Fact Check: खेत में बैठे अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की फोटो एडिट करके दिखा दीं शराब की दुकानें

पिछले साल पंजाब चुनाव से पहले जनवरी में ​अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने पंजाब के चमकौर साहिब में किसानों से मुलाकात की थी। उन्होंने यह बैठक सरसों के खेत में की थी। उसी तस्वीर को एडिट कर वायरल किया जा रहा है।

Fact Check: खेत में बैठे अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की फोटो एडिट करके दिखा दीं शराब की दुकानें

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया की गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हो रही है। इसमें दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान चारपाई पर बैठे हैं। उनके पीछे शराब की दुकानें दिख रही हैं। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स इसे ‘आप’ पर तंज कसते हुए शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान की यह तस्वीर एडिटेड है। दरअसल, यह तस्वीर केजरीवाल और भगवंत मान की किसानों से मुलाकात के दौरान की है। उन्होंने जनवरी 2022 में खेत में उनसे मुलाकात की थी।

क्या है वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर ‘अतुल तीजारे‘ (आर्काइव लिंक) ने 1 मार्च को फोटो शेयर करते हुए लिखा,

अब हमें ही धंधा संभालना पड़ेगा…

पड़ताल

वायरल तस्वीर की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले इसे गूगल रिवर्स इमेज से सर्च किया। अंकिता शाह के ब्लू-टिक ट्विटर अकाउंट पर हमें इससे मिलती-जुलती तस्वीर मिली। 14 जनवरी 2022 को अपलोड इस तस्वीर (आर्काइव लिंक) में अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के पीछे शराब की दुकानें नहीं हैं।

https://twitter.com/Ankita_Shah8/status/1482007815762100224

14 जनवरी 2022 को लाइव हिन्दुस्तान में भी इस बारे में खबर छपी है। इसमें भी वायरल तस्वीर से मिलती-जुलती फोटो अपलोड है। खबर के अनुसार, मामला पंजाब चुनाव से पहले का है। अरविंद केजरीवाल और पंजाब ‘आप’ के प्रमुख भगवंत मान ने चमकौर साहिब में कुछ किसानों से मुलाकात की। इस दौरान दोनों सरसों के खेत में चारपाई पर बैठे। वहां उन्होंने सीएम चरणजीत सिंह चन्नी पर निशाना साधा।

आम आदमी पार्टी के यूट्यूब चैनल पर भी किसानों के मुलाकात की वीडियो को देखा जा सकता है। इसे 14 जनवरी 2022 को अपलोड किया गया है। इसमें 18 सेकंड के फ्रेम में वायरल तस्वीर से मिलती-जुलती तस्वीर को देखा जा सकता है। इसमें उनके पीछे सरसों सरसो का खेत दिख रहा है।

दोनों तस्वीरों को देखने से पता चलता है कि वायरल तस्वीर एडिटेड है। असली फोटो में केजरीवाल और मान सरसों के खेत में चारपाई पर बैठे हैं, जबकि एडिटेड इमेज में खेत की जगह शराब की दुकानें जोड़ दी गई हैं।

पिछले साल जनवरी में भी यह तस्वीर दुष्प्रचार की मंशा से वायरल हुई थी। विश्वास न्यूज की रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

इस बारे में हमने पंजाब में आम आदमी पार्टी के मुख्य प्रवक्ता मालविंदर सिंह कंग से संपर्क कर उनको वायरल तस्वीर भेजी। उनका कहना है, “यह एडिटेड है।

एडिटेड फोटो को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर ‘अतुल तीजारे‘ की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। इसके मुताबिक, वह नागपुर में रहते हैं और एक विचारधारा से प्रेरित हैं। उनके करीब 5 हजार फ्रेंड्स हैं। उन्हें करीब 10 हजार यूजर्स फॉलो करते हैं, जबकि वह करीब 6 हजार लोगों को फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: पिछले साल पंजाब चुनाव से पहले जनवरी में ​अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने पंजाब के चमकौर साहिब में किसानों से मुलाकात की थी। उन्होंने यह बैठक सरसों के खेत में की थी। उसी तस्वीर को एडिट कर वायरल किया जा रहा है।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट