Fact Check : डांस करते विराट कोहली और क्रिस गेल का पुराना वीडियो WPL 2024 से जोड़कर वायरल

विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि विराट कोहली के अलग-अलग वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। ये वीडियो पुराने हैं, इनका हाल में WPL 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की जीत से कोई संबंध नहीं है। कुछ लोग पुराने वीडियो को हालिया बताकर शेयर कर रहे हैं।

Fact Check : डांस करते विराट कोहली और क्रिस गेल का पुराना वीडियो WPL 2024 से जोड़कर वायरल

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने वुमेंस प्रीमियर लीग 2024 के दूसरे सीजन के फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। जिसके बाद सोशल मीडिया पर विराट कोहली का एक वायरल हो रहा है। जिसमें उन्हें क्रिस गेल के साथ डांस करते हुए देखा जा सकता है। कई यूजर्स विराट कोहली के डांस के अलग-अलग वीडियो को हालिया बताकर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज की पड़ताल में यह दावा भ्रामक निकला। विराट कोहली का यह वीडियो साल 2016 का है। जब विराट कोहली और क्रिस गेल के बीच डांस कॉम्पिटीशन हुआ था और दोनों ने जमकर डांस किया था। असल में विराट कोहली के अलग-अलग समय के वीडियो को हालिया वुमन प्रीमियर लीग 2024 से जोड़कर शेयर किया जा रहा है।

क्या हो रहा है वायरल?

फेसबुक यूजर ‘anushka kumari ’ ने (आर्काइव लिंक) वायरल वीडियो को शेयर करते हुए लिखा है, “WPL जीतने के बाद विराट कोहली का रिएक्शन। विराट कोहली क्रिस गेल को बुलाया और डांस किया।”

फेसबुक यूजर Movies 2024 (आर्काइव लिंक) ने भी विराट कोहली समेत अन्य क्रिकेटर्स का एक वीडियो शेयर किया है। जिसके साथ दावा किया गया है, “विराट कोहली डांस women टीम RCB win”

फेसबुक यूजर्स CricketStudioreport (आर्काइव लिंक) ने भी विराट कोहली का एक वीडियो शेयर किया है। जिसके साथ दावा किया गया है, “wpl में rcb के चैंपियन बनने की ख़ुशी में विराट कोहली को छाया जीत का नशा करने लगे डांस। देखें पूरा वीडियो।”

पड़ताल

विराट कोहली के वायरल वीडियोज की हमने एक-एक करके पड़ताल की। हमने सबसे पहले कोहली और क्रिस गेल के वीडियो को संबंधित कीवर्ड से सर्च किया। हमें वीडियो से जुड़ी खबर साल 2016 में कई न्यूज वेबसाइट पर मिली। अमर उजाला की वेबसाइट (आर्काइव लिंक) पर 28 अप्रैल 2016 को वीडियो से जुड़ी खबर मिली। प्रकाशित खबर में बताया गया है, “रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर के क्रिकेटर क्रिस गेल और कप्तान विराट कोहली इस तस्वीर में बेहद ही खुश नजर आ रहे हैं। दोनों के बीच डांस कॉम्पिटीशन न चल रहा है। इस वीडियो में गिटार आरसीबी के ही ऑलराउंडर शेन वॉटसन बजा रहे हैं।”

वायरल वीडियो से जुड़ी अन्य खबरें यहां देखी जा सकती है।

दूसरा वीडियो

जांच में आगे हमने दूसरे वीडियो, जिसमें विराट कोहली के साथ अन्य क्रिकेटर्स को देखा जा सकता है, उसे सर्च किया। हमने वीडियो के स्क्रीनशॉट को गूगल इमेज पर अपलोड किया। स्पोर्ट्स कीड़ा की वेबसाइट पर वीडियो से जुड़ी खबर मिली। 22 मई 2022 को प्रकाशित खबर में वीडियो के स्क्रीनशॉट का इस्तेमाल किया गया है। प्रकाशित खबर के मुताबिक, “वीडियो आईपीएल 2022 के दौरान का है, जब मुंबई इंडियंस द्वारा दिल्ली कैपिटल को हराने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने इस तरह ख़ुशी मनाई थी।”

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने भी अपने एक्स हैंडल पर वीडियो से जुड़ी तस्वीरों को 22 मई 2022 को शेयर किया था।

https://twitter.com/RCBTweets/status/1528094282376105984

तीसरा वीडियो

जांच को आगे बढ़ाते हुए हमने विराट कोहली के मैदान पर डांस करने के वीडियो को खोजा। संबंधित कीवर्ड से सर्च करने पर हमें Eros Now के वेरिफाइड फेसबुक पर वीडियो अपलोड मिला। वीडियो (आर्काइव लिंक) को 16 अक्टूबर 2020 को शेयर किया गया था।

वीडियो से जुड़ी खबर हमें इंडिया डॉट कॉम की वेबसाइट पर मिली। 15 अक्टूबर 2020 को प्रकाशित खबर में बताया गया है,”आईपीएल में पंजाब की टीम के खिलाफ मैच से पहले विराट का एक वीडिया काफी वायरल हो रहा है, जिसमें वो छोटे बच्‍चे की तरह सारी फिक्र छोड़कर ग्राउंड में नाचते हुए नजर आ रहे हैं।”

वायरल दावे को लेकर हमने एक बार फिर से गूगल पर सर्च किया। जागरण डॉट कॉम पर 17 मार्च 2024 को प्रकाशित खबर के अनुसार, “आरसीबी मेंस टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली ने (आर्काइव लिंक) महिला टीम की जीत पर इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर की। उन्होंने महिला टीम की तस्वीर शेयर की और ‘SUPERWOMEN’ लिखा। कोहली ने वीडियो कॉल कर स्मृति मंधाना को जीत की बधाई दी। इसकी एक तस्वीर आरसीबी ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया।”

वीडियो को लेकर हमने दैनिक जागरण के खेल संपादक अभिषेक त्रिपाठी से संपर्क किया। उन्होंने वीडियो को पुराना बताया है।

अंत में हमने वायरल पोस्ट को शेयर करने वाली यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 8 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं। प्रोफाइल पर मौजूद जानकारी के मुताबिक, यूजर वाराणसी की रहने वाली है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जांच में पाया कि विराट कोहली के अलग-अलग वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। ये वीडियो पुराने हैं, इनका हाल में WPL 2024 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की जीत से कोई संबंध नहीं है। कुछ लोग पुराने वीडियो को हालिया बताकर शेयर कर रहे हैं।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट