Fact Check : नोट उड़ाने वाले वीडियो का भारत के लोकसभा चुनाव से कोई संबंध नहीं है

Fact Check : नोट उड़ाने वाले वीडियो का भारत के लोकसभा चुनाव से कोई संबंध नहीं है

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। फेसबुक, ट्विटर, वॉट्सऐप से लेकर यूट्यूब तक पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसके बारे में दावा किया जा रहा है कि भारत में नरेंद्र मोदी की जीत के बाद अमेरिका में एक गुजराती ने एक लाख डॉलर हवा में उड़ा दिए। विश्‍वास टीम की पड़ताल में यह दावा फर्जी साबित हुआ। जिस वीडियो को गुजराती शख्‍स का बताया जा रहा है, वह दरअसल एक अमेरिकन म्यूजिशियन का है। इस वीडियो का नरेंद्र मोदी की जीत से कोई संबंध नहीं है।

क्‍या है वायरल पोस्‍ट में

फेसबुक यूजर भारती ओझा ने एक वीडियो को अपलोड करते हुए लिखा : अमेरिका में एक गुजराती ने मोदी जी की प्रचंड जीत पर 1 लाख डॉलर उड़ाए और देखिये गोरों ने कैसे लूटे।

59 सेकंड के इस वीडियो को अब तक 266 लोगों ने शेयर किया है। भारती ओझा की तरह दूसरे कई यूजर्स ने भी अपनी वॉल पर इस वीडियो को अपलोड किया है।

पड़ताल

सबसे पहले विश्‍वास टीम ने वायरल हो रहे वीडियो को ध्यान से देखा। वीडियो में हमें एक आदमी नोट हवा में उड़ाते हुए नजर आया। लोगों की भीड़ उस पैसे को लूटते हुए नज़र आ रही है। वहीं कुछ पास से गुजरते हुए लोग इस नजारे का वीडियो बनाते हुए भी नजर आ रहे हैं। वीडियो को गौर से देखने पर हमारी नजर पास की बिल्डिंग पर गई। बिल्डिंग की नीचे वाली मंज़िल पर लिखा हुआ है PICO Jewels.

अब हमने PICO jewelry stores in america कीवर्ड टाइप कर सर्च किया। हमें एक लिंक मिला। इसमें न्‍यूयार्क के PICO jewelry स्टोर का पता था।

इसके बाद हमने गूगल मैप का यूज किया। गूगल मैप में PICO jewelry टाइप करने के बाद हमें सही लोकेशन मिल गई।

स्‍ट्रीट व्‍यू इमेज टूल की मदद से हमें उसी जगह की तस्‍वीर मिल गई। इसमें Pico Jewelry के शोरूम को देखा जा सकता है। यही शोरूम वायरल वीडियो में दिख रहा है।

इसके बाद हमने #NewYork टाइप करके फेसबुक पर सर्च करना शुरू किया। हमें TheGod Joe Kush नाम के फेसबुक यूजर की एक पोस्‍ट मिली।

इस पोस्‍ट में एक शख्‍स हवा में नोट लुटाते हुए दिख रहा है। इसके बाद हमने TheGod Joe Kush के फेसबुक अकाउंट को स्‍कैन करना शुरू किया। इनके अकाउंट पर हमें कई ऐसे वीडियो मिले, जिसमें इन्‍हें नोट उड़ाते हुए देखा जा सकता है। यहां हमें वायरल हो रहे वीडियो से मिलता-जुलता एक वीडियो मिला। इसे 16 मई को अपलोड किया गया था। यह एक अलग एंगल से फिल्‍माया हुआ वीडियो था, लेकिन वायरल हो रहे वीडियो और इस वीडियो की लोकेशन एक ही थी।

अपनी खोज को आगे बढ़ाते हुए हम TheGod Joe Kush के इंस्‍टाग्राम अकाउंट पर गए। यहां हमें यह वीडियो मिला। इसे 16 मई को अपलोड किया गया था,जबकि भारत में लोकसभा चुनाव का रिजल्‍ट 23 मई को आया था। ऐसे में यह कहना गलत होगा कि इस वीडियो का संबंध चुनाव परिणाम से है।

TheGod Joe Kush इंस्‍टाग्राम पर काफी एक्टिव हैं। उन्‍हें 56.6 हजार लोग फॉलो करते हैं। उन्‍होंने अपने इंट्रो में म्‍यूजिक प्रोडयूसर और वीडियो इंजीनियर लिखा हुआ है।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास टीम की पड़ताल में पता चला कि वायरल वीडियो में नोट उड़ाने वाला शख्‍स कोई गुजराती नहीं, बल्कि अमेरिका का एक म्यूजिशियन है। इस वीडियो को पहली बार 16 मई को अपलोड किया गया। जबकि, भारत में चुनाव का रिजल्‍ट 23 मई को आया।

पूरा सच जानें… सब को बताएं

सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

False
Symbols that define nature of fake news
Related Posts
नवीनतम पोस्ट