Fact Check : अमरोहा में जुए में पत्नी को हारने वाले शख्स के समुदाय को लेकर वायरल दावा गलत

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में जुए में पत्नी को हारने के आरोपी की पहचान को लेकर सोशल मीडिया पर गलत दावा किया जा रहा है। आरोपी मुस्लिम समुदाय से संबंध रखता है।

Fact Check : अमरोहा में जुए में पत्नी को हारने वाले शख्स के समुदाय को लेकर वायरल दावा गलत

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। दिवाली के त्योहार के दौरान अमरोहा की एक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इसमें दावा किया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक पति ने जुए में हारने पर पत्नी को गिरवी रख दिया। इस मामले में कुमार के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। इस पोस्ट को शेयर कर एक समुदाय को निशाना बनाया जा रहा है।

विश्‍वास न्‍यूज ने अपनी जांच में पाया कि आरोपी की पहचान को लेकर किया जा रहा दावा गलत है। दरअसल, अमरोहा में एक महिला ने अपने पति पर जुए में उसको हारने का आरोप लगाया है। आरोपी मुस्लिम है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है।

क्या है वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर ‘Ziya Express‘ (आर्काइव लिंक) ने 11 नवंबर को पोस्ट करते लिखा,

“संस्कार: जुए में हारने पर पति ने पत्नी को रख दिया गिरवी , उत्तर प्रदेश के अमरोहा की है घटना ,
कुमार के खिलाफ़ मामला दर्ज”

‘दीपा सम्राट’ (आर्काइव लिंक) नाम के एक्स यूजर ने भी इस तरह के दावे को पोस्ट किया है।

https://twitter.com/Dipa15594793/status/1723005736786043129

पड़ताल

वायरल दावे के जांच के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। 11 नवंबर को जी न्यूज में छपी खबर में लिखा है कि मामला यूपी के अमरोहा के डिडौली थाने इलाके सिनोरा जलालाबाद का है। वहां एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि उसका पति उसको जुए में हार गया है। उसने ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप भी लगाया। उसका निकाह तीन साल पहले आरोपी से हुआ था। खबर के अनुसार, पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने कहा है कि उसका शौहर जुआरी है। वह उससे जुए के लिए लाखों रुपये मांगता है। 6 माह पहले उसको उसके पति और ससुरालियों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया था। पति ने उसे दिल्ली में रखा। वहां आरोपी उसे जुए में हार गया। पीड़िता का भाई उसे वहां से लेकर गया। खबर के अनुसार, आरोपी मुस्लिम है।

इस मामले में अमरोहा पुलिस के एक्स हैंडल से एक्स यूजर दीपा सम्राट की पोस्ट पर जवाब देते हुए लिखा गया है कि महिला की तहरीर पर उसके पति और ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। इसमें भी आरोपी मुस्लिम समुदाय का बताया गया है।

इस बारे में हमने अमरोहा में दैनिक जागरण के क्राइम रिपोर्टर आतिफ अली से बात की। उनका कहना है, “पुलिस ने पीड़िता के पति समेत नौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपी मुस्लिम समुदाय से संबंध रखता है।” उन्होंने हमें एफआईआर की कॉपी भी भेजी, जिसमें लिखा है कि महिला की तीन साल पहले आरोपी से मुस्लिम रीति-रिवाज से शादी हुई थी।

अंत में हमने भ्रामक पोस्ट करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। 23 जनवरी 2021 को बने इस पेज के करीब 19 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में जुए में पत्नी को हारने के आरोपी की पहचान को लेकर सोशल मीडिया पर गलत दावा किया जा रहा है। आरोपी मुस्लिम समुदाय से संबंध रखता है।

Misleading
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट