X
X

Fact Check: बुर्ज खलीफा पर प्रदर्शित हुई कोलकाता नाइटराइडर्स टीम की यह तस्वीर 2020 की है

विश्वास न्यूज की पड़ताल में इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL) में कोलकाता नाइट राइडर्स की जीत के बाद बुर्ज खलीफा पर टीम की फोटो और लोगो प्रदर्शित करने का दावा भ्रामक साबित हुआ। वायरल तस्वीर साल 2020 की है। आईपीएल 2020 में केकेआर टीम के शुरुआती मैच से पहले बुर्ज खलीफा कोलकाता नाइट राइडर्स के रंग में रंग गया था। बुर्ज खलीफा पर टीम की वीडियो को दिखाया गया था। जिसकी तस्वीर को अब भ्रामक दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।

  • By: Jyoti Kumari
  • Published: May 28, 2024 at 04:41 PM
  • Updated: May 29, 2024 at 01:37 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 का आखिरी मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच हुआ, जिसमें सनराइजर्स को हराकर केकेआर ने ट्रॉफी अपने नाम की। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है, जिसमें एक तस्वीर में कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम की फोटो है और दूसरी तरफ केकेआर टीम के लोगो की तस्वीर है। कुछ यूजर्स इस पोस्ट को शेयर कर दावा कर रहे हैं कि आईपीएल 2024 का खिताब जीतने के बाद बुर्ज खलीफा पर कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम और लोगो को दिखाया गया है।

विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा भ्रामक साबित हुआ। वायरल तस्वीर साल 2020 की है।दरअसल, 2020 में केकेआर और मुंबई इंडियंस का मुकाबला अबू धाबी के शेख जायेद स्टेडियम में होना था। मैच से पहले बुर्ज खलीफा पर कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के स्वागत को लेकर टीम की तस्वीर को दिखाया गया था। तस्वीर उसी समय की है, जिसे अब हालिया बताकर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट में ?

फेसबुक यूजर Shoaib Gazi ने 27 मई को वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा है, “KKR की जीत की खुशी में और शाहरुख खान के सम्मान में बुर्ज खलीफा को KKR के रंग में रंग दिया गया।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखा जा सकता है।

पड़ताल

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया। इस दौरान हमें फोटो से जुड़ी वीडियो रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के वेरिफाइड फेसबुक पेज पर मिली। 23 सितंबर 2020 को अपलोड वीडियो के साथ दी गई जानकारी के अनुसार, वीडियो साल 2020 का है, जब बुर्ज खलीफा पर केकेआर के स्वागत में टीम की तस्वीर दिखाई गई थी।

हमने बुर्ज खलीफा के सोशल मीडिया हैंडल को खंगाला। हमें केकेआर से जुड़ी हालिया कोई पोस्ट नहीं मिली। सर्च के दौरान बुर्ज खलीफा के आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर तस्वीर से जुड़ा वीडियो मिला। 22 सितंबर 2020 को अपलोड वीडियो के कैप्शन में लिखा गया है, बुर्ज खलीफा कोलकाता नाइटराइडर्स टीम का स्वागत करता है। इस साल के इंडियन प्रीमियर लीग के लिए शुभकामनाएं।”

हमें वायरल दावे से जुड़ी रिपोर्ट जागरण इंग्लिश के वेरिफाइड फेसबुक पेज पर भी मिली। 23 सितंबर 2020 को शेयर किए गए वीडियो के साथ दी गई जानकारी के मुताबिक,आईपीएल 2020 में टीम के शुरुआती मैच से पहले बुर्ज खलीफा कोलकाता नाइट राइडर्स के रंग में रंग गया।”

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने संबंधित कीवर्ड्स से सर्च करना शुरू किया। इस दौरान हमें वायरल दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट एएनआई की वेबसाइट पर 23 सितंबर 2020 को प्रकाशित मिली। रिपोर्ट में दी गई जानकारी के अनुसार,इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच से पहले दुबई की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के रंग में रंग गई। दुनिया की सबसे ऊंची इमारत ने एक लुभावनी एलईडी डिस्प्ले का प्रदर्शन किया और अपने रंगों (बैंगनी और सुनहरे) में रोशनी करके केकेआर को सम्मानित किया।”

वायरल तस्वीर से जुड़ी अन्य न्यूज रिपोर्ट्स को यहां पढ़ा जा सकता है।

सर्च के दौरान आउट लुक इंडिया की वेबसाइट पर 29 मई 2024 को एक खबर प्रकाशित मिली। खबर में बताया गया है,”आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की जीत का जश्न मनाने और शाहरुख खान के सम्मान में, दुबई के बुर्ज खलीफा को कल रात रोशनी से सजाया गया। जिसका वीडियो केकेआर ने अपने वेरिफाइड इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है।” यह वीडियो वायरल फोटो से अलग है।

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के खेल संपादक अभिषेक त्रिपाठी से संपर्क किया। उन्होंने भी वायरल तस्वीर को पुराना बताया है।

पड़ताल के अंत में हमने पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर की सोशल स्कैनिंग की। प्रोफाइल पर दी गई जानकारी के मुताबिक, यूजर को 35 हजार लोग फॉलो करते हैं।

डिस्क्लेमर: हमारा फैक्ट चेक तथ्यों पर आधारित है। हमारे फैक्ट चेक प्रकाशित किए जाने तक बुर्ज खलीफा पर केकेआर को लेकर कोई तस्वीर या वीडियो प्रदर्शित नहीं किया गया था। हमें 28 मई 2024 को रात 11:47 पर कोलकाता नाइट राइडर्स के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर एक वीडियो अपलोड हुआ मिला, जिसे हमने रिपोर्ट में अपडेट कर दिया है। इससे फैक्ट चेक रिपोर्ट के नतीजों में कोई बदलाव नहीं आया है। हमने जिस तस्वीर वायरल तस्वीर का फैक्ट चेक किया था, वो साल 2020 की है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (IPL) में कोलकाता नाइट राइडर्स की जीत के बाद बुर्ज खलीफा पर टीम की फोटो और लोगो प्रदर्शित करने का दावा भ्रामक साबित हुआ। वायरल तस्वीर साल 2020 की है। आईपीएल 2020 में केकेआर टीम के शुरुआती मैच से पहले बुर्ज खलीफा कोलकाता नाइट राइडर्स के रंग में रंग गया था। बुर्ज खलीफा पर टीम की वीडियो को दिखाया गया था। जिसकी तस्वीर को अब भ्रामक दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।

  • Claim Review : KKR की जीत की खुशी में और शाहरुख खान के सम्मान में बुर्ज खलीफा को KKR के रंग में रंग दिया गया।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर - Shoaib Gazi
  • Fact Check : भ्रामक
भ्रामक
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later