Fact Check : भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की रैली में लगे थे पीएम मोदी के समर्थन में नारे, एडिटेड वीडियो वायरल

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान सुल्तानपुर में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के सदस्यों ने रैली निकाली थी। इस दौरान पीएम मोदी और सीएम योगी के समर्थन में नारे लगे थे। उस वीडियो को एडिट कर वायरल किया गया है।

Fact Check : भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की रैली में लगे थे पीएम मोदी के समर्थन में नारे, एडिटेड वीडियो वायरल

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। सोशल मीडिया पर भाजपा के झंडे लिए मुस्लिमों की एक रैली का वीडियो वायरल हो रहा है। इस रैली में मौजूद लोगों को मुस्लिम विरोधी नारे लगाते हुए देखा जा सकता है।

विश्‍वास न्‍यूज ने अपनी जांच में पाया कि वायरल वीडियो एडिटेड है। दरअसल, सुल्तानपुर में हुई भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा की रैली में पीएम मोदी के समर्थन में नारे लगे थे, जिसे एडिट करके वायरल कर दिया गया। इस मामले में पुलिस से शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

क्या है वायरल पोस्ट

इंस्टाग्राम यूजर official__ankit__361 (आर्काइव लिंक) ने 11 मार्च को वीडियो पोस्ट किया है।

पड़ताल

वायरल दावे की  जांच के लिए हमने गूगल के इनविड टूल की मदद से कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। Arhan reacts (आर्काइव लिंक) नाम के यूट्यूब चैनल पर इस वायरल वीडियो को अपलोड करते हुए इसकी आलोचना की गई है। इसमें रैली के दौरान लोग पीएम मोदी के समर्थन में नारे लगाते दिख रहे हैं।

यूट्यूब पर अपलोड वीडियो में रैली के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। इसके लिए हमने वायरल वीडियो को ध्यान से देखा तो इसमें विजय फोटोस्टेट का बोर्ड दिखाई दिया।

इस आधार पर गूगल पर सर्च करने पर पता चला कि यह लोकेशन सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश की है। स्ट्रीट वीव में देखने पर इसके आसपास की दुकान भी दिख गई। इससे यह तो पता चल गया कि रैली सुल्तानपुर में हुई थी।

इसके बाद कीवर्ड से सर्च करने पर हमें दैनिक भास्कर की वेबसाइट पर खबर छपी मिली है। इसमें लिखा है कि भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पदाधिकारियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एडिटेड वीडियो पोस्ट करने के बारे में पुलिस को शिकायत दी है। खबर के अनुसार, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष आजादर हुसैन ने कहा है कि विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान गृहमंत्री अमित शाह आवास विकास मैदान में आए थे। उस दौरान रैली निकाली गई थी। वीडियो में पीएम मोदी और सीएम योगी के समर्थन में नारे लगे थे, जिसे एडिट कर धर्म विरोधी नारों के साथ वायरल किया जा रहा है।

दैनिक जागरण के सुल्तानपुर संस्करण में भी इस खबर को देखा जा सकता है।

हेमंत मिश्रा नाम के फेसबुक यूजर ने वायरल वीडियो के लंबे वर्जन को 9 जनवरी 2022 (आर्काइव लिंक) को अपलोड किया है। इसमें पीएम मोदी के समर्थन में नारे लगाते भाजपा कार्यकर्ताओं को देखा जा सकता है।      

इस बारे में सुल्तानपुर में दैनिक जागरण के रिपोर्टर सत्यप्रकाश श्रीवास्तव का कहना है कि वायरल वीडियो एडिटेड है। 2022 में विधानसभा चुनाव के दौरान अमित शाह की  यहां सभा हुई थी। इस दौरान भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने  कलेक्ट्रेट से रैली निकाली थी। इस दौरान मोदी-योगी जिंदाबाद के नारे लगाए था। इसे एडिट कर दिया गया है। इस मामले में पुलिस को शिकायत दी गई है। शिकायत साइबर सेल को ट्रांसफर कर दी गई है।

गलत वीडियो शेयर करने वाले इंस्टा यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के 20 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के दौरान सुल्तानपुर में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के सदस्यों ने रैली निकाली थी। इस दौरान पीएम मोदी और सीएम योगी के समर्थन में नारे लगे थे। उस वीडियो को एडिट कर वायरल किया गया है।

False
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट