Fact Check: आकाश से निकलता विशालकाय चांद का ये वीडियो एडिटेड है

विश्वास न्यूज की पड़ताल में सूरज को छुपाता चांद के वीडियो को लेकर किया जा रहा वायरल दावा फर्जी निकला। वीडियो को कंप्यूटर ग्राफ़िक्स द्वारा तैयार किया गया है।

Fact Check: आकाश से निकलता विशालकाय चांद का ये वीडियो एडिटेड है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक बड़े चंद्रमा को निकलते हुए और इसे कुछ ही सेकंड में सूर्य को ढंकते हुए देखा जा सकता है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो कनाडा अलास्का रूस की सरहद के बीच आर्कटिक सर्कल के अंदर शूट किया गया है। इस घटना को साल में केवल एक बार 36 सेकंड के लिए देखा जा सकता है। इस दौरान 5 सेकंड के लिए पूर्ण सूर्यग्रहण होता है और सारी तरफ अंधेरा छा जाता है। विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा गलत निकला। वीडियो को कंप्यूटर ग्राफ़िक्स द्वारा तैयार किया है।

क्या है वायरल पोस्ट में

फेसबुक यूजर Khushkarn Gill ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है, “यह वीडियो कनाडा अलास्का रूस सीमा के बीच आर्कटिक सर्कल के अंदर शूट किया गया था। यह केवल कुछ सेकंड रहता है, पर इस  शानदार दृश्य की प्रशंसा करनी बनती है। इस घटना को साल में एक बार 36 सेकंड तक देखा जा सकता है। चंद्रमा अपने वैभव में प्रकट होता है और फिर गायब हो जाता है। यह इतना करीब होता है कि ऐसा लगता है कि यह पृथ्वी से टकराएगा। इसके तुरंत बाद 5 सेकंड के लिए पूर्ण सूर्य ग्रहण और अंधेरा होता है। यह घटना केवल पेरिजी (वह बिंदु जहां चंद्रमा पृथ्वी के सबसे निकट है) पर होती है। यह वह जगह है जहां हम अपने ग्रह की गति का एहसास करते हैं।

इस पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां क्लिक कर देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर कई अन्य यूजर्स इसे मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर कर रहे हैं।

पड़ताल

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए विश्वास न्यूज़ ने वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट निकाला और स्क्रीनशॉट को गूगल इमेज के जरिए सर्च किया। हमें https://nftb.io/ नाम की वेबसाइट पर 20 फरवरी 2022 को असली वीडियो मिला। https://nftb.io/ एनिमेशन बनाने वाली वेबसाइट है। वीडियो के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक, इस वीडियो को एडिटिंग के माहिर कलाकार Aleksey Patrev ने बनाया है।

सर्च में हमें Aleksey Patrev के यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो मिला। पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने Aleksey Patrev के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट का cashes वर्जन चेक करना शुरू किया। इस दौरान हमें वायरल दावे से जुड़ा एक ट्वीट 30 मई को प्राप्त हुआ। ट्वीट में Aleksey Patrev ने वायरल वीडियो को ग्राफिक के द्वारा तैयार किया हुआ बताया है।

“seekersofthecosmos ” नाम के इंस्टाग्राम पेज ने भी इस वीडियो को शेयर करते हुए वीडियो को बनाने का क्रेडिट एलेक्सी को दिया है। Aleksey Patrev के सोशल मीडिया अकाउंट्स पर दी गई जानकारी के मुताबिक, सीजी आर्टिस्ट हैं, जो कि इस तरह के डिजिटल आर्ट्स बनाते हैं और वो यूक्रेन के रहने वाले हैं। कई एनिमेशन बनाने वाली वेबसाइट पर Aleksey Patrev के आर्ट्स मौजूद हैं।

विश्वास न्यूज़ ने इसी तरह की पोस्ट का फैक्ट चेक पहले भी किया था। उस फैक्ट चेक को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें।

अधिक जानकारी के लिए हमने Aleksey Patrev से मेल के जरिए संपर्क किया है। मेल का रिप्लाई करते हुए Aleksey Patrev ने बताया, वायरल दावा फर्जी है। ये वीडियो कंप्यूटर ग्राफ़िक्स का इस्तेमाल करके बनाया गया है।

पड़ताल के अंत में पोस्ट को वायरल करने वाले यूजर की जांच की गई। यूजर की सोशल स्कैनिंग में पता चला कि यूजर पंजाब के मुक्तसर का रहने वाला है। फेसबुक पर यूजर को 15 लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में सूरज को छुपाता चांद के वीडियो को लेकर किया जा रहा वायरल दावा फर्जी निकला। वीडियो को कंप्यूटर ग्राफ़िक्स द्वारा तैयार किया गया है।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट