Fact Check: बुलंदशहर में फैक्ट्री में विस्फोट की घटना सांप्रदायिक रंग देकर गलत दावे से वायरल

बुलंदशहर के नगर कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित मकान में विस्‍फोट हुआ था। मकान मालिक का नाम सतीश है, जबकि फैक्‍ट्री के संचालक का नाम राजकुमार है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सतीश ने यह मकान राजकुमार को किराए पर दिया था।

नई दिल्‍ली (विश्वास न्यूज)। उत्‍तर प्रदेश के बुलंदशहर में हाल ही में केमिकल फैक्‍ट्री में विस्‍फोट हुआ था। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक बस्‍ती से धुएं का गुबार उठता हुआ दिख रहा है।  वीडियो वायरल कर दावा किया जा रहा है कि यूपी के बुलंदशहर में मोहम्मद शफीक के घर में जोरदार धमाका हुआ है। उसके घर से केमिकल से भरे ड्रम बरामद हुए हैं। इस हादसे में अभी तक चार लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है।

विश्वास न्यूज ने इस वायरल दावे की पड़ताल की और पाया कि बुलंदशहर कि जिस केमिकल फैक्‍ट्री में विस्‍फोट हुआ था, उसके संचालक का नाम राजकुमार है। पुलिस ने मुख्य आरोपी राजकुमार तुरैहा को नोएडा से गिरफ्तार किया था। सोशल मीडिया पर वीडियो को गलत दावे के साथ वायरल किया जा रहा है।

क्‍या है वायरल पोस्‍ट

फेसबुक यूजर ‘भानु प्रताप सिंह‘ (आर्काइव लिंक)  ने 31 मार्च को 25 सेकंड का वीडियो पोस्‍ट करते हुए लिखा,

“UP के बुलंदशहर में मोहम्मद शफीक के घर में जोरदार ध’माका।

उसके घर से केमिकल से भरे ड्रम बरामद, अभी तक 4 के मा’रे जाने की पुष्टि हुई है

पुलिस और फोरेंसिक की कई टीमें मौके पर

गरीब का कुटीर उद्योग पूरी तरह तबाह”  

ब्‍लू टिक यूजर्स जितेंद्र प्रसाद सिंह (आर्काइव लिंक) व राम त्‍यागी हिंदू (आर्काइव लिंक)  ने भी इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है।

https://twitter.com/RamTyagiHindu/status/1641831369067331585

पड़ताल  

वायरल वीडियो की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर ओपन सर्च किया। 1 अप्रैल 2023 को एबीपी न्‍यूज के यूट्यूब चैनल पर इस बारे में वीडियो न्‍यूज अपलोड की गई है। इसमें वायरल वीडियो क्लिप को देखा जा सकता है। इसके मुताबिक, “यूपी के बुलंदशहर में 31 मार्च को केमिकल फैक्ट्री में जबरदस्त धमाका हुआ था। धमाके की सीसीटीवी फुटेज सामने आई है। धमाके की इस घटना में 4 लोगों की मौत हो गई थी।”

दैनिक भास्‍कर में पांच दिन पहले छपी खबर के अनुसार, “बुलंदशहर में शुक्रवार दोपहर को मकान में धमाका होने से महिला समेत छह लोगों की मौत हो गई है। खेतों के बीच में बने मकान में केमिकल बनाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि सिलेंडर फटने से यह हादसा हुआ है। नगर कोतवाली क्षेत्र के नया गांव में हादसा हुआ है। मकान मालिक का नाम सतीश कुमार है। उसके मुताबिक, उसने अपना मकान किराए पर दिया था। वहां कास्टिक और तेजाब को मिलाकर सर्फ बनाया जाता था। हादसे में अभिषेक, चंद्रपाल, विनोद, मुस्लिम रईस व उसके पांच साल के बेटे आहद के साथ ही एक महिला की मौत हुई है। सतीश ने यह मकान केमिकल डीलर राजकुमार को किराए पर दिया हुआ था। राजुकमार यहां कंपनी के नाम से केमिकल की पैकिंग भी कराता था। घटनास्‍थल से केमिकल के रैपर और बोतल भी मिले हैं।”

इस बारे में बुलंदशहर के एसएसपी श्‍लोक कुमार का बयान बुलंदशहर पुलिस के ट्विटर हैंडल से 31 मार्च 2023 को ट्वीट किया गया है। इसमें एसएसपी कह रहे हैं,  “कोतवाली नगर थाना क्षेत्र  में खेत में बने एक मकान में विस्‍फोट की सूचना मिली थी। कंपनी का नाम एमएस मेसर्स एयर स्‍टार ट्रेडर्स है। यह कंपनी राजकुमार नाम के शख्‍स पर रजिस्‍टर्ड है।”

इस बारे में हमने बुलंदशहर में दैनिक जागरण के क्राइम रिपोर्टर राजू मलिक से बात की। उनका कहना है, “मैंने इस हादसे को कवर किया था। फैक्‍ट्री के संचालक का नाम राजकुमार था। राजकुमार को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल दावा गलत है।”  राजू मलिक ने हमें दैनिक जागरण में छपी खबर की कटिंग भी भेजी।

फेसबुक यूजर  ‘भानु प्रताप सिंह‘  की प्रोफाइल को स्‍कैन करने पर हमें पता चला कि यूजर की प्रोफाइल 19 दिसंबर 2022 को बनी है। इसके करीब 2000 फॉलोअर्स हैं और वह 298 यूजर्स को फॉलो करता है। यूजर एक विशेष विचारधारा से प्रभावित है।

निष्कर्ष: बुलंदशहर के नगर कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित मकान में विस्‍फोट हुआ था। मकान मालिक का नाम सतीश है, जबकि फैक्‍ट्री के संचालक का नाम राजकुमार है, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सतीश ने यह मकान राजकुमार को किराए पर दिया था।

Misleading
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट