विश्वास न्यूज की पड़ताल में पता चला कि केंद्रीय राजनाथ सिंह के बयान से जुड़ी वायरल पोस्ट फर्जी। राजनाथ सिंह के 2013 के बयान को एडिट करके अब वायरल किया जा रहा है। उस वक्त राजनाथ सिंह ने केंद्र की मनमोहन सरकार, कांग्रेस और सपा पर हमला बोलते हुए भाषण दिया था।
नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसे केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान और कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की कुछ क्लिप को जोड़कर बनाया गया है। वीडियो को वायरल करते हुए दावा किया जा रहा है कि राजनाथ सिंह ने भारतीय सेना, पाकिस्तान, चीन, बेरोजगारी, सांप्रदायिक दंगों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए भाजपा का साथ छोड़ दिया है। वीडियो में राजनाथ सिंह को देश के अहम इश्यू पर बोलते हुए देखा जा सकता है। विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो की जांच की। दावा फर्जी साबित हुआ। दरअसल राजनाथ सिंह का वायरल वीडियो केंद्र में मोदी सरकार के बनने से पहले का है। उस वक्त राजनाथ सिंह तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार पर निशाना साध रहे थे। वायरल वीडियो में इस्तेमाल किया गया राजनाथ सिंह का भाषण 2013 का है।
फेसबुक पेज एसटी टीवी ने 16 सितंबर को एक वीडियो को अपलोड करते हुए दावा किया : ‘राजनाथ ने भाजपा को मारी लात,संभाल जाओ देशवासियों ये सब कुछ बेच डालेगा।’
4 मिनट 40 सेकंड के इस वीडियो को अलग-अलग फुटेज से तैयार करते हुए वाइस ओवर के साथ तैयार किया गया है।
वायरल पोस्ट के क्लेम को यहां ज्यों का त्यों ही लिखा गया है। इसे सच मानकर दूसरे यूजर्स भी वायरल कर रहे हैं। पोस्ट का आर्काइव वर्जन यहां देखें।
विश्वास न्यूज ने वायरल वीडियो और उसके साथ किए जा रहे दावे की सच्चाई जानने के लिए सबसे पहले ऑनलाइन टूल का इस्तेमाल किया। वीडियो के कीफ्रेम्स निकालने के लिए इनविड टूल का इस्तेमाल किया गया। राजनाथ सिंह से जुड़े वायरल वीडियो से संबंधित खबरें कई वेबसाइट और यूट्यूब चैनल पर मिलीं।
विश्वास न्यूज ने सर्च को आगे बढ़ाते हुए भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल को खंगालना शुरू किया। हमें 19 अक्टूबर 2013 को अपलोड एक वीडियो मिला। इसे लेकर बताया गया कि कानपुर के बुद्धा पार्क में भाजपा की शंखनाद रैली में राजनाथ सिंह का भाषण। इस वीडियो में वायरल वीडियो वाली क्लिप 8:28 सेकंड के बाद देखी जा सकती है। असली वीडियो देखने से यह बात साफ हो जाती है कि राजनाथ सिंह उस समय की मनमोहन सरकार, कांग्रेस और सपा पर निशाना साध रहे थे। लेकिन वायरल वीडियो को एडिट करके झूठे दावे के साथ अभी का बताकर वायरल किया जा रहा है।
विश्वास न्यूज ने जांच को आगे बढ़ाते हुए भारतीय जनता पार्टी के यूपी प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी से संपर्क किया। उन्होंने वायरल वीडियो को एडिटेड और पुराना बताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक परिवार की भांति है। इसीलिए कुछ लोग लगातार भारतीय जनता पार्टी के नेताओं के बीच में मतभेद बनाने के लिए इस प्रकार के कुत्सित प्रयास करते रहते हैं। अफवाहें फैलाते रहते हैं, लेकिन इन षड्यंत्रों से कुछ भी हासिल नहीं होगा।
पड़ताल के अगले चरण में फर्जी पोस्ट करने वाले यूजर की जांच की गई। फेसबुक पेज एसटी टीवी को एक हजार लोग फॉलो करते हैं।
निष्कर्ष: विश्वास न्यूज की पड़ताल में पता चला कि केंद्रीय राजनाथ सिंह के बयान से जुड़ी वायरल पोस्ट फर्जी। राजनाथ सिंह के 2013 के बयान को एडिट करके अब वायरल किया जा रहा है। उस वक्त राजनाथ सिंह ने केंद्र की मनमोहन सरकार, कांग्रेस और सपा पर हमला बोलते हुए भाषण दिया था।
सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्यम से भी सूचना दे सकते हैं।