Fact Check: म​हाराष्ट्र में गिरी है शिवाजी महाराज की प्रतिमा, गुजरात में नहीं

महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग के राजकोट किले में बनी ​शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिर गई है। इसको गुजरात से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।

Fact Check: म​हाराष्ट्र में गिरी है शिवाजी महाराज की प्रतिमा, गुजरात में नहीं

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। गुजरात में बारिश ने तबाही मचाई हुई है। कई शहरों में बाढ़ के हालात हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप वायरल हो रही है। इसमें छत्रपति शिवाजी महाराज की टूटी हुई प्रतिमा दिख रही है। इसे शेयर कर यूजर्स दावा कर रहे हैं कि गुजरात में तेज बारिश और तेज आंधी के चलते छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा ढह गई। इसके साथ में कुछ यूजर्स प्रतिमा के उद्घाटन की तस्वीर भी शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में यह प्रतिमा गिरी है। इसका गुजरात से कोई संबंध नहीं है। इस प्रतिमा का उद्घाटन 4 दिसंबर 2023 को हुआ था।

क्या है वायरल पोस्ट

एक्स यूजर Vijeta Choudhary ने 26 अगस्त को वीडियो और दो तस्वीरें शेयर (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा,

गुजरात में तेज बारिश और तेज आंधी के चलते आज
‘छत्रपति शिवाजी महाराज’ की प्रतिमा आज ढह गई!!
जो 4 दिसंबर, 2023 को उद्घाटन की गई थी!
Heavy Rainfall in Gujarat,Ahmedabad
उद्घाटन में कौन कौन नज़र आ रहे हैं

फेसबुक यूजर duniyadrishti ने भी शिवाजी की टूटी प्रतिमा का वीडियो गुजरात का बताकर शेयर (आर्काइव लिंक) किया है।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया। 26 अगस्त को आजतक की वेबसाइट पर इससे संबंधित खबर छपी है। इसमें वीडियो में दिख रही टूटी प्रतिमा की तस्वीरों को देखा जा सकता है। खबर के अनुसार, महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग के राजकोट किले में शिवाजी की प्रतिमा गिर गई। पिछले साल 4 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका अनावरण किया था। पिछले कुछ दिन में जिले में तेज हवाएं चल रही हैं और बारिश हो रही है। प्रतिमा करीब 35 फीट ऊंची थी। खबर में प्रतिमा के अनावरण की तस्वीर भी अपलोड है।

दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर 27 अगस्त को छपी खबर में शिवाजी के प्रतिमा के अनावरण और गिरी हुई प्रतिमा की वीडियो क्लिप को देखा जा सकता है। खबर में लिखा है, “राजकोट किले में बनी शिवाजी की 35 फीट ऊंची प्रतिमा 26 अगस्त की दोपहर को गिर गई थी। इसका उद्घाटन पीएम मोदी ने नेवी डे के अवसर पर पिछले साल 4 दिसंबर को ​किया था। महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने इसकी वजह तेज हवाओं को बताया है। उन्होंने इस प्रतिमा को दोबारा बनवाने की बात भी कही है। इस मामले में पुलिस ने कॉन्ट्रैक्टर जयदीप आप्टे और स्ट्रक्चरल कंसल्टेंट चेतन पाटिल के खिलाफ केस दर्ज किया है। वहीं, इंडियन नेवी ने प्रतिमा ढहने की जांच के आदेश दिए हैं।”

इस बारे में महाराष्ट्र के पत्रकार वरुण सिंह का कहना है कि ​महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिरी है।

दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 26 अगस्त को एएनआई के हवाले से छपी खबर में लिखा है कि पिछले दो दिन से गुजरात से भारी बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया है।

निष्कर्ष: महाराष्ट्र के सिंधुदुर्ग के राजकोट किले में बनी ​शिवाजी महाराज की प्रतिमा गिर गई है। इसको गुजरात से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।

Misleading
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट