X
X

Fact Check: JIO नए साल पर एक साल का फ्री रिचार्ज नहीं दे रहा है, वायरल लिंक फर्जी है

विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि जियो के नए साल पर एक साल का फ्री रिचार्ज देने का वायरल दावा गलत है। वायरल लिंक जियो की आधिकारिक वेबसाइट का नहीं है। यूजर इस तरह के किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।

  • By: Jyoti Kumari
  • Published: Jan 4, 2024 at 04:51 PM
  • Updated: Jan 9, 2024 at 10:26 AM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक लिंक को शेयर कर दावा किया जा रहा है नए साल के मौके पर जियो एक साल का फ्री रिचार्ज गिफ्ट दे रहा है। पोस्ट के साथ एक लिंक भी दिया गया है।

विश्वास न्यूज ने दावे की पड़ताल की तो पाया कि वायरल लिंक फर्जी है। यह लिंक जियो की आधिकारिक वेबसाइट का नहीं है। यूजर इस तरह के किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। इससे आपका डेटा या निजी जानकारी चोरी हो सकती है।

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘BLODY YASH’ ने वायरल पोस्ट को शेयर किया है। पोस्ट पर लिखा हुआ है, “जियो की तरफ से नया साल का गिफ्ट एक साल का फ्री रिचार्ज मौका हाथ से न जाने दे अभी आवेदन करें मुफ्त में रिचार्ज क्लेम करे।”

कई अन्य यूजर्स ने भी इस पोस्ट को समान दावे के साथ शेयर किया है। पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल

वायरल दावे की पड़ताल के लिए हमने संबंधित कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया। कीवर्ड्स की मदद से सर्च करने पर हमें दावे से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट भी नहीं मिली, जिसमें ये बताया गया हो कि नए साल के मौके पर जियो की तरफ से एक साल का फ्री रिचार्ज दिया जा रहा है।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने जियो की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट्स को चेक किया। हमें दावे से जुड़ी कोई पोस्ट या जानकारी वहां पर नहीं मिली।

यूआरएल को गौर करने पर हमने पाया कि जियो की आधिकारिक वेबसाइट का यूआरएल जियो डॉट कॉम है, जबकि वायरल लिंक का यूआरएल कॉस्मोफीड डॉट कॉम है। हमने वायरल लिंक के डोमेन के बारे में जानने के लिए whois.com का सहारा लिया। यहां वायरल लिंक को डाला। इस दौरान पता चला, वायरल वेबसाइट को साल 2020 में बनाया गया है। इस वेबसाइट की लोकेशन यूएस है।

वायरल लिंक को लेकर हमने इंडियन साइबर आर्मी के संस्थापक किश्लय चौधरी से बात की। उनके साथ वायरल लिंक को शेयर किया। उन्होंने लिंक पर क्लिक न करने की सलाह दी है। उनका कहना है ऐसे किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले वेबसाइट के यूआरएल की जांच करें और आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जरूर चेक करें।

विश्वास न्यूज की वेबसाइट पर फ्री रिचार्ज, फ्री डेटा और पैसे देने से जुड़े कई दावों की फैक्ट चेक रिपोर्ट पढ़ी जा सकती है।

पड़ताल के अंत में हमने लिंक को शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 4 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। यूजर लखनऊ का रहने वाला है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि जियो के नए साल पर एक साल का फ्री रिचार्ज देने का वायरल दावा गलत है। वायरल लिंक जियो की आधिकारिक वेबसाइट का नहीं है। यूजर इस तरह के किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।

  • Claim Review : जियो की तरफ से नया साल का गिफ्ट एक साल का फ्री रिचार्ज।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर - BLODY YASH
  • Fact Check : झूठ
झूठ
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later