Fact Check : प्रियंका गांधी ने नहीं पहना क्रॉस, 2017 की तस्‍वीर के साथ की गई छेड़छाड़

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। प्रियंका गांधी की क्रॉस वाली तस्‍वीर एडिटेड है।

Fact Check : प्रियंका गांधी ने नहीं पहना क्रॉस, 2017 की तस्‍वीर के साथ की गई छेड़छाड़

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की दो तस्‍वीरों का एक कोलाज बनाकर सोशल मीडिया में वायरल किया जा रहा है। पहली तस्‍वीर में उन्‍हें रुद्राक्ष की माला पहने हुए देखा जा सकता है। दूसरी तस्‍वीर में उनके गले में कथित क्रॉस देखा जा सकता है। इस कोलाज को वायरल करते हुए दावा किया जा रहा है कि प्रियंका ने वाराणसी में रुद्राक्ष पहना तो केरल में क्रॉस।

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट की जांच की। यह फर्जी साबित हुई। प्रियंका गांधी की क्रॉस वाली तस्‍वीर एडिटेड है। असली तस्‍वीर में उन्‍होंने लॉकेट पहना था। जिसे एडिट करके क्रॉस बना दिया गया। विश्‍वास न्‍यूज ने एक बार पहले भी इस दावे की जांच की थी। उस पड़ताल को यहां पढ़ा जा सकता है।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक यूजर Powerfull Bharat ने 10 सितंबर को एक कोलाज को पोस्‍ट करते हुए लिखा, “अब पूछो इनकी जाति।”

इस कोलाज के ऊपर लिखा गया कि बहुरूपिए से सावधान। काशी में रुद्राक्ष और केरल में क्रास।

पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया है। वायरल पोस्‍ट का आर्काइव लिंक यहाँ देखें।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने कोलाज में इस्‍तेमाल की गईं दोनों तस्‍वीरों की अलग-अलग पड़ताल की। सबसे पहले बनारस के नाम पर प्रियंका गांधी की तस्‍वीर के बारे में जानकारी जुटाई गई। गूगल लेंस के जरिए सर्च करने पर हमें इंडिया टीवी के यूट्यूब चैनल पर एक खबर मिली। 20 मार्च 2019 की इस खबर में प्रियंका गांधी वाड्रा को रुद्राक्ष की माला पहने हुए देखा जा सकता है। वीडियो में प्रियंका ने जो साड़ी पहनी हुई है, वही वीडियो रिपोर्ट में भी है। इसके अलावा प्रियंका गांधी के बगल में खड़ी महिला को इंडिया टीवी की न्‍यूज में भी देखा जा सकता है। इससे यह साबित हो गया कि पहली फोटो सही है।

https://youtu.be/iZC80LZH4U4?si=Pq9Y-5sp1yfIKcDS

जांच के दूसरे चरण में प्रियंका की दूसरी तस्‍वीर की जांच की। जिसमें उन्‍हें क्रॉस पहने हुए दिखाया गया है। गूगल लेंस टूल से सर्च करने पर हमें ‘द स्टेट्समैन’ की एक पुरानी खबर में असली तस्‍वीर मिली। इसमें देखा जा सकता है कि प्रियंका ने कॉस नहीं, बल्कि पत्ती के आकार का एक लॉकेट पहना हुआ था। यह खबर 24 जनवरी 2019 को पब्लिश की गई थी।

सर्च के दौरान द नेशनल नाम की वेबसाइट पर भी असली तस्‍वीर मिली। तस्‍वीर के साथ कैप्‍शन में बताया गया कि यह तस्‍वीर उस वक्‍त की है, जब प्रियंका गांधी वाड्रा यूपी के विधानसभा चुनाव में एक रैली को संबोधित करने के लिए 17 फरवरी, 2017 को रायबरेली आईं थीं।

पिछली पड़ताल के दौरान विश्‍वास न्‍यूज ने दैनिक जागरण, रायबरेली के संवाददाता संतोष सिंह से संपर्क किया था। उन्‍होंने जानकारी देते हुए बताया था, “प्रियंका गाँधी ने गले में क्रॉस नहीं, पत्ती के अकार का लॉकेट पहना था।”

पड़ताल के अंत में फर्जी दावा करने वाले यूजर की जांच की गई। फेसबुक पेज Powerfull Bharat की सोशल स्‍कैनिंग की गई। इस पेज के बारे में कोई खास जानकारी नहीं मिली।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में पता चला कि प्रियंका गांधी वाड्रा की क्रॉस वाली तस्‍वीर फेक है। असली तस्‍वीर के साथ छेड़छाड़ करके इसे जानबूझकर बनाया गया है।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट