Fact Check: कर्नाटक की जली हुई महिला के शव के वीडियो को उत्तर प्रदेश का बता कर किया जा रहा है वायरल

विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह दावा गलत निकला। वायरल हो रहा वीडियो उत्तर प्रदेश का नहीं, कर्नाटक का है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक महिला के अधजले शव को देखा जा सकता है। इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि यह उत्तर प्रदेश की घटना है। विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह दावा गलत निकला। वायरल हो रहा वीडियो उत्तर प्रदेश का नहीं, कर्नाटक का है।

क्या है वायरल पोस्ट में?

सोशल मीडिया यूजर ‘Shyampur’er Gorbo’ ने वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है, ”হে এটাই আমাদের তথাকথিত ভারত
এভাবে জ্বালিয়ে দেওয়া যায়? এটাই নারী স্বাধীনতা? উত্তর প্রদেশে এভাবেই চলছে বেটি নিধন! #KhotikarokModi” जिसका हिंदी अनुवाद होता है “यह हमारा तथाकथित भारत है। क्या यही है महिलाओं की आजादी? इसी तरह से उत्तर प्रदेश में बेटियों को मारा जा रहा है! #KhotikarokModi”

इस पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

इस वीडियो के वेरिफिकेशन के लिए हमने InVID टूल का सहारा लिया। इससे हमें वीडियो के महत्वपूर्ण कीफ्रेम्स मिल गए। अब हमने इन कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर डाला और सर्च किया। हमें saakshatv.com पर एक कन्नड़ भाषा में खबर मिली, जिसमें वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट को देखा जा सकता है। इस खबर की हेडलाइन थी (अनुवादित): ‘पेरियापटना: एक युवती को आग लगा दी गई।’ खबर के अनुसार, यह घटना कर्नाटक के मैसूर जिले के पेरियापटना ताल्लुक की है, जहां राह चलते लोगों को 8 नवंबर को एक महिला की अधजली लाश मिली थी।

कीवर्ड्स के साथ ढूंढ़ने पर हमें यह खबर इन्हीं डिटेल्स के साथ टाइम्स ऑफ़ इंडिया पर भी 9 नवंबर को अपलोडेड मिली। खबर के अनुसार, “रविवार की तड़के पेरियापटना पुलिस की सीमा के तहत केलूर गांव में एक महिला के शव को सड़क किनारे आग लगा दी गई। शव घुटने और सिर के बीच पूरी तरह से जला हुआ था। पुलिस को शक है कि पीड़िता की हत्या कहीं और की गई और उसे घटनास्थल पर लाकर जला दिया गया। यह पता नहीं चला है कि उसकी हत्या कहां, क्यों और किसने की थी।”

हमें इस घटना के सिलसिले में द हिन्दू पर एक अपडेट भी मिला। 18 नवंबर को फाइल की गयी इस खबर के अनुसार, “8 नवंबर को तड़के मैसूर के पेरियापटना में केलूर गांव के पास सड़क के किनारे एक महिला के शव की खोज में लगे रहस्य को मैसूर जिले की पुलिस ने सुलझा दिया है। पुलिस ने महिला के प्रेमी और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है।”

इस विषय में ज़्यदा पुष्टि के लिए हमने मैसूर जिले के पुलिस अधीक्षक सी.बी. रिष्यन्त से बात की। उन्होंने कहा, “यह घटना कर्नाटक की है, जहां मैसूर के पेरियापटना में केलूर गांव में अधजली यह लाश मिली थी। इस मामले में 2 लोगों को हिरासत में लिया गया है।”

इस पोस्ट को सोशल मीडिया पर कई लोग शेयर कर रहे हैं। इन्हीं में से एक है Shyampur’er Gorbo Mamata नाम का फेसबुक पेज। इस पेज के फेसबुक पर 12,953 फ़ॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह दावा गलत निकला। वायरल हो रहा वीडियो उत्तर प्रदेश का नहीं, कर्नाटक का है।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट