Fact Check: साक्षी मलिक ने किया है संन्यास का एलान, विनेश फोगाट ने नहीं

भारतीय कुश्ती महासंघ के चुनाव नतीजे सामने आने के बाद आयोजित की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहलवान साक्षी मलिक ने संन्यास का एलान किया था। विनेश फोगाट ने संन्यास को लेकर कोई घोषणा नहीं की थी। सोशल मीडिया पर वायरल दावा भ्रामक है।

Fact Check: साक्षी मलिक ने किया है संन्यास का एलान, विनेश फोगाट ने नहीं

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के चुनाव में बृजभूषण सिंह के करीबी संजय सिंह के अध्यक्ष बनने के बाद अंतरराष्ट्रीय पहलवानों विनेश फोगाट, बजरंग पुनिया और साक्षी मलिक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स दावा कर रहे हैं कि साक्षी मलिक और विनेश फोगाट ने संन्यास का एलान कर दिया है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि डब्ल्यूएफआई के चुनाव नतीजे आने के बाद आयोजित की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में साक्षी मलिक ने संन्यास लेने का एलान किया था, जबकि विनेश फोगाट ने संन्यास का लेकर कोई बात नहीं की थी। सोशल मीडिया पर वायरल दावा भ्रामक है।

क्या है वायरल पोस्ट

एक्स यूजर Bharat 24 – Vision Of New India @Bharat24Liv ने 21 दिसंबर को वीडियो न्यूज पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा कि पहलवान साक्षी मलिक और विनेश फोगाट ने कुश्ती से संन्यास का ऐलान कर दिया है।

एबीपी लाइव की वेबसाइट पर छपी वीडियो न्यूज (आर्काइव लिंक) में दावा किया गया है कि विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने संन्यास का एलान किया है।

फेसबुक यूजर Ranjana K. (आर्काइव लिंक) ने भी 21 दिसंबर को इसी तरह का दावा पोस्ट किया।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने सबसे पहले कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर सर्च किया। दैनिक जागरण की वेबसाइट पर 21 दिसंबर को छपी खबर में लिखा है कि कुश्ती संघ के चुनाव के परिणाम आने के बाद पहलवान साक्षी मलिक ने संन्यास की घोषणा कर दी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने यह एलान किया। खबर में यह भी लिखा है कि संजय सिंह के संघ के अध्यक्ष चुने जाने के बाद विनेश फोगाट ने कहा कि उम्मीदें बहुत कम हैं, लेकिन हमें उम्मीद है कि न्याय मिलेगा। हम अब भी लड़ रहे हैं। रिपोर्ट में विनेश फोगाट के संन्यास के एलान के बारे में कोई जिक्र नहीं है।

डेक्कन हेराल्ड में पीटीआई के हवाले से छपी खबर के अनुसार, संजय सिंह के डब्ल्यूएफआई का चुनाव जीतने के बाद रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक ने खेल से संन्यास लेने की घोषणा की है। संजय सिंह बृज भूषण शरण सिंह के करीबी हैं। साक्षी मलिक ने कहा कि वे एक महिला अध्यक्ष चाहते थे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। चुनाव के बाद मीडिया को संबोधित करने वाले बजरंग और विनेश फोगाट ने यह नहीं बताया कि वे खेल से संन्यास लेंगे या नहीं।

इंडियन एक्सप्रेस में छपी खबर में भी लिखा है, “संजय सिंह डब्ल्यूएफआई के अध्यक्ष चुने गए। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स की पूर्व स्वर्ण पदक विजेता अनीता श्योराण को हराया है। नई दिल्ली में प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में पहलवान साक्षी मलिक और विनेश फोगाट रो पड़ीं। विनेश ने कहा है कि संजय सिंह बृजभूषण का दाहिना हाथ है। वह उनके लिए अपने बेटे से भी ज्यादा खास हैं। अब जब वह अध्यक्ष हैं, तो महिला पहलवानों का आने वाला बैच भी शिकार बनेगा। इस दौरान साक्षी ने नाटकीय ढंग से कुश्ती के जूते मेज पर रख दिए और संन्यास की घोषणा कर दी।” इसमें भी वायरल दावे की पुष्टि करने वाली कोई जानकारी नहीं है।

मोजो स्टोरी के यूट्यूब चैनल पर पहलवानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस की लाइव स्ट्रीमिंग की गई है। इसमें बजरंग पुनिया, विनेश फोगाट और साक्षी मलिक के बयान सुने जा सकते हैं। वीडियो में केवल साक्षी मलिक को संन्यास का एलान करते देखा जा सकता है।

साक्षी मलिक ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा कि वह कुश्ती को अलविदा कह रही हैं।

https://twitter.com/SakshiMalik/status/1737803756069167542

हमने विनेश फोगाट के सोशल मीडिया हैंडल्स फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम भी चेक किए, लेकिन उन पर ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली।

इस बारे में दैनिक जागरण के खेल संपादक अभिषेक त्रिपाठी का कहना है, “साक्षी मलिक ने संन्यास की घोषणा की है। विनेश फोगाट ने ऐसा कोई एलान नहीं किया है।

भ्रामक पोस्ट शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। राजस्थान के जयपुर की रहने वाली यूजर के करीब 7800 फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: भारतीय कुश्ती महासंघ के चुनाव नतीजे सामने आने के बाद आयोजित की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहलवान साक्षी मलिक ने संन्यास का एलान किया था। विनेश फोगाट ने संन्यास को लेकर कोई घोषणा नहीं की थी। सोशल मीडिया पर वायरल दावा भ्रामक है।

Misleading
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट