Fact Check : महाराष्ट्र के CM एकनाथ शिंदे का पुराना वीडियो हाजी अली दरगाह पर चादर चढ़ाने के FAKE दावे के साथ वायरल

5 फरवरी 2023 को मुख्‍यमंत्री शिंदे ठाणे के मलंगगढ़ फोर्ट पहुंचे थे, वहां उन्‍होंने चादर चढ़ाई थी।

Fact Check : महाराष्ट्र के CM एकनाथ शिंदे का पुराना वीडियो हाजी अली दरगाह पर चादर चढ़ाने के FAKE दावे के साथ वायरल

नई दिल्‍ली (Vishvas News)। सोशल मीडिया के विभिन्‍न प्‍लेटफॉर्म पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। इसमें महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे को एक धार्मिक स्‍थल पर भगवा रंग की चादर चढ़ाते हुए देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री ने मुंबई की हाजी अली दरगाह पर जाकर चादर चढ़ाई।

विश्‍वास न्‍यूज ने एक बार पहले भी वायरल वीडियो की जांच की थी। दरअसल 5 फरवरी 2023 को मुख्‍यमंत्री शिंदे ठाणे के मलंगगढ़ फोर्ट पहुंचे थे, वहां उन्‍होंने चादर चढ़ाई थी। उसी वीडियो को हाजी अली दरगाह का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है। हमारी जांच में वायरल पोस्‍ट भ्रामक साबित हुई।

क्‍या हो रहा है वायरल

फेसबुक पेज RK Arts ने 15 अप्रैल को एक वीडियो को अपलोड करते हुए लिखा, “ये तो गज़ब हो गया…….. आज तक कभी ऐसा नहीं देखा……. मुख्यमंत्री हो तो हो हिम्मतवाला एकनाथ शिंदे जैसा……. शिंदे जी ने हाजी अली दरगाह-मुंबई पर जाकर ओम, स्वास्तिक और त्रिशूल अंकित भगवा रंग की चादर चढाई और आरती की थाली भी देख लो…….. देख लो सब के मुंह लटके हुए हैं……. ये है शिवसेना का असली चरित्र……. *इसे कहते हैं…. सौ सुनार की…. और… एक लोहार की… जय श्री राम…”

वायरल पोस्‍ट के कंटेंट को यहां ज्‍यों का त्‍यों ही लिखा गया। पोस्‍ट को सच मानकर दूसरे यूजर्स भी इसे वायरल कर रहे हैं। इसका आर्काइव वर्जन यहां देखा जा सकता है।

पड़ताल

विश्‍वास न्‍यूज ने वायरल पोस्‍ट के दावे की सच्‍चाई जानने के लिए पड़ताल को दो हिस्‍सों में किया। सबसे पहले हमें यह जानना था कि क्‍या मुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे हाजी अली दरगाह गए थे। इसके लिए हमने गूगल ओपन सर्च टूल का इस्‍तेमाल किया। यहां सर्च करने पर हमें एक भी ऐसी खबर नहीं मिली, जो इस बात की पुष्टि कर सके कि सीएम हाजी अली गए थे।

पड़ताल के दूसरे हिस्‍से में हमें वीडियो की सच्‍चाई जानना था। हमें यह जानना था कि आखिर वायरल वीडियो कहां का है। वीडियो के कई कीफ्रेम्‍स निकाल कर गूगल लेंस के जरिए खोजने पर हमें कई खबरें मिलीं। जिससे यह पता चला कि मुख्‍यमंत्री 5 फरवरी 2023 को ठाणे जिले स्थित मलंगगढ़ फोर्ट गए थे।

टीवी 9 मराठी के यूट्यूब चैनल पर हमें एक रिपोर्ट मिली। इसमें बताया गया कि मुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मलंगगढ़ फोर्ट में चादर चढ़ाई। आरती भी की। वीडियो को नीचे देखा जा सकता है।

इसी तरह मुंबई तक यूट्यूब चैनल पर हमें एक वीडियो मिला, इसमें बताया गया कि मलंगगढ़ में मुख्‍यमंत्री की ओर से चादर चढ़ाई गई। पूरा वीडियो नीचे देखा जा सकता है। यह 5 फरवरी 2023 को अपलोड किया गया था।

कीवर्ड से गूगल सर्च करने पर हमें न्‍यूज एजेंसी पीटीआई की वेबसाइट पर एक खबर मिली। इसे 5 फरवरी 2023 को पब्लिश किया गया था। खबर में बताया गया कि ठाणे के कल्‍याण के पास मलंगगढ़ फोर्ट में एकनाथ शिंदे महाआरती में शामिल हुए। इस खबर को विस्‍तार से यहां क्लिक करके पढ़ा जा सकता है।

पड़ताल के अगले चरण में मुख्‍यमंत्री एकनाथ शिंदे के सोशल मीडिया अकाउंट को खंगालना शुरू किया। हमें उनके एक्‍स हैंडल पर एक पोस्‍ट मिली। 5 फरवरी 2023 को चार तस्‍वीरों को पोस्‍ट करते हुए लिखा गया कि ठाणे के मलंगगढ़ स्थित मच्छिंद्रनाथ जी का दर्शन किया। यहां मौजूद तस्‍वीर और वायरल वीडियो में नजर आ रही जगह, लोग एक ही नजर आए।

नीचे दिए गए कोलाज में साफ देखा जा सकता है कि वायरल दावे वाले वीडियो और सीएम सीएम एकनाथ शिंदे के एक्‍स हैंडल पर पोस्‍ट की गई तस्‍वीर में एक ही लोग दिख रहे हैं। एक नंबर से लेकर चार नंबर तक के शख्‍स को देखें, तो सब एक ही हैं।

विश्‍वास न्‍यूज ने पिछली पड़ताल के दौरान सीएम एकनाथ शिंदे के मीडिया समन्वयक विराज मुले से संपर्क किया था। उन्‍होंने स्‍पष्‍ट करते हुए बताया था कि मुख्‍यमंत्री का वीडियो मलंगगढ़ फोर्ट का है।

वर्ष 2023 में हुई पड़ताल को विस्‍तार से यहां पढ़ा जा सकता है।

अब बारी थी फर्जी दावा करने वाले यूजर की जांच करने की। फेसबुक पेज RK Arts के 356 फॉलोअर हैं। इससे ज्‍यादा जानकारी इस पेज के बारे में नहीं मिली।

निष्‍कर्ष : विश्‍वास न्‍यूज की पड़ताल में पता चला कि महाराष्‍ट्र के मुख्‍यमंत्री 5 फरवरी 2023 को मलंगगढ़ फोर्ट गए थे। वहां उन्‍होंने चादर भी चढ़ाई थी। उसी वीडियो को अब एक बार फिर से मुंबई की हाजी अली दरगाह का बताकर झूठ फैलाया जा रहा है।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट