Fact Check: धोनी ने नहीं किया ओडिशा ट्रेन हादसे के पीड़ितों की आर्थिक मदद का एलान

सोशल मीडिया पर क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के नाम से वायरल दावा गलत है। धोनी ने ओडिशा ट्रेन हादसे के पीड़ितों की आर्थिक मदद का कोई एलान नहीं किया है।

Fact Check: धोनी ने नहीं किया ओडिशा ट्रेन हादसे के पीड़ितों की आर्थिक मदद का एलान

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। ओडिशा के बालासोर में हुए भीषण ट्रेन हादसे के बाद सोशल मीडिया पर कई फेक और भ्रामक पोस्‍ट वायरल हो रही हैं। इनमें से एक पोस्‍ट में दावा किया जा रहा है कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्‍तान महेंद्र सिंह धोनी ने ट्रेन हादसे में घायल हुए लोगों के लिये अपनी आईपीएल की पूरी मैच फीस दान करने का एलान किया है।

विश्‍वास न्‍यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा गलत है। धोनी ने ट्रेन हादसे के पीड़ितों की आर्थिक मदद के लिए ऐसा कोई भी एलान नहीं किया है।

क्‍या है वायरल पोस्‍ट

विश्वास न्यूज के वॉट्सऐप टिपलाइन नंबर +91 9599299372 पर यूजर ने इस वायरल मैसेज को भेजकर इसकी सच्चाई बताने का अनुरोध किया है।

फेसबुक यूजर ‘राजपूताना‘ (आर्काइव लिंक) ने भी 5 जून को महेंद्र सिंह धोनी की तस्‍वीर को शेयर करते हुए लिखा,

“महेंद्र सिंह धोनी ट्रेन दुर्घंटना मे घायलों के लिये अपनी IPL की पूरी मैच फीस दान करने की घोषणा कीं”

फेसबुक पर कई अन्‍य यूजर्स ने भी इस पोस्‍ट को शेयर किया है।

पड़ताल

वायरल दावे की पड़ताल के लिए हमने कीवर्ड से इस बारे में गूगल पर ओपन सर्च किया। इससे संबंधित हमें ऐसी कोई खबर नहीं मिली, जिससे वायरल दावे की पुष्टि हो सके। इसके बाद हमने महेंद्र सिंह धोनी के ट्विटर प्रोफाइल को चेक किया। इस हैंडल से 8 जनवरी 2021 के बाद कोई ट्वीट नहीं किया गया है।

धोनी के फेसबुक और इंस्‍टाग्राम अकाउंट पर भी हमें इस बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। इंस्‍टाग्राम अकाउंट पर आखिरी पोस्‍ट 8 फरवरी 2023 यानी करीब चार महीने पहले की गई थी।

ओडिशा ट्रेन हादसे के पीड़ितों को क्रिकेटरों द्वारा दी गई मदद के बारे में और सर्च करने पर हमें 6 जून 2023 को हिन्‍दुस्‍तान में छपी खबर मिली। इसमें लिखा है कि 2 जून की रात को ओडिशा के बालासोर में तीन ट्रेन हादसे का शिकार हो गई थीं। इस हादसे में 275 से अधिक लोगों की मौत हुई थी, जबकि एक हजार से अधिक यात्री घायल हुए थे। टीम इंडिया के क्रिकेटर युजवेंद्र चहल ने हादसे के पीड़ितों की मदद में अपना योगदान दिया है। उन्‍होंने हादसे में घायल हुए यात्रियों के इलाज के लिए एक लाख रुपये दिए हैं। हालांकि, खबर में धोनी द्वारा आर्थिक मदद देने का कोई जिक्र नहीं है।  

5 जून 2023 को इंग्लिश जागरण की वेबसाइट पर छपी खबर में लिखा है कि पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने ओडिशा ट्रेन त्रासदी के पीड़ितों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए घोषणा की है कि वह सहवाग इंटरनेशनल स्कूल में उन बच्चों को मुफ्त शिक्षा और रहने की सुविधा प्रदान करेंगे, जिनके माता-पिता की इस दुर्घटना में मौत हो गई है।

इस बारे में हमने दैनिक जागरण के खेल संपादक अभिषेक त्रिपाठी से बात की। उनका कहना है, “अभी तक ऐसी कोई खबर सामने नहीं आई है। अगर ऐसी कोई घोषणा होती तो पता जरूर चलता।

अब अगर धोनी की मैच फीस को लेकर बात करें तो डीएनए की वेबसाइट पर 6 अप्रैल 2023 को इस बारे में खबर छपी है। इसके अनुसार, “आईपीएल 2023 में सबसे अधिक भुगतान पाने वाले खिलाड़ियों में से एक चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हैं। धोनी आईपीएल 2023 की नीलामी के दौरान सबसे ज्यादा कीमत पर बिकने वाले खिलाड़ियों में से एक थे। चेन्नई सुपर किंग्स ने धोनी को 12 करोड़ रुपये की बड़ी राशि में रिटेन किया है। इंडियन प्रीमियर लीग में कुल 74 मैच हैं, जिसमें 10 टीमों में से प्रत्येक अधिकतम 14 मैच खेलती है। इसका मतलब है कि अगर सीएसके आईपीएल 2023 में 14 मैच खेलती है, तो आईपीएल 2023 में एमएस धोनी की प्रति मैच सैलरी लगभग 85.71 लाख रुपये होगी। ऐसा अनुमान है कि आईपीएल मैच फीस, निवेश और कारोबार समेत एमएस धोनी की सालाना आय 130 करोड़ रुपये से ज्‍यादा है। वह पिछले वित्तीय वर्ष में झारखंड राज्य के सबसे बड़े करदाता रहे हैं। आयकर विभाग ने बताया है कि धोनी ने 31 मार्च 2023 को समाप्त होने वाले वित्तीय वर्ष के लिए अग्रिम कर में 38 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।”

विराट कोहली के नाम से भी इस तरह का दावा किया गया है। विश्‍वास न्‍यूज की रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

पड़ताल के अंतिम चरण में हमने फेक पोस्‍ट करने वाले फेसबुक यूजर ‘राजपूताना‘ की प्रोफाइल को स्‍कैन किया। 2 मई 2020 को बने इस पेज के करीब 36 हजार फॉलोअर्स हैं।

इससे पहले ओडिशा के बालासोर में हुए ट्रेन हादसे को सांप्रदायिक रंग देते हुए कुछ पोस्‍ट शेयर की गई थीं। इसको लेकर ओडिशा पुलिस ने ऐसी फर्जी पोस्‍ट शेयर नहीं करने की चेतावनी दी थी। इसको लेकर विश्‍वास न्‍यूज ने भी पड़ताल की थी। फैक्‍ट चेक रिपोर्ट को यहां पढ़ा जा सकता है।

निष्कर्ष: सोशल मीडिया पर क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के नाम से वायरल दावा गलत है। धोनी ने ओडिशा ट्रेन हादसे के पीड़ितों की आर्थिक मदद का कोई एलान नहीं किया है।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट