विश्वास न्यूज ने जब दावे की पड़ताल की तो पाया कि जियो के दिवाली ऑफर के नाम पर वायरल लिंक फर्जी है। यूजर के डेटा को चुराने के मकसद से इस लिंक को शेयर किया जा रहा है। यह लिंक जियो की आधिकारिक वेबसाइट का नहीं है। इस तरह के किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक लिंक को शेयर कर दावा किया जा रहा है दिवाली के मौके पर जियो अपने सभी यूजर्स को 1999 रुपये दे रहा है। लिंक पर क्लिक करने पर पैसे खाते में आ जाएंगे।
विश्वास न्यूज ने जब दावे की पड़ताल की तो पाया कि वायरल लिंक फर्जी है। यूजर के डेटा को चुराने के मकसद से इस लिंक को शेयर किया जा रहा है। यह लिंक जियो की आधिकारिक वेबसाइट का नहीं है। इस तरह के किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
फेसबुक यूजर ‘एस.पी. बोहरा’ ने वायरल पोस्ट को शेयर किया है। पोस्ट पर लिखा हुआ है, “जियो की तरफ से बड़ा इनाम, जियो दिवाली पर सभी को 1999 मुफ्त..खाते में लाने के लिए लिंक पर क्लिक करें।”
पोस्ट के आर्काइव लिंक को यहां पर देखें।
वायरल लिंक का सच्चाई जानने के लिए हमने लिंक पर क्लिक किया, लेकिन हमारे सिस्टम ने हमें चेतावनी देते हुए लिंक को संदिग्ध और असुरक्षित बताया।
पड़ताल को आगे बढ़ाते हुए हमने जियो की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट्स को चेक किया। हमें दावे से जुड़ी कोई पोस्ट या जानकारी वहां पर नहीं मिली। कीवर्ड्स की मदद से सर्च करने पर हमें दावे से जुड़ी कोई न्यूज रिपोर्ट भी नहीं मिली, जिसमें ये बताया गया हो कि दिवाली के मौके पर जियो या फिर अंबानी परिवार की तरफ से जियो यूजर्स को 1999 रुपये दिए जा रहे हैं।
यूआरएल को गौर करने पर हमने पाया कि जियो की आधिकारिक वेबसाइट का यूआरएल जियो डॉट कॉम है, जबकि वायरल लिंक का यूआरएल ऑफ सेल डॉट एक्स वाई जेड है।
वायरल लिंक के डोमेन के बारे में जानने के लिए हमने हू इज डॉट कॉम की मदद ली। हमने वायरल लिंक को वेबसाइट पर डाला। मौजूद जानकारी के मुताबिक, वायरल वेबसाइट को 24 अगस्त 2023 को बनाया गया है। इस वेबसाइट की लोकेशन यूएस है।
वायरल लिंक को लेकर हमने साइबर एक्सपर्ट अनुज अग्रवाल से संपर्क किया। उन्होंने हमें बताया, आजकल नकली वेबसाइट को बनाना बहुत आसान है। यही कारण है कि इंटरनेट पर बहुत सारी फर्जी वेबसाइट मौजूद हैं और लोग बड़ी ही आसानी से नकली वेबसाइट बनाकर लोगों के साथ धोखाधड़ी कर लेते हैं। इसलिए ये बहुत जरूरी है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, क्योंकि इन वेबसाइट को इस तरीके से बनाया जाता है कि यह बिल्कुल असली लगती हैं। हमेशा वेबसाइट के यूआरएल पर गौर करें और आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर जरूर चेक करें।
हमने जियो से मेल के जरिए संपर्क किया है। रिप्लाई आने पर स्टोरी को अपडेट किया जाएगा।
अंत में हमने फर्जी लिंक को शेयर करने वाले यूजर के अकाउंट को स्कैन किया। हमने पाया कि यूजर के 4,831 मित्र हैं और वो एक विचारधारा से जुड़ी पोस्ट करता है।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज ने जब दावे की पड़ताल की तो पाया कि जियो के दिवाली ऑफर के नाम पर वायरल लिंक फर्जी है। यूजर के डेटा को चुराने के मकसद से इस लिंक को शेयर किया जा रहा है। यह लिंक जियो की आधिकारिक वेबसाइट का नहीं है। इस तरह के किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें।
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्यम से भी सूचना दे सकते हैं।