Fact Check : केजरीवाल के 2019 के भाषण से की गई छेड़छाड़, अलग से जोड़ा गया ‘पाकिस्तान’

अरविंद केजरीवाल के वायरल वीडियो को एडिट कर दुष्प्रचार की मंशा से तैयार किया गया है। असली वीडियो में उन्होंने कहा है, अगर साल 2019 में पीएम मोदी और अमित शाह वापस आ गए तो वो देश को बर्बाद कर देगें।

Fact Check : केजरीवाल के 2019 के भाषण से की गई छेड़छाड़, अलग से जोड़ा गया ‘पाकिस्तान’

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के भाषण की एक क्लिप वायरल हो रही है। इसमें उन्हें कथित रूप से यह बोलते हुए दिखलाया गया है कि अगर पीएम मोदी और अमित शाह एक बार फिर चुनाव जीत गए तो पाकिस्तान बर्बाद हो जाएगा। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स इस क्लिप को सच समझ कर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने वायरल क्लिप की पड़ताल की। पता चला कि दावा गलत है। वायरल क्लिप को दुष्प्रचार की मंशा से तैयार किया गया है। असली वीडियो में केजरीवाल ने कहा था कि अगर साल 2019 में पीएम मोदी और अमित शाह वापस आ गए तो वो देश को बर्बाद कर देंगे। यह भाषण जनवरी 2019 में कोलकाता में एक रैली के दौरान दिया गया था। देश की जगह पाकिस्तान शब्द को जोड़कर वायरल क्लिप तैयार की गई।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर कृषि कर्मण भरत पटेल ने 16 फरवरी 2023 को वायरल वीडियो को शेयर किया है। वीडियो को शेयर करते हुए यूजर ने कैप्शन में लिखा है, “गज़ब का पूर्वानुमान है भई, केजरीवाल की भविष्य वाणी शत प्रतिशत सत्य हुई ! 2019 पार्लियामेंट चुनाव से पूर्व कोलकाता मे केजरीवाल – अगर मोदी जीत गया तो पाकिस्तान बर्बाद हो जाएगा।”

पोस्ट के आर्काइव वर्जन को यहां देखें। दूसरे यूजर्स भी इस दावे को सच मानकर शेयर कर रहे हैं।

पड़ताल 

वायरल वीडियो की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो को गौर से देखा। हमने पाया कि वायरल वीडियो पर ईटीवी तेलंगाना का लोगो लगा हुआ है। इसी आधार पर हमने ईटीवी तेलंगाना के यूट्यूब चैनल को खंगालना शुरू किया। इस दौरान हमें असली वीडियो 19 जनवरी 2019 को अपलोड हुआ मिला। दी गई जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो कोलकाता में हुई टीएमसी की एक रैली का है। 

असली वीडियो में 5 मिनट 41 सेकेंड से वायरल वीडियो वाले हिस्से को देखा जा सकता है। अरविंद केजरीवाल भाषण देते हुए कहते हैं, “मैं जीतना सोचता हूं उतना मेरा शरीर कांप उठता है। अगर ये दोनों दोबारा 2019 में आ गए, अगर मोदी और अमित शाह दोबारा 2019 में आ गए, दोस्तों ये देश नहीं बचेगा। इन दोनों की जोड़ी देश को बर्बाद कर देगी। ये इस देश को बर्बाद कर देंगे, ये इस देश के टुकड़े-टुकड़े कर देंगे। पिछले 70 साल में पाकिस्तान का सपना था कि किसी भी तरह इस देश के टुकड़े करो, इस देश को बाटों। 70 साल में जो पाकिस्तान नहीं कर पाया, पांच साल के अंदर मोदी और अमित शाह ने करके दिखा दिया दोस्तो।”

इंडिया टुडे के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर भी हमें असली वीडियो अपलोड हुआ मिला। 

अधिक जानकारी के लिए हमने आम आदमी पार्टी के मीडिया कोऑर्डिनेटर वेद कुमार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया वायरल दावा गलत है। यह वीडियो एडिटेड है। अरविंद केजरीवाल की छवि को खराब करने के लिए इस तरह के वीडियो को शेयर किया जा रहा है।

इस गलत पोस्ट को कई लोगों ने शेयर किया, जिनमें से एक हैं फेसबुक यूजर कृषि कर्मण भरत पटेल , जिनकी पोस्ट की हमने पड़ताल की। यूजर के फेसबुक पर तकरीबन 5 हजार मित्र हैं।

निष्कर्ष: अरविंद केजरीवाल के वायरल वीडियो को एडिट कर दुष्प्रचार की मंशा से तैयार किया गया है। असली वीडियो में उन्होंने कहा है, अगर साल 2019 में पीएम मोदी और अमित शाह वापस आ गए तो वो देश को बर्बाद कर देगें।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट