Fact Check: शीतल देवी को जनवरी में मिला था अर्जुन अवॉर्ड, वायरल दावा भ्रामक

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि शीतल देवी को अर्जुन अवॉर्ड मिलने को लेकर किया जा रहा वायरल दावा भ्रामक है। असल में शीतल देवी को अर्जुन अवॉर्ड हाल-फिलहाल में नहीं, बल्कि जनवरी 2024 में दिया गया था।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर पैरों से तीरंदाजी करने वाली शीतल देवी को लेकर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। पोस्ट को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि उन्हें हाल-फिलहाल में अर्जुन अवॉर्ड  से सम्मानित किया गया है। पोस्ट में शीतल देवी द्वारा अर्जुन अवॉर्ड लेते हुए एक तस्वीर को भी शेयर किया जा रहा है।

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल दावा भ्रामक है। असल में शीतल देवी को अर्जुन अवार्ड हाल-फिलहाल में नहीं, बल्कि जनवरी 2024 में दिया गया था। 

क्या हो रहा है वायरल ?

फेसबुक यूजर ‘रिंकू मीना – जौहर आर्मी’ ने वायरल तस्वीर को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है, “बिना हाथों के तीर चलाने वाली अद्वितीय धनुर्धर शीतल देवी ने हाल ही में अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित होकर देश का गौरव बढ़ाया है। उनकी यह उपलब्धि न केवल उनके अद्वितीय कौशल का प्रमाण है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि किसी भी शारीरिक चुनौती को सफलता की राह में बाधा नहीं बनने देना चाहिए।” 

पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।

पड़ताल 

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने गूगल पर संबंधित कीवर्ड्स की मदद से सर्च किया। हमें वायरल दावे से जुड़ी एक रिपोर्ट दैनिक जागरण की वेबसाइट पर मिली। रिपोर्ट को 9 जनवरी 2024 को प्रकाशित किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, खेल मंत्रालय ने शीतल देवी को अर्जुन अवॉर्ड देने की घोषणा की थी। इसके बाद उन्हें राष्ट्रपति भवन में महामहिम द्रौपदी मुर्मु ने अर्जुन अवॉर्ड से नवाजा था। रिपोर्ट में वायरल तस्वीर को भी देखा जा सकता है। 

पड़ताल के दौरान हमें अर्जुन अवॉर्ड सेरेमनी का वीडियो प्रसार भारती स्पोर्ट्स के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर मिला। वीडियो को 9 जनवरी 2024 को शेयर किया गया था। वीडियो में शीतल देवी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से अर्जुन अवॉर्ड लेते हुए देखा जा सकता है। 

अधिक जानकारी के लिए हमने दैनिक जागरण के खेल संपादक अभिषेक त्रिपाठी से  संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया कि शीतल देवी को जनवरी में अर्जुन अवॉर्ड दिया गया था। 

अंत में हमने पोस्ट को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर को 12 हजार लोग फॉलो करते हैं। यूजर ने प्रोफाइल पर खुद को राजस्थान का रहने वाला बताया है।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में पाया कि शीतल देवी को अर्जुन अवॉर्ड मिलने को लेकर किया जा रहा वायरल दावा भ्रामक है। असल में शीतल देवी को अर्जुन अवॉर्ड हाल-फिलहाल में नहीं, बल्कि जनवरी 2024 में दिया गया था।

Misleading
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट