Fact Check: राजस्थान के भरतपुर में दो लड़कों को पीटने का पुराना वीडियो गलत दावे से वायरल

राजस्थान के भरतपुर में फरवरी 2021 में दो किशोरों को मैरिज होम में कुछ लोगों ने पीटा था। उस समय वहां कांग्रेस की सरकार थी। उस घटना के वीडियो को गलत रंग देकर भड़काऊ दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। राजस्थान के भरतपुर का बताकर एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोग दो लड़कों को पीटते हुए दिख रहे हैं। कुछ यूजर्स वीडियो को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि राजस्थान के सीएम भजन लाल शर्मा के जिले भरतपुर में दलित किशोर की कुर्सी पर बैठने की वजह से पिटाई की गई।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि वायरल वीडियो फरवरी 2021 में हुई घटना का है। इसमें दो किशोरों की मैरिज होम में पिटाई की गई थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। उस समय राजस्थान में कांग्रेस की सरकार थी। वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट

विश्‍वास न्‍यूज के टिपलाइन नंबर +91 9599299372 पर यूजर ने इस वीडियो को भेजकर इसकी सच्चाई बताने का अनुरोध किया।

फेसबुक यूजर Journalist Sanjay Kumar Gautam (आर्काइव लिंक) ने भी 26 सितंबर को इस वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा,

भारत में राजस्थान दूसरे नंबर पर आता है
दलितों पर सबसे ज्यादा अत्याचार होता है इसमें दूसरा नंबर है राजस्थान का
यकीन नहीं है तो यह वीडियो पूरा देखा
यह वीडियो जातिवादी मुख्यमंत्री भजन शर्मा के राजस्थान के जिला भरतपुर का बताया जा रहा है।
एक दलित युवक कुर्सी पर बैठ जाता है तो जातिवादी, जाहिल, —- आतंकवादियों को यह पसंद नहीं आता और उस शोषित पीड़ित वंचित समाज के लड़के को लाठी डंडों से पीटना शुरू कर देते हैं।
जो कहते हैं जातिवाद खत्म हो गया.. तो यह क्या है

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस से सर्च किया। 23 फरवरी 2021 को नवभारत टाइम्स की वेबसाइट पर इससे संबंधित खबर छपी है। इसमें वीडियो के स्क्रीनशॉट्स को भी देखा जा सकता है। खबर में लिखा है कि मामला राजस्थान के भरतपुर जिले के सेवर थाना क्षेत्र का है। मलाह गांव में दो नाबालिगों की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ है। पीड़ित की मां की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों लक्ष्मण ठाकुर और गंगा सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मामला करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है।

ईटीवी भारत की वेबसाइट पर भी 22 फरवरी 2021 को अपलोड इस खबर और वीडियो को देखा जा सकता है। खबर में अपलोड वीडियो न्यूज में पुलिस ने बताया है कि दो में से एक पीड़ित आरोपियों के समुदाय का ही था, जबकि दूसरा पिछड़े वर्ग से संबंधित था।

21 फरवरी 2021 को दैनिक भास्कर में छपी खबर में एक पीड़ित की उम्र 19 वर्ष बताई गई है, जबकि दूसरा नाबालिग बताया गया है।

इस बारे में हमने सेवर थाने के तत्कालीन प्रभारी अरुण चौधरी से बात की। उनका कहना है कि यह मामला फरवरी 2021 में सामने आया था। केस कोर्ट में विचाराधीन है। आपसी विवाद को लेकर किशोरों से मारपीट की गई थी। इसमें कोई जातीय एंगल नहीं था।

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, दिसंबर 2018 से दिसंबर 2023 तक राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत थे।

वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। लखनऊ में रहने वाले यूजर एक विचारधारा से प्रभावित हैं।

निष्कर्ष: राजस्थान के भरतपुर में फरवरी 2021 में दो किशोरों को मैरिज होम में कुछ लोगों ने पीटा था। उस समय वहां कांग्रेस की सरकार थी। उस घटना के वीडियो को गलत रंग देकर भड़काऊ दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।

Misleading
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट