विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो एडिटेड है। असली वीडियो में रोनाल्डो ने विराट कोहली का कोई जिक्र नहीं किया था।
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली को कई बार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की तारीफ करते देखा गया है। इसके बाद अब सोशल मीडिया पर अब एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर रोनाल्डो को कोहली की तारीफ करते देखा जा सकता है। पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि रोनाल्डो कोहली के फैन हैं।
विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो एडिटेड है। असली वीडियो में रोनाल्डो ने कहीं भी विराट कोहली का जिक्र नहीं किया था।
फेसबुक यूजर ‘Rayaji Kumar’ (आर्काइव लिंक) ने 11 अक्टूबर 2024 को इस वीडियो को शेयर किया। साथ में लिखा , “Ronaldo’s thoughts on Virat Kohli.”
इस पोस्ट की पड़ताल करने के लिए हमने वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल लेंस पर सर्च किया। वायरल वीडियो में रोनाल्डो ने बेज कलर की पराडा की जैकेट पहनी है। हमने इस कीफ्रेम को कैप्चर किया और उसे गूगल लेंस पर ढूंढा। हमें कई उनके इस लुक के साथ कई रील्स और शॉर्ट वीडियो मिले, जिनमें इसे रोनाल्डो के रियो फर्डिनेंड को दिए इंटरव्यू का बताया गया।
कीवर्ड्स के साथ ढूंढ़ने पर हमें रियो फर्डिनेंड और रोनाल्डो का यह पूरा वीडियो रियो फर्डिनेंड के यूट्यूब चैनल Rio Ferdinand Presents पर 12 सितम्बर 2024 को अपलोड मिला। 36 मिनट के इस वीडियो को हमने पूरा देखने का फैसला लिया। हमने यह पूरा वीडियो देखा मगर हमें कहीं भी विराट कोहली का जिक्र नहीं मिला।
इसके बाद हमने कीवर्ड्स की मदद से ढूंढा कि क्या क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने कोहली को लेकर ऐसी कोई बात कही है। हमें कहीं भी उनका ऐसा कोई बयान नहीं मिला।
वायरल पोस्ट को लेकर हमने दैनिक जागरण के खेल संपादक अभिषेक त्रिपाठी से बात की। उन्होंने कन्फर्म किया कि यह वीडियो क्लिप रोनाल्डो और रियो फर्डिनेंड के एक डिस्कशन का है और इस पूरे वीडियो में रोनाल्डो ने कहीं भी कोहली का जिक्र नहीं किया था।
वायरल वीडियो को Rayaji Kumar नाम के फेसबुक यूजर ने शेयर किया था। यूजर ने अपनी जानकारी हाइड कर रखी है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो एडिटेड है। असली वीडियो में रोनाल्डो ने विराट कोहली का कोई जिक्र नहीं किया था।
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्यम से भी सूचना दे सकते हैं।