Fact Check: सोनिया गांधी की कुल संपत्ति करीब 12 करोड़ रुपये, एक खरब से ज्यादा होने का दावा FAKE और राजनीतिक दुष्प्रचार

31 जनवरी 2024 तक राजस्थान से राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी की कुल संपत्ति करीब 12 करोड़ 53 लाख रुपये हैं। डॉलर में देखें तो उनकी कुल संपत्ति 15 लाख डॉलर होती है, इसलिए वायरल पोस्ट में किया गया यह दावा फेक और राजनीतिक दुष्प्रचार है कि सोनिया गांधी की कुल संपत्ति दो अरब डॉलर से ज्यादा है।

Fact Check: सोनिया गांधी की कुल संपत्ति करीब 12 करोड़ रुपये, एक खरब से ज्यादा होने का दावा FAKE और राजनीतिक दुष्प्रचार

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। लोकसभा चुनाव के नतीजों के बाद सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि सोनिया गांधी की कुल संपत्ति दो अरब डॉलर से भी ज्यादा है। वायरल पोस्ट में यह कहा गया है कि सोनिया गांधी देश के 12 सर्वाधिक धनी नेताओं में शुमार हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया। हाल ही में सोनिया गांधी ने स्वास्थ्य और उम्र की वजह से लोकसभा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया था और इसके बाद वह राजस्थान से राज्यसभा का सांसद निर्वाचित हुई हैं। फरवरी 2024 में राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करते वक्त दिए गए हलफनामे के मुताबिक सोनिया गांधी की कुल संपत्ति 12.53 करोड़ रुपये है। पिछले पांच वर्षों के दौरान सोनिया गांधी की कुल संपत्ति में 72 लाख रुपये का इजाफा हुआ है।

वायरल पोस्ट  2013 में अमेरिकी वेबसाइट हफिंगटन पोस्ट की उस रिपोर्ट पर आधारित है, जिसमें 20 सर्वाधिक अमीर नेताओं की सूची में सोनिया गांधी का नाम शामिल था, जिसे बाद में उन्होंने गलती मानते हुए हटा लिया था।

क्या है वायरल?

विश्‍वास न्‍यूज के टिपलाइन नंबर +91 9599299372 पर यूजर्स ने इस दावे को भेजते हुए उसकी सच्चाई को बताने का अनुरोध किया है।

विश्वास न्यूज के टिपलाइन पर भेजा गया क्लेम।

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कई अन्य यूजर्स ने इसे समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

सोनिया गांधी 2004 से 2019 तक लगातार रायबरेली लोकसभा सीट से निर्वाचित होती रही हैं। न्यूज रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 में स्वास्थ्य कारणों की वजह से उन्होंने लोकसभा चुनाव न लड़ने का फैसला लिया और राजस्थान से राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल किया।

2024 में राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करते हुए सोनिया गांधी ने अपना हलफनामा दिया था, जिसके मुताबिक, उनकी कुल संपत्ति 12.53 करोड़ रुपये है, जिसमें  पिछले पांच सालों में 72 लाख की वृद्धि हुई है। साथ ही इटली में सोनिया गांधी की पैतृक संपत्ति है,जिसकी कीमत 26 लाख रुपये से अधिक है।

राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने के समय सोनिया गांधी की तरफ से जमा हलफनामे के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति करीब 12 करोड़ रुपये से अधिक है।

एडीआर की वेबसाइट मायनेता.इन्फो पर सोनिया गांधी की 2004, 2009, 2014, 2019 में दिए गए हलफनामे का जिक्र है। 2019 में उनकी कुल संपत्ति 11 करोड़ 82 लाख रुपये थी, जो 2024 में बढ़कर 12 करोड़ 53 लाख रुपये हो गई।

2004 से 2024 के बीच सोनिया गांधी की संपत्ति का विवरण। (Source-https://myneta.info/)

केंद्रीय निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर मौजूद आंकड़ों से इसकी पुष्टि होती है। दिए गए हलफनाम के मुताबिक, 31 मार्च 2024 तक सोनिया गांधी की कुल चल संपत्ति करीब छह करोड़ 38 लाख रुपये है, वहीं अचल संपत्ति करीब छह करोड़ 15 लाख रुपये है।

2024 में दिए गए हलफनामे के मुताबिक सोनिया गांधी की कुल चल संपत्ति करीब छह करोड़ 38 लाख है। (Source-SoniaGandhiForm26-2024)

डॉलर टर्म्स में देखें तो सोनिया गांधी की कुल संपत्ति करीब 15 लाख डॉलर होती है। यानी यह दावा गलत और राजनीतिक दुष्प्रचार है कि सोनिया गांधी की कुल संपत्ति दो अरब डॉलर से ज्यादा है।

2024 में दिए गए हलफनामे के मुताबिक सोनिया गांधी की कुल अचल संपत्ति करीब छह करोड़ 15 लाख है। (Source-SoniaGandhiForm26-2024)

वायरल दावे को लेकर हमने उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी से संपर्क किया। उन्होंने कहा कि यह सोनिया गांधी को लेकर फैलाया जा रहा राजनीतिक दुष्प्रचार है। उन्होंने कहा कि हाल ही में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करते वक्त उन्होंने शपथपत्र में अपने बारे में सभी जानकारी दी है, जिसमें उनकी कुल संपत्ति का विवरण शामिल है।

गौरतलब है कि 2002 में एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स बनाम यूनियन ऑफ इंडिया मामले में सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले को सही ठहराते हुए यह निर्णय दिया था कि संविधान के अनुच्छेद 19 (1) (a) के तहत मतदाताओं का यह मौलिक अधिकार है कि उन्हें प्रत्याशियों की आपराधिक पृष्ठभूमि और संपत्ति समेत अन्य सूचनाओं की जानकारी हो, जो लोकतंत्र के लिए जरूरी है।

cjp.org.in की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, इस आदेश के बाद  चुनाव आयोग ने प्रत्याशियों को संबंधित जानकारी के साथ हलफनामा दायर करने का निर्देश दिया था और रिप्रेजेंटेशन ऑफ पीपल्स एक्ट की धारा 33(1) के तहत ऐसा न करने की स्थिति में प्रत्याशियों के नामांकन को अधूरा मानते हुए उसे खारिज किया जा सकता है।

गौरतलब है कि 2013 में अमेरिकी वेबसाइट हफिंगटन पोस्ट ने अपनी रिपोर्ट में दुनिया के 20 सर्वाधिक अमीर नेताओं की सूची जारी की थी, जिसे बाद में उन्होंने गलती मानते हुए हटा लिया था। रिपोर्ट में संसोधन करते हुए हफिंगटन पोस्ट ने कहा था कि सोनिया गांधी और कतर के पूर्व आमिर हामिद बिन खलीफा अल-थानी के नाम को सूची से हटा दिया गया है।

2013 में अमेरिकी वेबसाइट हफिंगटन पोस्ट पर प्रकाशित रिपोर्ट के साथ जारी डिस्क्लेमर।

वायरल पोस्ट में नजर आ रही खबर का स्क्रीनशॉट इसी रिपोर्ट के आधार पर लिखा गया है। चुनाव से संबंधित अन्य भ्रामक व फेक दावों की जांच करती फैक्ट चेक रिपोर्ट को विश्वास न्यूज के चुनावी सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।

निष्कर्ष: 31 जनवरी 2024 तक राजस्थान से राज्यसभा सांसद सोनिया गांधी की कुल संपत्ति करीब 12 करोड़ 53 लाख रुपये हैं। डॉलर में देखें तो उनकी कुल संपत्ति 15 लाख डॉलर होती है, इसलिए वायरल पोस्ट में किया गया यह दावा फेक और राजनीतिक दुष्प्रचार है कि सोनिया गांधी की कुल संपत्ति दो अरब डॉलर से ज्यादा है।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट