Fact Check: अयोध्या एयरपोर्ट पर नौकरी के नाम से फिशिंग लिंक हो रहा शेयर

अयोध्या एयरपोर्ट पर नौकरी के नाम पर सोशल मीडिया पर फिशिंग लिंक शेयर किया जा रहा है।

Fact Check: अयोध्या एयरपोर्ट पर नौकरी के नाम से फिशिंग लिंक हो रहा शेयर

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के साथ ही वहां इंटरनेशनल एयरपोर्ट भी बन चुका है। अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर नौकरी के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की जा रही है। इसमें दावा किया जा रहा है कि अयोध्या एयरपोर्ट पर ग्रुजएट तक के लिए भर्तियां निकली हैं। इसके साथ में एक लिंक दिया गया है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि अयोध्या एयरपोर्ट पर ऐसी कोई भर्ती नहीं निकली हैं। पोस्ट के साथ दिया गया लिंक फिशिंग लिंक है। साइबर एक्सपर्ट ने इस पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी है।

क्या है वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर ‘अयोध्या एयरपोर्ट पर निकली भर्ती‘ (आर्काइव लिंक) ने 15 जनवरी को पोस्ट करते लिए लिखा,

“अयोध्या एयरपोर्ट पर निकली भर्ती

अनपढ़ से ग्रेजुएट

25500-35500 वेतन

रहना,खाना फ्री

अभी फॉर्म भरे।”

पड़ताल

अयोध्या एयरपोर्ट पर नौकरी के नाम से वायरल दावे की जांच के लिए हमने कीवर्ड से गूगल पर सर्च किया, लेकिन दावे की पुष्टि करने वाली कोई मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली।

इसके बाद हमने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एएआई) की वेबसाइट पर इस बारे में सर्च किया, लेकिन वहां भी ऐसा कोई नोटिफिकेशन नहीं मिला। वेबसाइट पर एक नोटिस के जरिए लोगों को ऐसी फर्जी नौकरी के नाम पर ठगने वालों से सावधान रहने को कहा गया है।

एएआई के आधिकारिक एक्स हैंडल पर भी इस तरह की किसी भी नौकरी के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

हमने पोस्ट में दिए गए लिंक को ध्यान से देखा। इसमें दिए गए लिंक का यूआरएल इंडिगोजॉब डॉट इन लिखा है। जबकि इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट गोइंडिगो डॉट इन है। मतलब यह इंडिगो की आधिकारिक वेबसाइट का यूआरएल नहीं है।

इस बारे में हमने इंडियन साइबर आर्मी के संस्थापक किश्‍लय चौधरी से बात की। उनका कहना है, “यह एक फिशिंग लिंक है। इसके जरिए आपसे ठगी की जा सकती है या आपका डेटा  चोरी किया जा सकता है। ऐसी भर्तियां कंपनी या विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर चेक करें और फिर उसके लिए आवेदन करें।

वहीं, अयोध्या एयरपोर्ट के डायरेक्टर विनोद कुमार ने भी इसे फिशिंग लिंक बताते हुए इसकी पुलिस में शिकायत करने की बात कही।

फर्जी पोस्ट करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यह पेज 14 जनवरी 2023 को ही बना है।

निष्कर्ष: अयोध्या एयरपोर्ट पर नौकरी के नाम पर सोशल मीडिया पर फिशिंग लिंक शेयर किया जा रहा है।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट