Fact Check : असम बाढ़ के एक साल पुराने वीडियो को दिल्ली का बताकर किया जा रहा वायरल

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पानी से भरे कमरे में तैरते लड़कों के वायरल वीडियो का दिल्ली से कोई संबंध नहीं है। असल में यह वीडियो एक साल पहले असम के सिलचर में आई बाढ़ का है। 

Fact Check : असम बाढ़ के एक साल पुराने वीडियो को दिल्ली का बताकर किया जा रहा वायरल

विश्वास न्यूज (नई दिल्ली)। दिल्ली में आई बाढ़ के बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग पानी से भरे एक कमरे में तैरते हुए वीडियो बना रहे हैं। इस वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह दिल्ली के एक हॉस्टल का है। 

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो का दिल्ली से कोई संबंध नहीं है। असल में यह वीडियो एक साल पहले असम के सिलचर में आई बाढ़ का है। 

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘नरेश यादव’ ने 15 जुलाई वायरल वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “दिल्ली में किसी हॉस्टल में इंजीनियरिंग के छात्र।”

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया। इस दौरान हमें इसका लंबा वर्जन सुरोजीत दास नामक एक फेसबुक अकाउंट पर मिला। वीडियो में लोग खुद को असम के सिलचर शहर का बताते हुए नजर आ रहे हैं। 

प्राप्त जानकारी के आधार पर हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स से सर्च करना शुरू किया। हमें यह वीडियो जस्टिस नामक एक यूट्यूब अकाउंट पर जून 2022 को अपलोड हुआ मिला। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो असम  के सिलचर में आई बाढ़ का है। 

पड़ताल के दौरान हमें यह वीडियो आईएनएन बांग्ला न्यूज नामक एक फेसबुक पेज पर भी मिला। वीडियो को जून 2022 को शेयर किया गया है। पोस्ट के मुताबिक, वीडियो में लड़के असम के सिलचर में आई बाढ़ के भयानक दृश्य को दिखाते हुए नजर आ रहे हैं। 

नवभारत टाइम्स में 24 जून 2022 को प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, “असम में 45.34 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। ब्रह्मपुत्र और बराक नदियां अपनी सहायक नदियों के साथ उफान पर थी। राज्य में बाढ़ के कारण 24 घंटे में सात और लोगों की मौत हो जाने से इस आपदा में अब तक मरने वाले लोगों की कुल संख्या बढ़कर 108 हो गई थी।”

अधिक जानकारी के लिए हमने असम के असमिया प्रतिदिन के वरिष्ठ संपादक विद्युत कुमार सरमाह से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, यह वीडियो तकरीबन एक साल पुराना है और असम में आई बाढ़ का है।

अंत में हमने वीडियो को गलत दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर के 5.3 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष : विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि पानी से भरे कमरे में तैरते लड़कों के वायरल वीडियो का दिल्ली से कोई संबंध नहीं है। असल में यह वीडियो एक साल पहले असम के सिलचर में आई बाढ़ का है। 

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट