Fact Check: भारत में नहीं दिखेगा सूर्य ग्रहण, गर्भवती महिलाओं पर हानिकारक असर के दावे को नासा बता चुका है गलत

2 अक्टूबर को पड़ने वाला सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा। यह पूर्ण रूप से अर्जेंटीना और ​चिली जबकि आंशिक रूप से ब्राजील, अंटार्कटिका, इक्वाडोर, फिजी और मे​क्सिको समेत कुछ अन्य जगहों पर दिखेगा। साथ ही सूर्य ग्रहण का गर्भवती महिलाओं या उनके होने वाले बच्चों पर असर पड़ने के दावे को नासा भी गलत बता चुका है। हां, सूर्य ग्रहण को सीधे आंखों से नहीं देखना चाहिए।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। 2 अक्टूबर की रात को दुनिया के कुछ हिस्सों में सूर्य ग्रहण का नजारा दिखेगा। इसको लेकर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें सनसनीखेज तरीके से बताया गया है कि 2 अक्टूबर को सूर्य ग्रहण लगने वाला है, जो गर्भवती महिलाओं के होने वालों बच्चों के लिए काफी हानिकारक साबित होगा।

विश्वास न्यूज की जांच में पता चला कि 2 अक्टूबर को होने वाला सूर्यग्रहण भारत में नहीं दिखेगा। यह पूर्ण रूप से अर्जेंटीना और चिली में, जबकि आंशिक रूप से ब्राजील, अंटार्कटिका, इक्वाडोर, फिजी और मे​क्सिको समेत कुछ अन्य जगहों पर दिखेगा। साथ ही गर्भवती महिलाओं या उनके होने वाले बच्चों पर सूर्य ग्रहण के हानिकारक असर को नासा की तरफ से गलत बताया जा चुका है। वीडियो को सनसनीखेज ढंग से आधी-अधूरी जानकारी के साथ शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट

इंस्टाग्राम यूजर aashimehra29 ने 30 सितंबर को इस वीडियो को शेयर (आर्काइव लिंक) किया है। इसमें बताया गया है, “2 अक्टूबर को साल का सबसे खतरनाक सूर्य ग्रहण लग रहा है, और ये प्रेग्नेंट महिलाएं, जिनके बच्चे होने वाले हैं, उनके लिए बहुत खतरनाक है, यह सूर्य ग्रहण रात 9:12 पर शुरू हो जाएगा।”

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए सबसे पहले हमने सूर्य ग्रहण के बारे में कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया। नासा की वेबसाइट पर छपी रिपोर्ट के अनुसार, 2 अक्टूबर 2024 को चंद्रमा सूर्य के सामने से गुजरेगा। साउथ अमेरिका के कुछ हिस्सों में पूर्ण सूर्यग्रहण, जबकि साउथ अमेरिका के कुछ हिस्सों, अंटार्कटिका, हवाई और उत्तरी अमेरिका आदि में आंशिक सूर्यग्रहण दिखेगा। रिपोर्ट में जिन स्थानों से सूर्य ग्रहण दिखेगा, उनकी सूची दी गई है। इसमें भारत का नाम नहीं है।

रिपोर्ट में यह भी दिया गया है कि वलयाकार सूर्य ग्रहण तब होता है जब चंद्रमा पृथ्वी से सबसे दूर होने के बावजूद सूर्य और पृथ्वी के बीच से गुजरता है। चूंकि, चंद्रमा सामान्य से अधिक दूर होता है, इसलिए यह सूर्य से छोटा दिखाई देता है और सूर्य को पूरी तरह से ढक नहीं पाता है। इससे आकाश में अंगूठी जैसा दिखाई देता है। चूंकि, सूर्य पूरी तरह से ढका नहीं होता है, इसलिए इस दौरान लोगों को आंखों की सुरक्षा के लिए जरूरी उपाय करने चाहिए।

आंशिक या पूर्ण सूर्य ग्रहण के दौरान बिना आंखों की सुरक्षा किए, उसे सीधे देखना सुरक्षित नहीं होता है। ग्रहण को देखते समय एक्लिप्स ग्लासेज का प्रयोग करना चाहिए। यह नियमित धूप का चश्मा नहीं है। सन ग्लासेज सूर्य ग्रहण को देखने के लिए सुरक्षित नहीं हैं।

एक्लिप्स ग्लासेज पहनकर कैमरे के लेंस, टेलीस्कोप, दूरबीन या किसी अन्य ऑप्टिकल उपकरण के माध्यम से सूर्य को नहीं देखना चाहिए। कंसन्ट्रेटेड सोलर किरणें फिल्टर को जलाकर आंखों को गंभीर चोट पहुंचा सकती हैं।

टाइमएंडडेट की वेबसाइट पर छपी रिपोर्ट में भी दिया गया है कि यह सूर्य ग्रहण भारत में नहीं दिखाई देगा। भारतीय समयानुसार, यह 2 अक्टूबर को रात 9:12 बजे से शुरू हो जाएगा और देर रात 3:17 तक रहेगा।

इसके बाद हमने सूर्य ग्रहण का गर्भवती महिलाओं पर होने वाले असर के दावे के बारे में सर्च किया। नासा की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, सूर्य ग्रहण का कोई भी हानिकारक असर गर्भवती महिलाओं या उनके होने वालों बच्चों पर नहीं पड़ता है।

इस बारे में हमने गायनीकोलॉजिस्ट डॉ. ममता ठाकुर से संपर्क किया। उनका कहना है, “यह हमारी धार्मिक मान्यता है, लेकिन इसका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है कि सूर्य ग्रहण के दौरान गर्भवती महिलाओं या उनके होने वाले बच्चों पर कोई असर पड़ता है। मेरे सामने भी ऐसा कोई मामला नहीं आया है।

वीडियो को सनसनीखेज तरीके से शेयर करने वाली यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के करीब 662 हजार फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: 2 अक्टूबर को पड़ने वाला सूर्य ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा। यह पूर्ण रूप से अर्जेंटीना और ​चिली जबकि आंशिक रूप से ब्राजील, अंटार्कटिका, इक्वाडोर, फिजी और मे​क्सिको समेत कुछ अन्य जगहों पर दिखेगा। साथ ही सूर्य ग्रहण का गर्भवती महिलाओं या उनके होने वाले बच्चों पर असर पड़ने के दावे को नासा भी गलत बता चुका है। हां, सूर्य ग्रहण को सीधे आंखों से नहीं देखना चाहिए।

Misleading
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट