Fact Check: आरजे सायमा की तस्‍वीर को हिजाब गर्ल मुस्‍कान की बताकर किया जा रहा वायरल

हिजाब गर्ल मुस्‍कान के नाम पर वायरल तस्‍वीर आरजे सायमा की है। मुस्‍कान इस समय भारत में हैं। उनके पिता ने भी इसकी पुष्टि की है। सोशल मीडिया पर वायरल दावा गलत है।

Fact Check: आरजे सायमा की तस्‍वीर को हिजाब गर्ल मुस्‍कान की बताकर किया जा रहा वायरल

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। हिजाब गर्ल मुस्‍कान को लेकर फिर से सोशल मीडिया पर एक पोस्‍ट वायरल हो रही है। इसमें दो तस्‍वीरों का कोलाज शेयर कर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि कर्नाटक में सरकार बदलने के बाद मुस्‍कान अब लंदन में हैं। यूजर्स मुस्‍कान को कांग्रेस से जोड़कर उन पर निशाना साध रहे हैं।        

विश्‍वास न्‍यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि कोलाज की पहली तस्‍वीर मुस्‍कान की नहीं, बल्कि आरजे सायमा की है। मुस्‍कान भारत में हैं। उनके पिता ने इसकी पुष्टि की है। वह लंदन नहीं गई हैं। आरजे सायमा की तस्‍वीर को मुस्‍कान की बताकर गलत दावा किया जा रहा है।

क्‍या है वायरल पोस्‍ट

ट्विटर यूजर ‘सैन‍िदन रत्‍नू’ (आर्काइव लिंक) ने 13 जून को इस कोलाज को पोस्‍ट करते हुए लिखा, “हिजाब अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाली ये लड़की ‘मुस्कान’ याद है?  वह अब लंदन में है।  कर्नाटक में भाजपा के विरोध के बाद करियर और जीवन सेट!  सरकार बदली, काम हुआ, टूलकिट पूरा।

https://twitter.com/sainidan_ratnu/status/1668639650246959105

फेसबुक यूजर ‘अनिल चौबे‘ (आर्काइव लिंक) ने भी 14 जून को तस्‍वीरों के कोलाज को पोस्‍ट कर समान दावा किया है।

पड़ताल

वायरल दावे की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले पहली तस्‍वीर को गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। यह तस्‍वीर हमें ट्विटर यूजर सायमा के हैंडल पर मिली। 6 जून 2023 को इसे ट्वीट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा गया है, “लंदन खूबसूरत है।” इसमें वायरल तस्‍वीरों के साथ ही कुछ अन्‍य फोटो को भी ट्वीट किया गया है।

सायमा के इंस्‍टाग्राम अकाउंट पर भी उनकी लंदन की कुछ तस्‍वीरों को देखा जा सकता है। इसमें वायरल तस्‍वीर भी शामिल है।

इसकी अधिक जानकारी के लिए हमने सायमा से मेल के जरिए संपर्क किया। उनका कहना है, “कोलाज की पहली तस्‍वीर मेरी है।

इससे साबित होता है कि कोलाज की पहली फोटो मुस्‍कान की नहीं, बल्कि आरजे सायमा की है। अब हम बात करते हैं हिजाब गर्ल मुस्‍कान की। उनके बारे में हमने कीवर्ड से गूगल पर ओपन सर्च किया। दो माह पहले दैनिक भास्‍कर में इस बारे में एक खबर छपी है। इसमें लिखा है, “कर्नाटक की हिजाब गर्ल पिछले साल खूब चर्चा में रही थी। उनका नाम मुस्कान खान है। उन्‍होंने अपने कॉलेज में कुछ हिंदू कट्टरवादी लड़कों के जय श्री राम का नारा लगाने पर अल्लाह हू अकबर के नारे लगाए थे। वह कर्नाटक के मंडेया की रहने वाली हैं और फिलहाल बीकॉम सेकंड ईयर में पढ़ रही हैं। उनको कई विदेशी यूनिवर्सिटीज से पढ़ाई के लिए ऑफर आए, लेकिन उनको अपने देश से प्यार है और उनको यहीं रहना है।”

इस बारे में हमने मुस्‍कान के पिता हुसैन खान से भी बात की। उन्‍होंने कहा, “मुस्‍कान घर पर ही है। वह लंदन नहीं गई। सोशल मीडिया पर वायरल दावा फेक है।

इससे पहले भी मुस्‍कान खान को लेकर पोस्‍ट वायरल हुई थी, जिसमें एक तस्‍वीर शेयर कर दावा किया गया था कि वह पार्क में जींस पहनकर बैठी हैं, जबकि कॉलेज में बुर्का पहनकर जाती हैं। विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में वायरल फोटो कर्नाटक की नेत्री की निकली थी। फैक्‍ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

https://www.vishvasnews.com/viral/fact-check-karnataka-leader-najmas-photo-viral-with-false-claim-as-hijab-girl-smile/

पड़ताल के अंत में हमने तस्‍वीरों को शेयर कर गलत दावा करने वाले  ट्विटर यूजर ‘सैन‍िदन रत्‍नू‘ की प्रोफाइल को स्‍कैन किया। वह नवंबर 2022 से ट्विटर पर सक्रिय हैं और उनकी लोकेशन जोधपुर दी गई है। यूजर एक विचारधारा से प्रभावित है।

निष्कर्ष: हिजाब गर्ल मुस्‍कान के नाम पर वायरल तस्‍वीर आरजे सायमा की है। मुस्‍कान इस समय भारत में हैं। उनके पिता ने भी इसकी पुष्टि की है। सोशल मीडिया पर वायरल दावा गलत है।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट