X
X

Fact Check: सूफी संत सकलैन मियां के जनाजे के वीडियो को मुख्तार अंसारी के जनाजे का बताकर फैलाया जा रहा है भ्रम

विश्वास न्यूज की जांच में यह दावा गलत निकला। हमारी पड़ताल में सामने आया कि यह वीडियो बरेली का है। वीडियो इस्लामिक स्कॉलर सकलैन मियां के जनाजे का है।

  • By: Pallavi Mishra
  • Published: Apr 1, 2024 at 05:58 PM
  • Updated: Apr 1, 2024 at 06:46 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। माफिया और पूर्व विधायक मुख्‍तार अंसारी को 30 मार्च को उनके पैतृक काली बाग कब्रिस्तान में भारी भीड़ के बीच दफनाया गया। पिछले दिनों उनकी मौत हो गई। अब एक वीडियो को उनके जनाजे का बताकर सोशल मीडिया पर काफी वायरल किया जा रहा है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स दावे को सच मानकर वायरल कर रहे हैं। 

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल वीडियो की जांच की। दावा गलत साबित हुआ। हमारी पड़ताल में पता चला कि वायरल वीडियो बरेली का है। वीडियो सूफी हजरत शाह सकलैन मियां के जनाजे का है। इसका मुख्‍तार अंसारी के जनाजे से कोई संबंध नहीं है। 

क्या है वायरल वीडियो में?

फेसबुक यूजर ‘Gs Qasmi’ ने वायरल वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा “मुख्तार अंसारी का जनाजा . . . #mukhtaaransari #viralviral #instagram #allah #viral today news #mukhtaaransari #insta #instagram #allah #viral today New Updet”

पड़ताल

वायरल पोस्ट की जांच करने के लिए हमने पोस्ट को ठीक से देखा। पोस्ट में कई लोगों ने कमेंट कर इसे इस्लामिक स्कॉलर सकलैन मियां के जनाजे का बताया था। हमने सर्च किया तो पाया कि सूफी हजरत शाह सकलैन मियां का इंतकाल अक्टूबर 2023 में बरेली में हुआ था।  ढूंढ़ने पर हमें उनके जनाजे का एक वीडियो यूट्यूब पर अपलोड मिला। द लीडर हिंदी नाम के यूट्यूब चैनल पर इस वीडियो को 22 अक्टूबर 2023 को अपलोड किया गया था। हमने इस वीडियो को गौर से देखा तो हमें वायरल वीडियो वाला दृश्य एक अलग एंगल से देखने को मिला। वायरल वीडियो में और सूफी हजरत शाह सकलैन मियां के जनाजे के वीडियो में समानता नीचे दिए गए कोलाज में देखी जा सकती है।

सूफी हजरत शाह सकलैन मियां के जनाजे के और भी कई वीडियो हमें मिले, जो वायरल वीडियो से मिलते-जुलते थे।

हमने इस विषय में हमज़ा नूर सकलैनी, मीडिया इंचार्ज, दरगाह हज़रत शाह शराफ़त अली मियां, से संपर्क साधा। उन्होंने कन्फर्म किया कि वीडियो सूफी हजरत शाह सकलैन मियां के जनाजे का ही है।  उन्होंने हमें बताया, “यह जनाजा विश्व प्रसिद्ध सूफी हजरत शाह सकलैन मियां हुजूर की दरगाह शाह शराफत मोहल्ला शाहबाद बरेली से है और इसमें दिख रहा गेट बरेली के इस्लामिया इंटर कॉलेज ग्राउंड का है। शाह सकलैन मियां हुजूर की जनाजे की नमाज इसी मैदान में हुई थी। वीडियो रविवार, 22 अक्टूबर 2023 का है।”

हमने गूगल मैप्स पर ढूंढा तो हमें बरेली के इस्लामिया इंटर कॉलेज की इस लोकेशन की कई तस्वीरें मिलीं, जो वायरल तस्वीर से  मैच खाती हैं।

आपको बता दें कि माफिया से नेता बने मुख्तार अंसारी की गुरुवार 28 मार्च को बांदा मेडिकल कॉलेज में कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई।  मुख्तार अंसारी को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शनिवार, ( 30 मार्च 2024) को गाजीपुर के काली बाग कब्रिस्तान में दफनाया गया। इस मामले में ज्यादा जनकारी के लिए जागरण की ये खबरें पढ़ी जा सकती है।

वायरल हो रहे वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर Gs Qasmi की प्रोफाइल को करीब सौ से अधिक लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की जांच में यह दावा गलत निकला। हमारी पड़ताल में सामने आया कि यह वीडियो बरेली का है। वीडियो इस्लामिक स्कॉलर सकलैन मियां के जनाजे का है।

  • Claim Review : मुख्तार अंसारी का जनाजा
  • Claimed By : फेसबुक यूजर ‘Gs Qasmi’
  • Fact Check : झूठ
झूठ
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later