Fact Check: एमपी की पूर्व सीएम उमा भारती का फेक वीडियो वायरल, पुलिस को दी शिकायत

विधानसभा चुनाव के दौरान एमपी की पूर्व सीएम उमा भारती का फेक वीडियो वायरल हो रहा है। असली वीडियो में आवाज को अलग से जोड़ा गया है। इस मामले में पुलिस को भी शिकायत दी गई है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत पांच राज्यों में चल रहे चुनावों के दौरान भाजपा नेता उमा भारती का एक कथित वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह लोगों से भाजपा के खिलाफ जाने की अपील कर रही है। इस वीडियो को शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि उमा भारती ने मध्य प्रदेश की जनता से भाजपा की खिलाफत की अपील की है। इसके जरिए यूजर्स लोगों को उकसाने का प्रयास कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने अपनी जांच में पाया कि उमा भारती के नाम से वायरल वीडियो फेक है। उमा भारती के करीब 11 महीने पुराने वीडियो में आवाज अलग से जोड़कर फर्जी दावा किया जा रहा है। इस मामले में उमा भारती की तरफ से पुलिस को शिकायत दी गई है।

क्या है वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर Atiqullah Khan (आर्काइव लिंक) ने 15 नवंबर को वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा,

“MP की जनता से उमा भारती की अपील..
बीजेपी के बहकावे और उकसावे में न आएं
सोच समझ कर वोट करें  : उमा भारती”

फेसबुक पर कुछ अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है।

पड़ताल

शुरुआत में ही वायरल वीडियो संदिग्ध लगा। उमा भारती ऐसा कोई बयान देतीं तो मीडिया की सुर्खियां जरूर बनता। इस बारे में कीवर्ड से सर्च करने पर हमें नईदुनिया की वेबसाइट पर खबर मिली। इसमें लिखा है कि एमपी की पूर्व सीएम और भाजपा की फायरब्रांड नेता उमा भारती का एक फेक वीडियो वायरल हो रहा है। इसको लेकर उन्होंने कहा है कि उनको व्यक्तिगत नुकसान पहुंचाने के मकसद से किसी ने जानबूझकर इस फर्जी वीडियो को वायरल किया है। इसकी शिकायत भोपाल साइबर क्राइम को दी गई है। उन्होंने ऐसी कोई बात नहीं की है। वीडियो में उनकी आवाज नहीं है।

उमा भारती के आधिकारिक फेसबुक (आर्काइव लिंक) और एक्स हैंडल (आर्काइव लिंक) से भी इस वीडियो को पोस्ट कर इसे फेक बताया गया है। साथ में जानकारी दी गई कि वह अभी टीकमगढ़ में वोट डालने आई हैं और इस मामले में एफआईआर कराने को बोल दिया गया है।

उमा भारती के फेसबुक पेज पर ही 31 जनवरी को असली वीडियो (आर्काइव लिंक) भी अपलोड किया गया है। इसमें वायरल वीडियो की बात नहीं की गई है। हां, इसमें वह शराबनीति को लेकर शिवराज सरकार पर जरूर हमलावर दिख रही हैं।

1 फरवरी को हिन्दुस्तान में छपी खबर में लिखा है कि शराब के मुद्दे को लेकर पूर्व सीएम उमा भारती ने एक बार फिर राज्य सरकार को घेरा है।

28 जनवरी को एमपीतक वेबसाइट की खबर के अनुसार, उमा भारती ने फिर से ‘नई शराब नीति’ को लेकर शिवराज सरकार को घेरा है। अयोध्या नगर चौराहे पर मंदिर के सामने प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पहुंचीं उमा भारती ने कहा कि वह अब तीन दिन तक पंचमुखी हनुमान और दुर्गा मंदिर में रहेंगी।  

इस बारे में हमने उमा भारती के पीए उमेश गर्ग से बात की। उनका कहना है, “वायरल वीडियो फेक है। इसमें उमा भारती की आवाज नहीं है। किसी ने उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए ऐसा किया है। भोपाल क्राइम ब्रांच में इस बारे में शिकायत दे दी गई है।

एडिटेड वीडियो को शेयर करने वाले फेसबुक यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। वह दिल्ली में रहते हैं और एक राजनीतिक दल से जुड़े हुए हैं।

चुनाव से संबंधित विश्वास न्यूज की अन्य फैक्ट चेक रिपोर्ट पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें। ​

निष्कर्ष: विधानसभा चुनाव के दौरान एमपी की पूर्व सीएम उमा भारती का फेक वीडियो वायरल हो रहा है। असली वीडियो में आवाज को अलग से जोड़ा गया है। इस मामले में पुलिस को भी शिकायत दी गई है।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट