Fact Check: महात्मा गांधी के इस्लाम से अहिंसा की प्रेरणा लेने के दावे के साथ वायरल राहुल गांधी का क्लिप ऑल्टर्ड है

अहिंसा के लिए महात्मा गांधी के इस्लाम से प्रेरणा लिए जाने के दावे के साथ वायरल हो रहा राहुल गांधी का वीडियो क्लिप ऑल्टर्ड है। उन्होंने इसके लिए प्राचीन भारतीय दर्शन समेत अन्य धर्मों का जिक्र किया था। हालांकि, वायरल क्लिप में उनके बयान के इन हिस्सों को शामिल नहीं किया गया है।

Fact Check: महात्मा गांधी के इस्लाम से अहिंसा की प्रेरणा लेने के दावे के साथ वायरल राहुल गांधी का क्लिप ऑल्टर्ड है

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कांग्रेस की “भारत जोड़ो न्याय यात्रा” को लेकर सोशल मीडिया पर राहुल गांधी का एक वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है, जिसे लेकर दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी ने एक कार्यक्रम के दौरान यह कहा कि महात्मा गांधी ने अहिंसा की प्रेरणा इस्लाम धर्म से ली थी। सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो क्लिप को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस दावे को गलत पाया और इसके साथ वायरल हो रहा क्लिप ऑल्टर्ड है। राहुल गांधी ने अपने भाषण में महात्मा गांधी के अहिंसा के विचार के लिए सिर्फ इस्लाम नहीं, बल्कि अन्य धर्मों का भी उल्लेख किया था। हालांकि, वायरल क्लिप में उनके इस उल्लेख को एडिट कर हटा दिया गया है।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘Manoj Joshi’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) क्लिप को शेयर करते हुए लिखा है, “लोगों को एकदम नई जानकारी राहुल “पप्पु” ने दी है, कि महात्मा गांधी ने अहिंसा की प्रेरणा इस्लाम धर्म से ली थी।”

सोशल मीडिया पर फेक दावे के साथ वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट।

पड़ताल

वायरल वीडियो क्लिप कुछ सेकेंड का है, जिसमें राहुल गांधी अंग्रेजी में अपनी बात रख रहे हैं, जिसका हिंदी अनुवाद इस तरह है, “…महात्मा गांधी अहिंसा के पुरजोर समर्थक थे…लेकिन महात्मा गांधी ने अहिंसा का विचार हमारे महान धर्मों से लिया…हमारे महान दार्शनिकों से लिए….महात्मा गांधी ने अहिंसा का विचार प्राचीन भारतीय दर्शन से लिया…इस्लाम से लिया।”

वीडियो क्लिप को सुनकर यह स्पष्ट हो जाता है कि यह आधा-अधूरा क्लिप है। वायरल वीडियो के की-फ्रेम्स को की-वर्ड सर्च करने पर ऑरिजिनल वीडियो इंडियन नैशनल कांग्रेस के आधिकारिक यू-ट्यूब चैनल पर मौजूद मिला, जिसे करीब पांच साल पहले अपलोड किया गया है।

यह वीडियो दुबई में एक कार्यक्रम का है, जिसका आयोजन 11 जनवरी 2019 में हुआ था और राहुल गांधी ने इसे संबोधित किया था। वीडियो को 24 मिनट के फ्रेम से सुनने पर वायरल क्लिप को संदर्भ स्पष्ट हो जाता है। राहुल गांधी कहते हैं, “…..हिंसा की किसी भी स्थिति के लिए भारत के पास इसका जवाब है। भारत के पास न केवल अपने लिए बल्कि पूरी धरती के लिए इसका समाधान है। अहिंसा हमारे डीएनए में है। यह केवल 50 वर्षों की बात नहीं है। महात्मा गांधी अहिंसा के पुरजोर समर्थक थे…लेकिन महात्मा गांधी ने अहिंसा का विचार हमारे महान धर्मों से लिया…हमारे महान दार्शनिकों से लिए….महात्मा गांधी ने अहिंसा का विचार प्राचीन भारतीय दर्शन से लिया…इस्लाम से लिया, ईसाई धर्म से लिया, यहूदी धर्मों समेत सभी महान धर्मों से लिए।”

कई अन्य रिपोर्ट्स में भी राहुल गांधी की इस दुबई यात्रा का  जिक्र है।

हमारी जांच से स्पष्ट है कि राहुल गांधी ने महात्मा गांधी के अहिंसा के प्रेरणास्रोत  के तौर पर केवल इस्लाम का नाम नहीं लिया, बल्कि उन्होंने प्राचीन भारतीय दर्शन समेत अन्य धर्मों को इसका श्रेय दिया।

इससे पहले भी यह वीडियो समान दावे के साथ अन्य मौकों पर वायरल होता रहा है और इसे लेकर हम उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता अभिमन्यु त्यागी, कांग्रेस के सोशल मीडिया को-ऑर्डिनेटर नितिन अग्रवाल, कांग्रेस सेवा दल के यूपी के प्रदेश अध्यक्ष प्रमोद पांडेय से संपर्क कर चुके हैं। सभी ने इस वीडियो को एडिटेड करार देते हुए इसे राहुल गांधी के खिलाफ कुत्सित प्रचार बताया।

गौरतलब है कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ फिलहाल छत्तीसगढ़ से गुजर रही है। इस यात्रा की शुरुआत मणिपुर से हुई थी, जिसका समापन मुंबई में होगा। 

वायरल वीडियो क्लिप को फेक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल से विचारधारा विशेष से प्रेरित सामग्री शेयर की जाती है। इससे पहले भी राहुल गांधी का एक वीडियो क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसे लेकर दावा किया गया था कि उन्होंने अपने एक संबोधन के दौरान 50+15=73 बताया था। विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस वीडियो क्लिप को ऑल्टर्ड पाया था, जिसकी फैक्ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

निष्कर्ष: अहिंसा के लिए महात्मा गांधी के इस्लाम से प्रेरणा लिए जाने के दावे के साथ वायरल हो रहा राहुल गांधी का वीडियो क्लिप ऑल्टर्ड है। उन्होंने इसके लिए प्राचीन भारतीय दर्शन समेत अन्य धर्मों का जिक्र किया था। हालांकि, वायरल क्लिप में उनके बयान के इन हिस्सों को शामिल नहीं किया गया है।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट