Fact Check : केबीसी में नहीं गए धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, वायरल वीडियो एडिटेड है

विश्वास न्यूज ने जांच में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के केबीसी में जाने और 5 करोड़ रुपए जितने का दावा फर्जी पाया। असल में वायरल वीडियो को एडिट कर तैयार किया गया है। 

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के 16वें सीजन का आगाज़ हो चुका है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को ‘कौन बनेगा करोड़पति’ के मंच पर देखा जा सकता है। वीडियो में अभिनेता अमिताभ बच्चन धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से बातचीत करते नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि धीरेंद्र शास्त्री केबीसी में गए हैं और 5 करोड़ रुपये जीते हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल वीडियो को एडिट कर तैयार किया गया है। असल वीडियो में अमिताभ बच्चन के सामने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री नहीं, कोई अन्य व्यक्ति हैं। वीडियो को एडिट कर उसमें धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के किसी अन्य वीडियो को जोड़ दिया गया है। यह वीडियो अलग-अलग वीडियो को जोड़कर तैयार किया गया है, जिसे अब फर्जी दावे से शेयर किया है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘bhakti sagar’ ने 25 सितंबर 2024 को वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “बागेश्वर धाम पहुंचे kbc जीते 5 करोड़।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च करना शुरू किया। हमें दावे से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट नहीं मिली।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने सोनी SET India के आधिकारिक यूट्यूब चैनल को खंगालना शुरू किया। असली वीडियो हमें 2 सितंबर 2022 को अपलोड हुआ मिला। वीडियो में वायरल वीडियो के हिस्से को सुना जा सकता है। वीडियो में अमिताभ बच्चन के सामने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री नहीं हैं, बल्कि कोई अन्य प्लेयर है। इसी वीडियो को एडिट कर गलत दावे से शेयर किया जा रहा है। वीडियो में अमिताभ बच्चन ने वहीं कपड़े पहने हैं, जो वायरल वीडियो में पहने हुए हैं।

वायरल वीडियो से जुड़ी खबर हमें दैनिक जागरण कि वेबसाइट पर भी मिली। खबर को 28 अगस्त 2022 को प्रकाशित किया गया है।

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के वीडियो क्लिप को सर्च किया। हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट को गूगल लेंस पर अपलोड किया। हमें आजतक के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर वीडियो अपलोड मिला। 29 जुलाई 2023 को अपलोड वीडियो में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री वाले हिस्से को देखा जा सकता है।

हमने वीडियो को बागेश्वर धाम के पीआरओ कमल अवस्थी के साथ शेयर किया। उन्होंने दावे को गलत बताया है। उनका कहना है कि यह वीडियो एडिटेड है।

अंत में हमने वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को स्कैन किया। यूजर को करीब 3 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने स्वयं को जयपुर का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के केबीसी में जाने और 5 करोड़ रुपए जितने का दावा फर्जी पाया। असल में वायरल वीडियो को एडिट कर तैयार किया गया है। 

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट