Fact Check: ऑस्ट्रिया में बादल फटने के वीडियो को सिक्किम का बताकर किया जा रहा वायरल

सिक्किम में 3 अक्टूबर को तीस्ता नदी में बाढ़ के बाद आपदा आ गई थी। इसमें कई लोगों की जान गई है, जबकि 100 से ज्यादा अभी लापता हैं। हालांकि, सिक्किम के नाम से वायरल वीडियो ऑस्ट्रिया का है, जिसे जून 2018 में फिल्माया गया था।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सिक्किम में आई आपदा के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें पहाड़ी क्षेत्र में बादल फटने के कारण काफी मात्रा में पानी गिरता दिख रहा है। इसे शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि यह वीडियो सिक्किम का है।  

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो ऑस्ट्रिया का है। इस वीडियो को जून 2018 में यूट्यूब पर अपलोड किया गया है। वहीं, सिक्किम में आपदा 3 अक्टूबर की रात को आई थी। वायरल वीडियो का सिक्किम से कोई संबंध नहीं है।

क्या है वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर ‘गुरु जी सदा सहाय‘ (आर्काइव लिंक) ने 8 अक्टूबर को वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा,

“सिक्किम में कैसे बादल फटा और उसके बाद 15 फिट अचानक पानी आने से सब कुछ खत्म, अब तक 24 मौत की खबर…”

फेसबुक पर कुछ अन्य यूजर्स ने भी इस वीडियो को सिक्किम का बताते हुए शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल वीडियो की जांच के लिए हमने इसका कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। द वाशिंगटन पोस्ट की वेबसाइट पर 19 जून 2018 को इससे संबंधित खबर छपी है। इसमें वायरल वीडियो क्लिप को भी देखा जा सकता है। इस वीडियो को पिछले हफ्ते दक्षिणी ऑस्ट्रिया में पीटर मैयर ने फिल्माया था। लेक मिलस्टैट पर यह बादल फटा था।

सर्च में हमें पीटर नायर यूट्यूब चैनल पर भी वायरल वीडियो का लंबा वर्जन मिला। इसे 12 जून 2018 को अपलोड किया गया है। इसके डिस्क्रिप्शन में जानकारी दी है, “ऑस्ट्रिया के कैरिंथिया में लेक मिलस्टैट पर माइक्रोबर्स्ट हुआ था। वीडियो को 10 जून 2018 को फिल्माया गया है। यह रिकॉर्डिंग मेरी है और इसका कॉपीराइट मेरे पास है।”

इसकी अधिक जानकारी के लिए हमने वीडियो में दी गई ईमेल आईडी पर संपर्क किया। इसका जवाब देते हुए राइनहार्ड बिमाशॉफर ने बताया, “यह वीडियो ऑस्ट्रिया के कैरिंथिया में लेक मिलस्टैट का है।” इससे साफ हो गया कि वायरल वीडियो का सिक्किम से कोई संबंध नहीं है। ”   

9 अक्टूबर को दैनिक जागरण की वेबसाइट पर छपी खबर के अनुसार, “तीस्ता नदी में बाढ़ के बाद 3 अक्टूबर को सिक्किम के चार जिलों में आपदा आ गई थी। अब तक 34 लोगों के शव मिल चुके हैं, जबकि 113 लोग लापता हैं। उत्तरी सिक्किम में फंसे पर्यटकों हेलीकॉप्टर के सहारे निकाला जा रहा है। इनमें कुछ विदेशी पर्यटक भी हैं।”

अंत में हमने वीडियो को सक्किम का बताकर शेयर  करने वाले यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। 11 मार्च 2020 को बने इस पेज के करीब 30 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: सिक्किम में 3 अक्टूबर को तीस्ता नदी में बाढ़ के बाद आपदा आ गई थी। इसमें कई लोगों की जान गई है, जबकि 100 से ज्यादा अभी लापता हैं। हालांकि, सिक्किम के नाम से वायरल वीडियो ऑस्ट्रिया का है, जिसे जून 2018 में फिल्माया गया था।

Misleading
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट