X
X

Fact Check: कांग्रेस के समर्थन की अपील के साथ रणवीर सिंह का वायरल वीडियो FAKE, एडिट कर जोड़ा गया ऑडियो क्लोन

कांग्रेस के लिए वोट की अपील के साथ वायरल हो रहा बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह का वीडियो क्लिप फेक और ऑल्टर्ड है। ऑरिजिनल वीडियो में रणवीर सिंह काशी के अपने अनुभव का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ कर रहे हैं।

  • By: Abhishek Parashar
  • Published: Apr 18, 2024 at 04:32 PM
  • Updated: Apr 19, 2024 at 12:43 PM

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। लोकसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से पूर्व सोशल मीडिया पर बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह का एक वीडियो क्लिप वायरल हो रहा है, जिसे लेकर दावा किया गया है कि उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 के पहले चरण के मतदान से पहले लोगों से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की है।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में इस वीडियो को फेक पाया, जिसमें रणवीर सिंह की आवाज वाले ऑडियो क्लोन का इस्तेमाल किया गया है। ऑरिजिनल वीडियो में वह काशी भ्रमण के अपने अनुभव के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा कर रहे हैं। इसी वीडियो को एडिट कर उसमें उनकी आवाज वाले क्लोन के जरिए कांग्रेस के समर्थन की अपील वाले फेक बयान को जोड़ दिया गया है।

क्या है वायरल?

सोशल मीडिया यूजर ‘अमेठी के राहुल गांधी’ ने वायरल वीडियो (आर्काइव लिंक) को शेयर करते हुए कांग्रेस के पक्ष में वोट की अपील की है।

सोशल मीडिया पर वायरल रणवीर सिंह के फेक वीडियो का स्क्रीनशॉट।

सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर कई अन्य यूजर्स (आर्काइव लिंक) ने इस वीडियो को समान और मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया है।

https://twitter.com/SujataIndia1st/status/1780625636924547314

पड़ताल

वायरल वीडियो क्लिप 30 सेकेंड का है, जिसमें रणवीर सिंह को यह कहते हुए सुना जा सकता है, “….मोदी जी का पर्पस यही है…उनका उद्देश्य यही था कि वो सेलिब्रेट करें हमारी दुखी हुई जीवन को और दर्द को और हमारी बेरोजगारी को और हमारी महंगाई को…..क्योंकि हम जो भारवर्ष है अब अन्याय काल की तरफ से ऐसे बढ़ रहे हैं, इतनी स्पीड से बढ़ रहे हैं….पर हमें हमारी विकास हमारी न्याय को मांगना कभी नहीं भूलना चाहिए…इसलिए सोचो और वोट दो….।” इसके बाद वीडियो क्लिप में कांग्रेस के लिए वोट की अपील की जाती है।

वायरल वीडियो क्लिप को सुनकर यह स्पष्ट हो जाता है कि इसमें ऑडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है, क्योंकि विजुअल और ऑडियो में तालमेल नहीं है।

वायरल वीडियो क्लिप में न्यूज एजेंसी एएनआई का माइक नजर आ रहा है। इसी आधार पर सोशल मीडिया सर्च में हमें न्यूज एजेंसी एएनआई के आधिकारिक एक्स हैंडल पर ऑरिजिनल वीडियो (आर्काइव लिंक) मिला, जिसे 14 अप्रैल 2024 को साझा किया गया है।

वायरल वीडियो क्लिप कुल दो मिनट 33 सेकेंड का है, जिसमें रणवीर सिंह काशी भ्रमण के अनुभव के बारे में पूछे गए सवाल का जवाब दे रहे हैं। वायरल वीडियो क्लिप में जिस फ्रेम का इस्तेमाल किया गया है,  उसे ऑरिजिनल वीडियो क्लिप में 1 मिनट 10 सेकेंड के फ्रेम से देखा जा सकता है, जिसमें रणवीर सिंह कह रहे हैं, “….मोदी जी का पर्पस यही था….उनका उद्देश्य यही था कि वो सेलिब्रेट करे अपने रिच कल्चरल हेरिटेज को…हमारी हिस्ट्री को..हमारी लेगेसी को…अम्ममम….क्योंकि हम जो भारतवर्ष है अब मॉडर्निटी  की तरफ ऐसे बढ़ रहे हैं, इतनी स्पीड से बढ़ रहे हैं, पर हमें हमारी रूट्स और हमारी कल्चरल हेरिटेज कभी नहीं भूलनी चाहिए। इसलिए विकास भी और विरासत भी….!”

वह अपने पूरे बयान में कहीं भी कांग्रेस या किसी दल को वोट नहीं देने की अपील करते हैं।

जागरण.कॉम की रिपोर्ट के मुताबिक,  रणवीर सिंह और कृति सेनन ने पहली बार वाराणसी में फैशन शो का जलवा दिखाया। यहां की संस्कृति और धरोहर को समेटे इन सितारों ने अपने पारंपरिक परिधान में काशी के बुनकरों की मेहनत और टैलेंट की झलक दिखाई।

कई अन्य रिपोर्ट्स (आर्काइव लिंक) में उनकी इस यात्रा का जिक्र है।

हमारी जांच से स्पष्ट है कि कांग्रेस के लिए वोट मांगने की अपील के साथ वायरल हो रहा रणवीर सिंह का वीडियो क्लिप ए़डिटेड और ऑल्टर्ड है।

वायरल वीडियो क्लिप को लेकर हमने एएनआई के ब्यूरो चीफ नवीन कपूर से संपर्क किया। उन्होंने बताया, “यह फेक वीडियो है।” साथ ही उन्होंने ऑरिजिनल वीडियो के लिंक (आर्काइव लिंक) को शेयर किया, जिसे एएनआई के आधिकारिक एक्स हैंडल से शेयर किया गया है।

वायरल वीडियो को शेयर करने वाले यूजर को फेसबुक पर करीब 10 हजार लोग फॉलो करते हैं। चुनाव से संबंधित अन्य भ्रामक व फेक दावों की जांच करती फैक्ट चेक रिपोर्ट को विश्वास न्यूज के चुनावी सेक्शन में पढ़ा जा सकता है।

चुनाव आयोग की अधिसूचना (आर्काइव लिंक) के मुताबिक, कुल सात चरणों में होने वाले लोकसभा चुनाव 2024 की शुरुआत 19 अप्रैल को पहले चरण के मतदान से होगी, जिसके तहत कुल 102 सीटों पर वोटिंग होगी।

निष्कर्ष: कांग्रेस के लिए वोट की अपील के साथ वायरल हो रहा बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह का वीडियो क्लिप फेक और ऑल्टर्ड है। ऑरिजिनल वीडियो में रणवीर सिंह काशी के अपने अनुभव का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ कर रहे हैं।

  • Claim Review : बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह ने की कांग्रेस के समर्थन में वोट करने की अपील।
  • Claimed By : FB User-अमेठी के राहुल गांधी
  • Fact Check : झूठ
झूठ
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later