X
X

Fact Check: इस तस्वीर में पंडित जवाहरलाल नेहरू के साथ एडविना नहीं, फर्जी दावा हो रहा वायरल

पंडित नेहरू की तस्वीर को लेकर किया जा रहा दावा फर्जी है। इस तस्वीर में पंडित नेहरू के साथ माउंटबेटन की पत्नी एडविना नहीं, बल्कि तत्कालीन ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर की पत्नी सिमॉन हैं।

  • By: ameesh rai
  • Published: Sep 2, 2020 at 06:36 PM

नई दिल्ली (विश्वास टीम)। सोशल मीडिया पर भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की एक तस्वीर वायरल हो रही है। अलग-अलग यूजर इसे शेयर रह रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि इस तस्वीर में पंडित नेहरू के साथ भारत के अंतिम वायसराय माउंटबेटन की पत्नी एडविना हैं। विश्वास न्यूज़ को फैक्ट चेकिंग वॉट्सऐप चैटबॉट (+91 95992 99372) पर भी यह तस्वीर फैक्ट चेक के लिए मिली है। विश्वास न्यूज़ की पड़ताल में यह दावा गलत पाया गया है।

क्या हो रहा है वायरल

जवाहरलाल नेहरू की यह तस्वीर अलग-अलग यूजर शेयर कर रहे हैं। ऐसे ही एक यूजर ने फेसबुक पर इस तस्वीर को शेयर किया है। मनीष कुमार नाम के यूजर ने फेसबुक पोस्ट में इस तस्वीर को शेयर किया और तस्वीर पर ही टेक्स्ट लिखा है, ‘नेहरू एडविना के रिश्ते का सच।’ इस पोस्ट के आर्काइव्ड वर्जन को यहां क्लिक कर देखा जा सकता है। विश्वास न्यूज़ को यही तस्वीर अपने वॉट्सऐप चैटबॉट पर भी मिली है। यूजर ने इस तस्वीर की जानकारी मांगी है।

पड़ताल

विश्वास न्यूज़ ने सबसे पहले इस वायरल तस्वीर पर गूगल रिवर्स इमेज सर्च टूल का इस्तेमाल किया। हमें इस तस्वीर से जुड़े ढेरों सर्च रिजल्ट मिले। इसमें कई रिजल्ट प्रामाणिक मीडिया हाउसेज की भी थे। हमें बीबीसी की एक रिपोर्ट मिली, जिसमें इस तस्वीर का इस्तेमाल किया गया था। बीबीसी की यह रिपोर्ट भारत की मशहूर फोटो जर्नलिस्ट होमाई व्यारावाला पर आधारित एक फीचर है। आपको बता दें कि होमाई व्यारावाला भारत की पहली महिला फोटो जर्नलिस्ट मानी जाती हैं। बीबीसी की इस रिपोर्ट में उनकी ली गई कई तस्वीरों को शामिल किया गया है। इनमें वायरल हो रही तस्वीर भी शामिल है, जिसके कैप्शन में लिखा है, ‘एक ब्रिटिश डिप्लोमैट की पत्नी की सिगरेट जलाते नेहरू।’ इस रिपोर्ट को यहां क्लिक कर देखा जा सकता है।

बीबीसी की रिपोर्ट में लगी तस्वीर।

इसी तरह यह तस्वीर हमें mensxp साइट पर भी मौजूद एक रिपोर्ट में मिली। रिपोर्ट में शेयर की गई इस तस्वीर के कैप्शन में लिखा है, ‘Nehru lighting a cigarette for Mrs. Simon, the wife of the British Deputy High Commissioner, onboard the first BOAC flight in India.’ इसका हिंदी अनुवाद करें तो मतलब ये निकलता है, ‘भारत की पहली BOAC फ्लाइट में ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर की पत्नी श्रीमती सिमॉन की सिगरेट जलाते नेहरू।’ इस रिपोर्ट को यहां क्लिक कर देखा जा सकता है।

हमें प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो, मुंबई की साइट पर 16 जनवरी 2012 का एक लेख मिला। यह लेख होमाई व्यारावाला के निधन के बाद लिखा गया था। इस लेख के शुरुआत में ही पंडित नेहरू की इस मशहूर तस्वीर का जिक्र कर होमाई व्यारावाला को याद किया जा रहा है। इस लेख को यहां क्लिक कर देखा जा सकता है।

अब तक की पड़ताल से हमें यह पता चल चुका था कि वायरल हो रही यह तस्वीर होमाई व्यारावाला ने ली है। हमें यह भी जानकारी मिल चुकी थी कि इस तस्वीर में पंडित नेहरू के साथ एडविना नहीं, बल्कि ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर की पत्नी सिमॉन हैं।

विश्वास न्यूज़ ने इस संबंध में भारत सरकार के नेहरू युवा केंद्र के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के सचिव बीपी सिंह से बात की। उन्होंने बताया कि ये पंडित नेहरू की मशहूर तस्वीर है और इसमें एडविना नहीं, बल्कि श्रीमती सिमॉन हैं। उन्होंने कहा, ‘विरोधी दल का आईटी सेल भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित नेहरू की छवि को खराब करने के लिए हमेशा उनकी तस्वीरों के साथ मनगढ़ंत कहानियां और फर्जी दावे वायरल करता रहता है। ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।’

हमने इस तस्वीर को फेसबुक पर शेयर करने वाले यूजर मनीष कुमार की सोशल स्कैनिंग की। इस प्रोफाइल पर यूजर ने अपनी जानकारियां सबके साथ शेयर नहीं की हैं।

निष्कर्ष: पंडित नेहरू की तस्वीर को लेकर किया जा रहा दावा फर्जी है। इस तस्वीर में पंडित नेहरू के साथ माउंटबेटन की पत्नी एडविना नहीं, बल्कि तत्कालीन ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर की पत्नी सिमॉन हैं।

  • Claim Review : दावा किया जा रहा है कि इस तस्वीर में पंडित नेहरू के साथ भारत के अंतिम वायसराय माउंटबेटन की पत्नी एडविना हैं।
  • Claimed By : मनीष कुमार
  • Fact Check : झूठ
झूठ
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later