Fact Check : दुनिया की सबसे बड़ी स्क्रीन यूएस में है, अयोध्या का दावा भ्रामक

अयोध्या में लगी स्क्रीन दुनिया की सबसे बड़ी स्क्रीन नहीं है। हां, इस पर पांच साल तक रामायण दिखाई जाएगी। दुनिया की सबसे बड़ी स्क्रीन यूएसए के लॉस वेगास में है।

Fact Check : दुनिया की सबसे बड़ी स्क्रीन यूएस में है, अयोध्या का दावा भ्रामक

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। दीपावली को लेकर अयोध्या में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। शहर के घाटों को 24 लाख दीपों से रोशन किया जाएगा। इस बीच सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही है। इसमें एक वीडियो को पोस्ट कर दावा किया जा रहा है कि अयोध्या में दुनिया की सबसे बड़ी 200 फीट की  स्क्रीन लगेगी। इस पर 5 साल तक रामायण दिखाई जाएगी।

विश्‍वास न्‍यूज ने अपनी जांच में पाया कि दुनिया की सबसे बड़ी स्क्रीन यूएस के लॉस वेगास में है, जिसकी लंबाई 112 मीटर (367 फीट) और चौड़ाई 157 मीटर (515 फीट) है। जबकि अयोध्या में लगी स्क्रीन की लंबाई 200 फीट और चौड़ाई 30 फीट है। इस पर पांच साल तक रामायण दिखाई जाएगी। अयोध्या में दुनिया की सबसे बड़ी स्क्रीन लगने का दावा भ्रामक है।

क्या है वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर ‘हिंदू राष्ट्र अखंड भारत‘ (आर्काइव लिंक) ने 8 नवंबर को वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा,

“अयोध्या में लगेगी दुनिया की सबसे बड़ी 200फीट कि स्क्रीन 5नवंबर को ट्रायल होगा

इस पर 5 साल तक दिखाई जाएगी रामायण”

वीडियो में मंदिर के निर्माण की तस्वीर दिख रही है।  

फेसबुक पर कई अन्य यूजर्स ने भी इस तरह का दावा किया है।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले अयोध्या में लगने वाली स्क्रीन के बारे में सर्च किया। पत्रिका (आर्काइव लिंक) की वेबसाइट पर इससे जुड़ी खबर को देखा जा सकता है। 1 नवंबर 2023 को छपी खबर में लिखा है, “अयोध्या में राम की पैड़ी में रामायण दिखाने का विशेष प्रबंध किया गया है। यहां दुनिया की सबसे बड़ी स्क्रीन लगी है, जिसकी ऊंचाई 200 फिट है। इसे दुनिया की सबसे बड़ी स्क्रीन बताया जा रहा है। इस पर लगातार पांच साल तक भगवान राम के जीवन के प्रसंगों को दिखाया जाएगा।”

आजतक की वेबसाइट पर 1 नवंबर को छपी खबर में लिखा है कि अयोध्या में 200 फीट की एक स्क्रीन लगी है, जिसे दुनिया की सबसे बड़ी स्क्रीन बताया जा रहा है। इस पर पांच साल तक रामायण के प्रसंग चलेंगे। 22 जनवरी 2024 को राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम होगा। इसके बाद मंदिर लोगोंं के लिए खोल दिया जाएगा।

इस बारे में हमने अयोध्या में दैनिक जागरण के ब्यूरो चीफ रामशरण अवस्थी से भी बात की। उनका कहना है, “अयोध्या में लगी स्क्रीन 200 फीट ऊंची है। इस पर पांच साल तक रामायण दिखाई जाएगी।

वहीं, अयोध्या के स्थानीय टीवी पत्रकार अनूप ने कहा, “अयोध्या में स्क्रीन अभी पूरी तरह से नहीं लगी है। इसकी फ्रेमिंग का काम अभी होना हैं। यह 200 फीट ऊंची और 30 फीट चौड़ी (600 स्क्वायर फीट) है।

इसके बाद हमने दुनिया में सबसे बड़ी स्क्रीन के बारे में सर्च किया। यूके की द स्टैंटडर्ड नाम की वेबसाइट पर 13 सितंबर 2023 को छपी खबर में लिखा है कि फिल्म निर्माता डैरेन एरोनोफ़्स्की ने लास वेगास में द स्फीयर के अंदर विशाल स्क्रीन की पहली झलक पेश की है। यह दुनिया की सबसे बड़ी गोलाकार संरचना है, जो 336 फीट ऊंची और 556 फीट चौड़ी है। इसके अंदर दुनिया की सबसे बड़ी एलईडी स्क्रीन है, जो दर्शकों के चारों ओर घूमती है। इसका एरिया 160,000 वर्ग फुट है। स्क्रीन का आकार चार फुटबाल मैदानों के बराबर है। लंदन में बीएफआई आईमैक्स में यूके की सबसे बड़ी सिनेमा स्क्रीन का कुल आकार 5,520 वर्ग फुट है, जबकि दुनिया की सबसे बड़ी सिनेमा स्क्रीन जर्मनी में ट्रूमप्लास्ट लियोनबर्ग आईमैक्स 8,770 वर्ग फुट की है।

स्काई न्यूज की वेबसाइट पर 6 जुलाई 2023 को छपी वीडियो न्यूज में दिया गया है कि लास वेगास में पहली बार दुनिया की सबसे बड़ी वीडियो स्क्रीन को पूरी तरह से रोशन किया गया। यह 580,000 वर्ग फीट की है।

बीबीसी में 5 जुलाई को छपी वीडियो न्यूज में भी लॉस वेगास की इस स्क्रीन को दुनिया की सबसे बड़ी एलईडी स्क्रीन बताया गया है।

6 जुलाई को सीएनएन में छपी खबर में लिखा है कि इस 366 फीट ऊंची और 516 फीट चौड़ी संरचना को दुनिया की सबसे बड़ी गोलाकार संरचना माना जा रहा है। इसके कटोरे के आकार के थिएटर में कथित तौर पर दुनिया की उच्चतम-रिजोल्यूशन वाली रैपराउंड एलईडी स्क्रीन है।

इससे साफ होता है कि लॉस वेगास में दुनिया की सबसे बड़ी स्क्रीन है, जिसकी ऊंचाई 300 फीट से ज्यादा है।

इसके बाद हमने वीडियो में दी गई तस्वीर को गूगल लेंस की मदद से सर्च लिया। 13 सितंबर 2023 को इंडिया डॉट कॉम वेबसाइट पर यह फोटो देखी जा सकती है। खबर में इसे अयोध्या में बन रहे राम मंदिर निर्माण की बताया गया है।

अंत में हमने भ्रामक दावा करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को स्कैन किया। एक विचारधारा से प्रभावित यूजर के करीब 4900 फ्रेंड्स हैं।

निष्कर्ष: अयोध्या में लगी स्क्रीन दुनिया की सबसे बड़ी स्क्रीन नहीं है। हां, इस पर पांच साल तक रामायण दिखाई जाएगी। दुनिया की सबसे बड़ी स्क्रीन यूएसए के लॉस वेगास में है।

Misleading
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट