Fact Check: गुजरात के बनासकांठा में पुल को तोड़ते हुए गिरा एक हिस्सा, भ्रामक दावा वायरल

गुजरात के बनासकांठा जिले में बने पुराने पुल को तोड़ने के दौरान उसका एक हिस्सा गिर ​गया था। करीब 70 साल पुराने इस पुल के बाकी हिस्से को पहले गिराया चुका था। इसे तोड़कर इसकी जगह नया पुल बनाने को मंजूरी मिली है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। गुजरात चुनाव के बाद सोशल मीडिया पर पुल के एक हिस्से के गिरने का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें दिख रहा है कि पुल के एक हिस्से पर जेसीबी खड़ी है। कुछ देर बाद वह गिर जाता है। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स इसे शेयर कर दावा कर रहे हैं कि गुजरात के बनासकांठा में एक निर्माणाधीन पुल गिर गया है। उसका निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ था।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में दावे को भ्रामक पाया। दरअसल, गुजरात के बनासकांठा जिले में बनास नदी पर बने इस पुल को तोड़ा जा रहा था। इस दौरान यह हादसा हो गया। पुल का बाकी हिस्सा पहले गिराया जा चुका था। इसको तोड़कर यहां पर नया पुल बनाने को मंजूरी मिली है। इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई थी।

क्या है वायरल पोस्ट में

फेसबुक यूजर JVS Kushwah (आर्काइव लिंक) ने 20 दिसंबर को 26 सेकंड का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा,

गुजरात के बनासकांठा में बन रहा एक पुल गिर गया है, पुल का निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ था. देखें Video

पड़ताल

वायरल दावे की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले इसे कीवर्ड से गूगल पर ओपन सर्च किया। हिन्दुस्तान में 16 दिसंबर 2022 को इस बारे में खबर छपी है। इसमें वायरल वीडियो के एक फ्रेम को देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, बनासकांठा में बनास नदी पर बना पुल तोड़ने के दौरान उसका ए​क हिस्सा गिर गया। इससे एक्सक्वेटर मशीन का चालक भी सूखी नदी में गिर गया। हालांकि, उसको कोई चोट नहीं आई है। हादसे के बाद एक्सक्वेटर करीब 30 फीट नीचे गिरा था। इस बारे में राज्य सड़क एवं भवन विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर कल्पेश पटेल ने कहा कि यह पुल कांकरेज तालुका में उम्ब्री गांव के पास है। यह करीब 70 साल पुराना है। चार साल से इस पर आवागमन बंद था। सरकार ने पुराने पुल के स्थान पर नया पुल बनाने की मंजूरी दी है। इस कारण पुराने पुल को तोड़ने का काम चल रहा था। इसका एक बड़ा हिस्सा गिर चुका था। बाकी बचे हिस्से को तोड़ने के लिए 16 दिसंबर को पुल के ऊपर एक्सक्वेटर का इस्तेमाल किया जा रहा था। उस दौरान उस हिस्से में दरार आ गई। चालक यह समझ नहीं पाया और हादसा हो गया। वह घायल नहीं हुआ है।

नवभारत टाइम्स के यूट्यूब चैनल पर भी वायरल वीडियो को देखा जा सकता है। इसे 17 दिसंबर 2022 को अपलोड किया गया है। इसका टाइटल लिखा है, Gujarat Bridge Collapse: Banaskantha में पुल गिरा। क्रेन से पुल तोड़ने का काम चल रहा था, तभी वो टूटा।

इसकी अधिक पुष्टि के लिए हमने गुजरात दैनिक जागरण के पॉलिटिकल एडिटर राजेंद्र सिंह से बात की। उनका कहना है, ‘यह पुल बनासकांठा में गिरा है। इसे तोड़ने का काम चल रहा था। यह काफी पुराना पुल था।

वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले फेसबुक पेज ‘जेवीएस कुशवाह‘ को हमने स्कैन किया। 22 जुलाई 2015 को बने इस पेज के करीब 75 हजार फॉलोअर्स हैं। यह एक राजनीतिक विचारधारा से प्रेरित है।

निष्कर्ष: गुजरात के बनासकांठा जिले में बने पुराने पुल को तोड़ने के दौरान उसका एक हिस्सा गिर ​गया था। करीब 70 साल पुराने इस पुल के बाकी हिस्से को पहले गिराया चुका था। इसे तोड़कर इसकी जगह नया पुल बनाने को मंजूरी मिली है।

Misleading
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट