X
X

Fact Check: कोल्ड ड्रिंक और आम साथ खाने को जानलेवा बताने वाला दावा फर्जी, मनगढ़ंत घटना के साथ किया जा रहा शेयर

आम खाने के बाद कोल्ड ड्रिंक के सेवन से कोई जानलेवा रिएक्शन पैदा नहीं होता। एक्सपर्ट न्यूट्रिशनिस्ट ने वायरल दावे को झूठा बताया है। हालांकि, इन दोनों पदार्थों के एक साथ सेवन से शुगर का स्तर बढ़ सकता है। इसलिए दोनों चीजों के एक साथ सेवन से बचने की सलाह दी जा रही है।

  • By: ameesh rai
  • Published: Jun 9, 2021 at 07:00 PM

विश्‍वास न्‍यूज (नई दिल्‍ली)। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इस पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि आम खाने के तुरंत बाद कोल्ड ड्रिंक पीना जानलेवा होता है। इस पोस्ट में चंडीगढ़ में हुई एक कथित घटना का जिक्र किया जा रहा है, जिसमें बताया गया है कि आम खाने के बाद कोल्ड ड्रिंक पीने से कुछ यात्रियों की मौत हो गई। विश्वास न्यूज की पड़ताल में ये दावा गलत निकला है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, आम खाने के बाद कोल्ड ड्रिंक पीने से कोई जानलेवा रिएक्शन तैयार नहीं होता। चंडीगढ़ में भी ऐसी कोई घटना नहीं हुई है, जहां इस कॉम्बिनेशन का सेवन करने से किसी की मौत हुई हो।

क्या हो रहा है वायरल

विश्वास न्यूज को अपने फैक्ट चेकिंग वॉट्सऐप चैटबॉट (+91 95992 99372) पर भी ये दावा फैक्ट चेक के लिए मिला है। फेसबुक यूजर Manoj Prasad Gupat ने 3 जून 2021 को वायरल पोस्ट को शेयर किया है। इस पोस्ट में कथित तौर पर एक अखबार का स्क्रीनशॉट शेयर किया गया है। इसका शीर्षक है, ‘सावधान आम खाने के बाद…’ इसमें चंडीगढ़ की किसी घटना का जिक्र करते हुए बताया गया है कि वहां कुछ यात्रियों ने आम खाने के बाद कोल्ड ड्रिंक पी लिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पोस्ट के मुताबिक, आम खाने के बाद कोल्ड ड्रिंक पीने से साइट्रिक एसिड और कार्बनिक एसिड मिलकर जहर बनाता है।

इस पोस्ट के आर्काइव्ड वर्जन को यहां क्लिक कर देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्वास न्यूज ने इस दावे की पड़ताल के लिए सबसे पहले इंटरनेट पर ओपन सर्च के माध्यम यह जानना चाहा कि क्या इस दावे का कोई वैज्ञानिक प्रमाण हैं या नहीं। हमें इंटरनेट पर ऐसी कोई प्रामाणिक रिपोर्ट नहीं मिली, जो इस बात की पुष्टि करती हो कि आम खाने के बाद कोल्ड ड्रिंक पीना जानलेवा हो सकता है।

विश्वास न्यूज ने इस वायरल दावे को इंडिया डायटेटिक एसोसिएशन (IDA) की नेशनल एग्जीक्यूटिव कमेटी मेंबर और जानी मानी न्यूट्रिशनिस्ट नाजनीन हुसैन के साथ शेयर किया। उन्होंने हमें बताया, ‘आम में एसिड कंटेंट महज 0.1 मिलीग्राम होता है। कार्बोनिक एसिड की मात्रा भी काफी कम होती है। ऐसे में इस बात का कोई प्रमाण नहीं है कि यह दोनों मिलकर पेट की एसिडिटी को ज्यादा बढ़ा सकते हैं। हालांकि, एक ध्यान देने वाली यह बात जरूर है कि कार्बोनिक पेय पदार्थ खासकर एयरेटेड (गैस से भरे हुए) पेय पदार्थों में शुगर की मात्रा काफी होती है। आम में भी शुगर की मात्रा ज्यादा होती है। ऐसे में अगर आप इन दोनों का सेवन करते हैं तो इसका नतीजा ग्लाइसेमिक इंडेक्स और ग्लाइसेमिक लोड के रूप में सामने आता है। ऐसे में शरीर में शुगर का स्तर बढ़ने से रोकने के लिए इन दोनों चीजों के कॉम्बिनेशन से परहेज करना चाहिए। हालांकि, ये दावा फर्जी है कि इन दोनों पदार्थों का कॉम्बिनेशन जानलेवा हो सकता है।’

ऐसा नहीं है कि आम और कोल्ड ड्रिंक से जुड़ा ये दावा पहली बार वायरल हो रहा है। आम के मौसम (गर्मियों) में अक्सर ये दावा सोशल मीडिया पर वायरल होता है। विश्वास न्यूज पहले भी इस वायरल दावे की पड़ताल कर चुका है। तब हमने इस दावे को न्यूट्रिशनिस्ट अवनी के साथ शेयर किया था। उन्होंने भी इस दावे को फर्जी बताते हुए कहा था, ‘व्यावहारिक तौर पर देखें तो अगर साइट्रिक और कार्बोनिक एसिड का आपस में मिलना इंसान के लिए जहरीला होता तो मशहूर शिकंजी पीने के बाद लाखों भारतीयों की मौत हो जानी चाहिए। ऐसा इसलिए, क्योंकि आम की तुलना में नींबू में 10 गुना ज्यादा साइट्रिक एसिड होता है।’ उस फैक्ट चेक स्टोरी को यहां नीचे देखा जा सकता है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए यह भी जानना चाहा कि क्या चंडीगढ़ में आम और कोल्ड ड्रिंक का एकसाथ सेवन करने के बाद किसी की मौत की खबर आई है या नहीं। हमें ऐसी कोई प्रामाणिक रिपोर्ट नहीं मिली, जो चंडीगढ़ में ऐसी किसी घटना की पुष्टि करती हो। इस संबंध में हमने हमारे सहयोगी पंजाबी जागरण के चंडीगढ़ इंचार्ज जय सिंह छिब्बर से संपर्क किया। उन्होंने भी पुष्टि करते हुए बताया चंडीगढ़ में इस तरह की कोई घटना सामने नहीं आई है।

विश्वास न्यूज ने इस वायरल दावे को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर Manoj Prasad Gupat की प्रोफाइल को स्कैन किया। यूजर ने अपनी निजी जानकारियां पब्लिक नहीं कर रखी हैं।

निष्कर्ष: आम खाने के बाद कोल्ड ड्रिंक के सेवन से कोई जानलेवा रिएक्शन पैदा नहीं होता। एक्सपर्ट न्यूट्रिशनिस्ट ने वायरल दावे को झूठा बताया है। हालांकि, इन दोनों पदार्थों के एक साथ सेवन से शुगर का स्तर बढ़ सकता है। इसलिए दोनों चीजों के एक साथ सेवन से बचने की सलाह दी जा रही है।

  • Claim Review : आम खाने के तुरंत बाद कोल्ड ड्रिंक पीना जानलेवा होता है।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर Manoj Prasad Gupat
  • Fact Check : झूठ
झूठ
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later