 95992 99372 पर भी हमें वीडियो भेजा गया। इसमें सड़क पर कुछ युवक एक व्यक्ति पर हमला करते दिख रहे हैं। सड़क पर चलते वाहन से वीडियो को बनाया गया है।

ट्विटर यूजर जय प्रकाश गुप्ता (आ​र्काइव लिंक) ने एक खबर का स्क्रीनशॉट किया है। खबर में लिखा है कि तमिलनाडु में हिंदी भाषी मजदूरों पर जानलेवा हमले किए जा रहे हैं। इसमें एक युवक पर हमला करते हुए तस्वीर भी दी हुई है। फोटो में जींस और शर्ट पहने एक शख्स जमीन पर गिरे व्यक्ति पर हमला कर रहा है।

https://twitter.com/Jayprak09130050/status/1631258903295164416

पड़ताल

वायरल दावों की पड़ताल हमने एक-एक करके की।

दावा 1

पहले दावे की पड़ताल के लिए हमने गूगल के इनविड टूल से इसका कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल रिवर्स इमेज से मदद से सर्च किया। 13 दिन पहले दैनिक भास्कर में इससे संबंधित खबर छपी है। इसमें वायरल वीडियो को भी देखा जा सकता है। खबर के मुताबिक, मामला राजस्थान के जोधपुर का है। वकील जुगराज चौहान की हत्या का एक और वीडियो सामने आया है। मामला आपसी रंजिश का है। जटिया कॉलोनी के रहने वाले चचेरे भाइयों अनिल और मुकेश ने जुगराज चौहान पर चाकू और पत्थर से हमला कर दिया था। इस मामले में पुलिस अब तीन आरोपियों को पकड़ चुकी है। मतलब इस वीडियो का तमिलनाडु से कोई संबंध नहीं है।

इस बारे में जोधपुर के स्थानीय पत्रकार रंजन दवे का कहना है कि वायरल वीडियो तमिलनाडु का नहीं, बल्कि राजस्थान के जोधपुर का है। यह वकील जुगराज के मर्डर का मामला है।

इससे पहले यह वीडियो सांप्रदायिक एंगल से वायरल हुआ था। विश्वास न्यूज की फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

इससे पता चलता है कि राजस्थान के जोधपुर में वकील की हत्या के वीडियो को तमिलनाडु के नाम पर वायरल किया जा रहा है।

दावा 2

मोहम्मद तनवीर द्वारा ट्वीट किए गए पहले वीडियो की जांच के लिए हमने उसमें से एक कीफ्रेम निकालकर गूगल रिवर्स इमेज की मदद से सर्च किया। सिम्प्लिसिटी वेबसाइट पर 14 फरवरी को इस बारे में खबर छपी है। इसमें वायरल वीडियो के कुछ कीफ्रेम्स को देखा जा सकता है। खबर के मुताबिक, मामला तमिलनाडु के कोयंबटूर का है। पुलिस ने दिनदहाड़े एक व्यक्ति की हत्या के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपी जिला अदालत परिसर में एक व्यक्ति की निर्मम हत्या में शामिल थे। पुलिस का कहना है कि कोयंबटूर निवासी गोकुल और मनोज कई अपराधों में शामिल थे। 13 फरवरी को दोनों सुनवाई के लिए कोयंबटूर कोर्ट गए थे। कोर्ट के पास गली में चार लोगों ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इसमें गोकुल की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि मनोज को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

13 फरवरी को दि हिंदू में छपी खबर में लिखा है कि मामला गैंगवार का है। गोपालपुरम में कोर्ट कॉम्प्लेक्स के पास एक युवक की हत्या कर दी गई है। युवक का नाम जी. गोपाल निवासी कवुंदमपलयम था। वह 2021 में हुई एक हत्या में शामिल था। जब वह अपने साथी मनोज के साथ कोर्ट आया तो पांच लोगों के गैंग ने उस पर हमला कर दिया था। हमले में मनोज घायल हो गया। खबर में भी वायरल वीडियो के एक कीफ्रेम को देखा जा सकता है।

ट्विटर यूजर कार्तिक गोपीनाथ (आ​र्काइव लिंक) के ब्लू टिक अकाउंट से 14 फरवरी को इस हमले का एक वीडियो ट्वीट किया गया है।

https://twitter.com/karthikgnath/status/1625211580932841472

इसका मतलब है कि गली में युवक पर कुछ युवकों द्वारा हमला करने वाला वीडियो कोयंबटूर में हुई गैंगवार का है। इसमें स्थानीय युवकों पर ही हमला हुआ था। इसमें हत्या के आरोपी की मौत हो गई थी।

हालांकि, दूसरे वीडियो के बारे में हमें कोई जानकारी नहीं मिली, इसलिए हम इसकी पुष्टि नहीं करते हैं।

दावा 3

इसके बाद हमने विश्वास न्यूज के टिपलाइन नंबर पर मिले वीडियो की पड़ताल की। इसमें से एक कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल रिवर्स इमेज से सर्च किया। इस बारे में 23 जनवरी को द साउथ फर्स्ट में खबर छपी है। खबर में वीडियो के कीफ्रेम का इस्तेमाल किया गया है। इसमें वायरल वीडियो भी अपलोड है। खबर के अनुसार, मामला हैदराबाद का है। 22 जनवरी को हैदराबाद के जियागुड़ा में 100 फीट रोड पर 29 वर्षीय जंगम साईनाथ की दिनदहाड़े हत्या हुई थी। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों की पहचान आकाश, साई (उर्फ टिल्लू) और संदीप के रूप में की है।

हमारी पड़ताल में पता चला कि यह वीडियो भी तमिलनाडु का नहीं है। हैदराबाद में हुई हत्या के वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

दावा 4

ट्विटर यूजर युवराज सिंह राजपूत (आर्काइव लिंक) ने इसका वीडियो पोस्ट किया है। वीडियो में तस्वीर में दिख रहे हमलावर को देखा जा सकता है।

https://twitter.com/yuvrajS90011068/status/1631176076822216705

इसकी पड़ताल के लिए हमने कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल रिर्वस इमेज से सर्च किया। इससे संबंधित खबर हमें डीजे कॉम यूट्यूब चैनल पर मिली। 9 अगस्त 2021 को अपलोड वीडियो में कन्नड़ भाषा में जानकारी दी गई है कि मामला कर्नाटक के हावेरी का है।

कीवर्ड से सर्च करने पर हमें 11 अगस्त 2021 को टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी खबर का लिंक मिला। इसके अनुसार, कर्नाटक के हावेरी जिले के सवानूर में मडगांव के कुख्यात अपराधी अनवर शेख उर्फ ​​टाइगर अनवर की नृशंस हत्या कर दी गई थी। चार हमलावरों ने दिनदहाड़े सड़क पर शेख की हत्या कर दी थी।

इससे पहले यह वीडियो भी सांप्रदायिक रंग के फर्जी दावे के साथ वायरल हो चुका है। विश्वास न्यूज की पड़ताल को यहां पढ़ा जा सकता है।

यह वीडियो भी तमिलनाडु से संबंधित नहीं है। यह कर्नाटक के अपराधी की हत्या का मामला है।

2 मार्च को तमिलनाडु पुलिस की ओर से ट्वीट कर कहा गया है कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई जा रही है कि तमिलनाडु में हिंदी भाषी और उत्तर भारतीय लोगों पर हमले किए जा रहे हैं। बिना पड़ताल किए गए सामग्री को पोस्ट किया जा रहा है। इन अफवाहों पर ध्यान मत दें।

तमिलनाडु पुलिस के डीजीपी की तरफ से भी वीडियो जारी करते हुए मोहम्मद तनवीर की पोस्ट का जवाब दिया गया। रिप्लाई में दोनों वीडियो को कोयंबटूर और त्रिपुर का बताया है। दोनों को ही फर्जी बताया गया है। यह तमिलनाडु और ​प्रवासी लोगों का संघर्ष नहीं था।

इससे पहले तमिलनाडु से जोड़ते हुए दैनिक जागरण के नाम से न्यूजपेपर की फर्जी कटिंग भी शेयर की गई थी। इस सिलसिले में विश्वास न्यूज की पड़ताल को यहां पढ़ा जा सकता है। विश्वास न्यूज से बातचीत में डीजीपी ऑफिस की तरफ से कहा गया, “संबंधित मामले में पहले ही डीजीपी की तरफ से बयान जारी किया जा चुका है और राज्य में हिंदी भाषी प्रवासी मजदूर सुरक्षित हैं।”

कर्नाटक के मामले को तमिलनाडु का बताकर पोस्ट करने वाले ट्विटर यूजर ‘जय प्रकाश गुप्ता’ की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। बायो के मुताबिक, वह झारखंड के रहने वाले हैं और जनवरी 2020 से ट्विटर पर सक्रिय हैं।

निष्कर्ष: राजस्थान, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के वीडियो को तमिलनाडु के नाम पर वायरल कर गलत दावा किया जा रहा है। वहीं, एक वीडियो तमिलनाडु के कोयंबटूर में हुई गैंगवार का है। उसमें स्थानीय निवासियों पर ही हमला किया गया था। ​तमिलनाडु पुलिस ने भी इन दावों को अफवाह बताया है।

  • Claim Review : यह तस्वीर तमिलनाडु में हिंदी भाषी मजदूरों पर हुए जानलेवा हमले की है।
  • Claimed By : Twitter User- जय प्रकाश गुप्ता
  • Fact Check : झूठ
झूठ
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later