Fact Check : अंबानी परिवार का एविएटर ऐप का प्रमोशन वाला यह वीडियो डीपफेक है

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि गेमिंग ऐप को प्रमोट करते अंबानी परिवार का यह वीडियो डीपफेक है। इस वीडियो को लोगों के साथ धोखाधड़ी करने के मकसद से डीपफेक ऐप के जरिए बनाया गया है।

Fact Check : अंबानी परिवार का एविएटर ऐप का प्रमोशन वाला यह वीडियो डीपफेक  है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर मुकेश अंबानी, अनंत अंबानी और नीता अंबानी का एक कथित वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में उन्हें एक एविएटर ऐप के जरिए पैसे कमाने के बारे में बताते हुए सुना जा सकता है।  पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि अंबानी परिवार एविएटर गेमिंग ऐप का प्रमोशन कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि एविएटर गेमिंग ऐप को प्रमोट करते अंबानी परिवार का यह वीडियो डीपफेक है। इस वीडियो को लोगों के साथ धोखाधड़ी करने के मकसद से डीपफेक टेक्नोलॉजी के जरिए बनाया गया है। टेक्नोलॉजी की मदद से इन लोगों की लिपसिंग और ऑडियो को बदल दिया गया है।  

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर IndWin7 – Casino ने 1 अगस्त 2024 को वायरल वीडियो को शेयर किया जिसमें मुकेश अंबानी, अनंत अंबानी, विराट कोहली और रितिक रोशन को एविएटर गेमिंग आप का प्रमोशन करते देखा जा सकता है, और कैप्शन में लिखा, “2 दिन में ₹7,00,000 आइए मैं बताता हूँ कैसे एक हफ्ते।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

फेसबुक यूजर Shellbey McElwee Ohm (Archive Link) ने एक और डीपफेक  वीडियो शेयर किया, जिसमें नीता अंबानी को इस एविएटर गेमिंग ऐप का प्रमोशन करते देखा जा सकता है।

पड़ताल

वायरल क्लेम्स में 5 अलग-अलग वीडियो हैं। हमने एक-एक करके इन सभी वीडियो को जांचने का फैसला किया।

पहला वीडियो

पहले वीडियो में मुकेश अंबानी को एविएटर ऐप का प्रमोशन करते देखा जा सकता है। हमने इस वीडियो के स्क्रीनशॉट्स  को गूगल लेंस पर सर्च किया तो हमें ऑरिजिनल वीडियो क्लिप 10वें वाइब्रेंट गुजरात सम्मेलन के वीडियो में मिली, जिसमें मुकेश अंबानी समेत कई दिग्गज उद्योगपतियों ने हिस्सा लिया था। अपने संबोधन में मुकेश अंबानी ने गुजरात में रिलायंस इंडस्ट्रीज के नए  निवेश का जिक्र करते हुए भविष्य में भी गुजरात में रिलायंस की तरफ से की जाने वाली निवेश प्रतिबद्धता का जिक्र किया था। अपने पूरे संबोधन में उन्होंने कहीं भी किसी गेमिंग ऐप की बात नहीं कही थी।

दूसरा वीडियो

दुसरे वीडियो में अनंत अंबानी को एविएटर ऐप का प्रमोशन करते देखा जा सकता है। वीडियो में ANI का माइक देखा जा सकता है। हमने कीवर्ड्स से ढूंढा तो हमें यह वीडियो कनक न्यूज के यूट्यूब चैनल पर 26 फरवरी 2024 को अपलोड मिला। यहाँ अनंत अंबानी का पूरा इंटरव्यू देखा जा सकता है। यह पूरी वार्ता जामनगर में बने वंतारा  को लेकर थी। अपने पूरे इंटरव्यू में उन्होंने कहीं भी किसी गेमिंग ऐप  या एविएटर ऐप की बात नहीं कही थी।

तीसरा वीडियो

तीसरे वीडियो में विराट कोहली को एविएटर ऐप का प्रमोशन करते देखा जा सकता है। स्क्रीनशॉट्स को गूगल लेंस पर सर्च करने पर हमें यह पूरा वीडियो Royal Challengers Bengaluru के यूट्यूब चैनल पर 21 अगस्त 2023 को अपलोड मिला। यह पूरा पॉडकास्ट क्रिकेट को लेकर था। पूरे पॉडकास्ट में उन्होंने कहीं भी किसी गेमिंग ऐप  या एविएटर ऐप की बात नहीं कही थी।

चौथा वीडियो

चौथे वीडियो में  रितिक रोशन को एविएटर ऐप का प्रमोशन करते देखा जा सकता है। स्क्रीनशॉट्स को गूगल लेंस पर सर्च करने पर हमें यह पूरा वीडियो Film Companion Studios के यूट्यूब चैनल पर 29 जनवरी 2024 को अपलोड मिला। पूरे वीडियो में कहीं भी  रितिक ने किसी गेमिंग ऐप  या एविएटर ऐप की बात नहीं कही थी।

पांचवां  वीडियो

पांचवें  वीडियो में नीता अंबानी को एविएटर ऐप का प्रमोशन करते देखा जा सकता है। हमें यह वीडियो CNBC-TV18 के यूट्यूब चैनल पर, 24 जून, 2024 को अपलोड मिला, जिसके साथ लिखा था, “रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और अध्यक्ष नीता अंबानी वाराणसी पहुँचीं। वीडियो में उन्होंने कहा, ‘आज मैं अनंत और राधिका की शादी का निमंत्रण लेकर आई हूँ, ताकि इसे भगवान को अर्पित कर सकूँ।’ पूरे वीडियो में कहीं भी उन्होंने किसी ऐप  की बात नहीं कही थी।

वीडियो को लेकर हमने हमारे पार्टनर डीएयू (एमसीए की पहल) से संपर्क किया। एक्सपर्ट्स ने एआई जांचने वाले टूल्स, हाइव मॉडरेशन और लोकस के ऑडियो पर इस वीडियो को चेक किया और टूल ने इस ऑडियो को सिंथेटिक बताया।  

हमने इस विषय में एआई विशेषज्ञ अंश मेहरा से भी बात की। उन्होंने भी इसे डीपफेक बताया।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर Shellbey McElwee Ohm के फेसबुक पर 200 से अधिक फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि गेमिंग ऐप को प्रमोट करते अंबानी परिवार का यह वीडियो डीपफेक है। इस वीडियो को लोगों के साथ धोखाधड़ी करने के मकसद से डीपफेक ऐप के जरिए बनाया गया है।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट