X
X

Fact Check: Times Now के सर्वे की एडिटेड तस्वीर को राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा से जोड़कर किया जा रहा वायरल

विश्वास न्यूज की पड़ताल में ‘भारत जोड़ो’ यात्रा से जोड़ते हुए टाइम्स नाउ के सर्वे को लेकर किया जा रहा दावा गलत निकला। वायरल सर्वे की तस्वीर एडिटेड है और साल 2017 की है। जिसे अब गलत दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। सर्वे का ‘भारत जोड़ो’ यात्रा से कोई संबंध नहीं हैं।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा तमिलनाडु से शुरू होने के बाद केरल होते हुए अब कर्नाटक पहुंच गई है। जैसे-जैसे यह यात्रा आगे बढ़ रही है, वैसे–वैसे ही सोशल मीडिया पर भ्रामक और फेक पोस्ट भी बढ़ रही हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर इस यात्रा से जोड़कर Times Now का एक सर्वे तेजी से वायरल हो रहा है। सर्वे को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा शुरू के बाद उनकी लोकप्रियता बढ़ गई है। लोकप्रियता के मामले में वो प्रधानमंत्री मोदी से भी आगे निकल गए हैं।

विश्वास न्यूज की पड़ताल में वायरल दावा गलत निकला। वायरल सर्वे की तस्वीर एडिटेड है और साल 2017 की है। जिसे अब गलत दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। सर्वे का ‘भारत जोड़ो’ यात्रा से कोई संबंध नहीं हैं।

क्या है वायरल पोस्ट में ?

ट्विटर यूजर Mohammad Waseem ने वायरल स्क्रीनशॉट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “हवा का रुख बदल रहा है…..टाइम्स नाउ के सर्वे में राहुल गांधी पहली पसंद।” #BharatJodoYatra

पोस्‍ट का अकाईव वर्जन यहां देखें।

राजस्थान यूथ कांग्रेस ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर इस स्क्रीनशॉट को शेयर किया था। जिसे अब डिलीट किया जा चुका है। पोस्‍ट का अकाईव वर्जन यहां देखें।  

पड़ताल

वायरल स्क्रीनशॉट की सच्चाई जानने के लिए हमने फोटो को गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया। इस दौरान हमें असली सर्वे की तस्वीर टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट में मिली। रिपोर्ट को 19 दिसंबर 2017 को प्रकाशित किया गया है। रिपोर्ट में दी गई जानकारी के मुताबिक, सर्वे साल 2017 में हुए गुजरात और हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के बारे में हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि गुजरात में राहुल गांधी के दौरे के बाद सोशल मीडिया पर उनके बारे में काफी चर्चा हो रही है।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने संबंधित कीवर्ड्स से गूगल पर सर्च करना शुरू किया। इस दौरान हमें सर्वे से जुड़ी एक वीडियो रिपोर्ट टाइम्स नाउ के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिली। वीडियो को 18 दिसंबर 2017 को शेयर किया गया था। वीडियो में 26 सेकेंड पर असली सर्वे के दृश्य को देखा जा सकता है। असली सर्वे में राहुल गांधी, प्रधानमंत्री मोदी, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, हार्दिक पटेल और गुजरात के विधायक जिग्नेश मेवानी की तस्वीर है। जिसे एडिट कर ममता बनर्जी,अखिलेश यादव और अरविंद केजरीवाल की तस्वीर से बदल दिया गया है। वहीं, आंकड़ों में किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया गया है।

हमने वायरल स्क्रीनशॉट में नजर आ रहे एंकर के बारे में भी सर्च किया। इस दौरान हमें पता चला कि एंकर का नाम आनंद नरसिम्हा हैं, जो कि पहले टाइम्स नाउ में कार्यरत थे, लेकिन अब वो न्यूज 18 में बतौर सीनियर एंकर काम कर रहे हैं। इसके बाद ये साफ होता है कि यह स्क्रीनशॉट पुराना है और एडिटेड है। इसका ‘भारत जोड़ो’ यात्रा से कोई संबंध नहीं हैं।

अधिक जानकारी के लिए हमने टाइम्स नाउ के एक पत्रकार से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि वायरल दावा गलत है। वायरल सर्वे की तस्वीर एडिटेड है और तकरीबन 5 साल पुरानी है।

पड़ताल के अंत में हमने इस पोस्ट को शेयर करने वाले यूजर Mohammad Waseem की जांच की। प्रोफाइल पर दी गई जानकारी के मुताबिक, यूजर उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। यूजर को 4,411 लोग फॉलो करते हैं। यूजर अगस्त 2018 से ट्विटर पर सक्रिय है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में ‘भारत जोड़ो’ यात्रा से जोड़ते हुए टाइम्स नाउ के सर्वे को लेकर किया जा रहा दावा गलत निकला। वायरल सर्वे की तस्वीर एडिटेड है और साल 2017 की है। जिसे अब गलत दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है। सर्वे का ‘भारत जोड़ो’ यात्रा से कोई संबंध नहीं हैं।

  • Claim Review : भारत जोड़ो यात्रा की वजह से राहुल गांधी की लोकप्रियता बढ़ी।
  • Claimed By : Mohammad Waseem
  • Fact Check : झूठ
झूठ
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later