Fact Check: गरबा करते रेल यात्रियों का ये वीडियो जालंधर स्टेशन का है, गुजरात का नहीं

प्लेटफॉर्म पर गरबा करते यात्रियों का यह वायरल वीडियो गुजरात नहीं, बल्कि जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का है। किसानों के रेल रोको आंदोलन के दौरान जब कटरा जा रही ट्रेन जालंधर कैंट स्टेशन पर रोकी गई, तो गुजरात के यात्रियों ने टाइमपास के लिए गरबा किया।

Fact Check: गरबा करते रेल यात्रियों का ये वीडियो जालंधर स्टेशन का है, गुजरात का नहीं

विश्वास न्यूज (नई दिल्ली)। सोशल मीडिया पर गरबा करते कुछ रेल यात्रियों का एक वीडियो वायरल हो रहा है। एक वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो रेल रोको आंदोलन के दौरान गुजरात का है।

विश्वास न्यूज की पड़ताल में ये दावा भ्रामक निकला है। ये दावा सही है कि ये वीडियो 18 फरवरी 2021 को किसान प्रदर्शनकारियों के रेल रोको आंदोलन के दौरान का है, लेकिन गरबा गुजरात में नहीं, बल्कि जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर किया गया। यात्री गुजरात से कटरा जा रहे थे और जब जालंधर में ट्रेन रोकी गई तो उन्होंने अपना समय काटने के लिए गरबा किया।

क्या हो रहा है वायरल

Vijay Patel नाम के एक ट्विटर हैंडल ने वायरल वीडियो को ट्वीट करते हुए लिखा है, ‘कॉमरेड और कांग्रेस के रेल रोको आंदोलन के दौरान गुजरात में गरबा खेलते लोग। हम गुजराती कहीं भी गरबा खेल सकते हैं।’ इस पोस्ट के आर्काइव्ड वर्जन को यहां क्लिक कर देख सकते हैं।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने सबसे पहले इस वायरल वीडियो को गौर से देखा। इस वीडियो में न्यूज 18 का लोगो लगा हुआ है। इस वीडियो को गुजरात का बताकर ट्वीट करने वाले यूजर ने न्यूज 18 गुजराती ट्विटर हैंडल को टैग भी कर रखा है। इस जानकारी के आधार पर हमने जरूरी कीवर्ड्स की मदद से इस वीडियो को इंटरनेट पर सर्च किया। हमें न्यूज 18 उर्दू के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर ये वायरल वीडियो मिला। इसे 18 फरवरी 2021 को अपलोड किया गया है। अंग्रेजी और उर्दू में लिखे शीर्षक में बताया गया है कि ये वीडियो जालंधर रेलवे स्टेशन का है। वीडियो के डिस्क्रिप्शन में बताया गया है कि किसानों ने 18 फरवरी को रेल रोको आंदोलन किया था, जिसके तहत 12 बजे दोपहर से शाम 4 बजे तक रेल रोकने का आह्वान किया गया था। इसी बीच जालंधर में जब ट्रेन रुकी तो गुजराती यात्रियों ने गरबा खेला। इस वीडियो को यहां नीचे देखा जा सकता है।

हमें न्यूज 18 गुजराती के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर भी ये वीडियो मिला। 18 फरवरी 2021 को इस हैंडल से वीडियो को ट्वीट करते हुए गुजराती में कुछ टेक्स्ट लिखा गया है। गूगल ट्रांसलेशन से इसका गुजराती से हिंदी अनुवाद- ‘किसानों का ‘रेल रोको’ आंदोलन: जालंधर रेलवे स्टेशन पर गुजराती यात्री गरबा!’ के रूप में कर रहा है। इस ट्वीट को यहां नीचे देखा जा सकता है।

विश्वास न्यूज ने इस वायरल दावे की आगे की पड़ताल के लिए हमारे सहयोगी पंजाबी जागरण के जालंधर डिस्ट्रिक्ट इंचार्ज जतिंदर पम्मी से संपर्क किया। उन्होंने भी पुष्टि करते हुए बताया कि ये वीडियो जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का है। उनके मुताबिक, किसानों ने जामनगर से कटरा जाने वाली ट्रेन को रोका था। ऐसे में गुजरात से कटरा जा रहे यात्रियों ने टाइमपास के लिए प्लेटफॉर्म पर गरबा खेला।

विश्वास न्यूज ने इस वायरल दावे को शेयर करने वाले ट्विटर यूजर Vijay Patel की प्रोफाइल को स्कैन किया। यूजर गुजरात के रहने वाले हैं और फैक्ट चेक किए जाने तक इस प्रोफाइल के 26 हजार से अधिक फॉलोअर्स थे।

निष्कर्ष: प्लेटफॉर्म पर गरबा करते यात्रियों का यह वायरल वीडियो गुजरात नहीं, बल्कि जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का है। किसानों के रेल रोको आंदोलन के दौरान जब कटरा जा रही ट्रेन जालंधर कैंट स्टेशन पर रोकी गई, तो गुजरात के यात्रियों ने टाइमपास के लिए गरबा किया।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट