X
X

Fact Check : अरुणा ने नहीं छोड़ा था मास्टर शेफ इंडिया, अंडे की डिश के नाम पर वायरल दावा भ्रामक

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अरुणा जैन ने शो में अंडा की एक डिश को बनाने से मना कर दिया था, लेकिन उन्होंने शो को नहीं छोड़ा था और न ही प्राइज मनी लेने को लेकर कुछ कहा था। इसके लिए  उन्होंने इम्युनिटी  पिन दे दिया, जो कि प्रतियोगी को बाहर होने से बचाता है। 

विश्वास न्यूज (नई दिल्ली)। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि मास्टरशेफ इंडिया के सीजन-7 की प्रतियोगी अरुणा जैन को शो में अंडा की एक डिश को बनाने के लिए कहा गया। उन्होंने इसे बनाने से मना कर दिया और शो के साथ-साथ 25 लाख रुपये के इनाम को भी छोड़ दिया। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। अरुणा विजय ने शो में अंडा की एक डिश को बनाने से मना कर दिया था। उन्होंने कहा था, मैं जैन समुदाय से हूं। मैं अपने सिद्धांतों के कारण यह नहीं बना सकती। हालांकि,  उन्होंने शो को नहीं छोड़ा था और न ही प्राइज मनी लेने को लेकर कुछ कहा था। इसके लिए  उन्होंने इम्युनिटी  पिन दे दिया, जो कि प्रतियोगी को बाहर होने से बचाता है। 

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘रवि घायल’ ने 5 अगस्त 2023 को वायरल पोस्ट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “गर्व है हमें अरुणा जैन जी पर..अरुणा ने 25 लाख का इनाम ठुकरा दिया पर अंडे की डिश नही बनायी। ये सबक है उन लोगों के लिए जो अंडा और मांसाहार खाने को अपना स्टैंडर्ड मानने लगे है। दरअसल अरुणा को मास्टर शेफ इंडिया में टॉप- 10 में आने के बाद एक नया टास्क दिया गया। इस टास्क में उन्हें डिश में अंडे को डालना था और ये जरूरी था। लेकिन अरुणा ने स्पष्ट मना किया कि वह अंडे को डिश में नहीं डालेंगी। आख़िरकार अरुणा ने 25 लाख की इनामी दौड़ से हटने का फैसला किया।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च करना शुरू किया। इस दौरान हमें दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट टाइम्स ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 22 फरवरी 2023 को प्रकाशित किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, मास्टरशेफ इंडिया की प्रतियोगी अरुणा विजय ने अपना इम्युनिटी  पिन छोड़ दिया और ट्वीट कर बताया कि उन्होंने अपने सिद्धांतों के कारण अंडा की डिश नहीं बनाई। 

अन्य न्यूज रिपोर्ट्स को यहां पर देखें।

पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने सोनी एंटरटेनमेंट टीवी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल को खंगालना शुरू किया। हमें दावे से जुड़ा वीडियो 4 अप्रैल 2023 को अपलोड हुआ मिला। यह घटना एपिसोड 24 में हुई थी, जब प्रतियोगियों को अंडे पर आधारित डिश बनानी थी। इस एपिसोड में देखा जा सकता है कि अरुणा विजय ने अंडा पकाने से इनकार कर दिया था।, जिसकी वजह से उनका इम्युनिटी पिन ले लिया गया था। शो में इम्युनिटी पिन प्रतियोगी को एलिमिनेशन से बचाता है। हालांकि, इम्युनिटी पिन देने का मतलब यह नहीं है कि किसी प्रतियोगी को शो से निकाल दिया गया है या फिर उन्होंने शो को छोड़ दिया है। हमें ऐसी भी कोई जानकारी नहीं मिली कि उन्होंने प्राइज मनी लेने से इनकार कर दिया था।

जांच के दौरान हमें 28 अप्रैल 2023 को अपलोड हुआ एपिसोड 63 का एक वीडियो मिला। इस एपिसोड में देखा जा सकता है कि अरुणा विजय टॉप 4 तक गई थी। इसके बाद वो एलिमिनेट हो गई थी।  इस सीजन को नयन ज्योति सैकिया ने जीता था।

अधिक जानकारी के लिए हमने वरिष्ठ एंटरटेनमेंट पत्रकार पराग छापेकर से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, “वायरल दावा गलत है। अरुणा विजय ने इम्युनिटी पिन छोड़ा था न कि शो।”

अंत में हमने पोस्ट को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर के 5.2 हजार फॉलोअर्स हैं। प्रोफाइल पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, यूजर फरीदाबाद का रहने वाला है। यूजर दिसंबर 2021 से फेसबुक पर मौजूद हैं। 

निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि अरुणा विजय ने शो में अंडा की एक डिश को बनाने से मना कर दिया था, लेकिन उन्होंने शो को नहीं छोड़ा था और न ही प्राइज मनी लेने को लेकर कुछ कहा था। इसके लिए  उन्होंने इम्युनिटी  पिन दे दिया, जो कि प्रतियोगी को बाहर होने से बचाता है। 

  • Claim Review : अरुणा ने अंडे को डिश के कारण मास्टर शेफ और 25 लाख का इनाम छोड़ा।
  • Claimed By : फेसबुक यूजर रवि घायल
  • Fact Check : भ्रामक
भ्रामक
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later