X
X

Fact Check: वीडियो में युवक को पीटते दिख रहा शख्स नहीं है जौनपुर का BJP विधायक, भ्रामक दावा फिर से वायरल

शाहजहांपुर में करीब दो साल पहले कुछ लोगों ने एक युवक को बुलाकर उसकी पिटाई की थी। मामले में मुख्य आरोपी का नाम प्रतीक तिवारी था और उनमें से कोई विधायक नहीं था। वहीं, जौनपुर के भाजपा विधायक का नाम गिरीश चंद्र यादव है।

Fact Check, Shahjahanpur, Jaunpur BJP MLA, Vipul Dubey, ELECTION FACT CHECK, Lok Sabha Election 2024,

नई दिल्‍ली (विश्‍वास न्‍यूज)। जौनपुर के भाजपा विधायक से जोड़कर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें एक कमरे में शख्स को युवक को पीटते हुए और उसे मुर्गा बनाते हुए दिखाया गया है। कमरे में कुछ और लोग भी दिख रहे हैं। वीडियो को शेयर कर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि जौनपुर के भाजपा विधायक विपुल दुबे ने युवक की पिटाई की है।

विश्‍वास न्‍यूज ने इसकी जांच की तो पता चला कि जौनपुर के भाजपा विधायक का नाम गिरीश चंद्र यादव है। विपुल दुबे भदोही जिला के ज्ञानपुर से विधायक हैं, लेकिन वायरल वीडियो में दिख रहे शख्स का नाम प्रतीक तिवारी है और वह भाजपा विधायक नहीं है। मामला उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर का है और करीब दो साल पुराना है।

क्या है वायरल पोस्ट

इंस्टाग्राम यूजर _divyansh_pratap_singh (आर्काइव लिंक) ने 10 मार्च को वीडियो पोस्ट किया। इस लिखा है, “जौनपुर से भाजपा विधायक विपुल दुबे”

फेसबुक यूजर Arun Chaurasiya (आर्काइव लिंक) ने भी इस वीडियो को मिलते-जुलते दावे के साथ शेयर किया।

पड़ताल

वायरल दावे की जांच के लिए हमने वीडियो का कीफ्रेम निकालकर उसे गूगल लेंस की मदद से सर्च किया। दो साल पहले दैनिक भास्कर की वेबसाइट (आर्काइव लिंक)  पर इससे संबंधित खबर को देखा जा सकता है। इसमें वीडियो के कीफ्रेम का इस्तेमाल भी किया गया है। इसके अनुसार, मामला उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर का है। पीड़ित युवक का नाम राजीव भारद्वाज है। 13 अप्रैल को प्रतीक तिवारी ने उसे जरूरी काम कहकर सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित एक घर में बुलाया था। वहां प्रतीक समेत चार लोगों ने उसको पीटा। मामले में सीएम योगी को ट्वीट करने के बाद पुलिस ने दो आरोपियों सोनू गुप्ता और शांतनु गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। खबर में किसी भाजपा विधायक के शामिल होने के बारे में कोई जानकारी नहीं है।

Amrit Vichar के फेसबुक पेज पर 17 अप्रैल 2022 (आर्काइव लिंक) को इस घटना से संबंधित वीडियो न्यूज को देखा जा सकता है। इसमें बताया गया है कि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पीड़ित को तलाशा। राजीव भारद्वाज को प्रतीक तिवारी समेत चार लोगों ने पीटा था। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीटने वाले शख्स का नाम प्रतीक तिवारी है।

16 अप्रैल 2022 को शाहजहांपुर पुलिस के एक्स हैंडल से इस मामले में तत्कालीन एडिशनल एसपी सिटी संजय कुमार का बयान (आर्काइव लिंक) अपलोड किया गया था। उन्होंने पीटने वाले शख्स का नाम प्रतीक तिवारी बताया था।

इसके बाद हमने जौनपुर के भाजपा विधायक के बारे में सर्च किया। माय नेता (आर्काइव लिंक)  की वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार, जौनपुर से भाजपा के गिरीश चंद्र यादव ने 2022 में विधानसभा चुनाव जीता था।

माय नेता वेबसाइट (आर्काइव लिंक) के अनुसार, विपुल दुबे भदोही के ज्ञानपुर से विधायक है। वह निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल से जुड़े हुए हैं।

इससे पहले भी यह वीडियो भाजपा विधायक के नाम से वायरल हो चुका है। तब विश्‍वास न्‍यूज ने शाहजहांपुर के तत्कालीन एडिशनल एसपी संजय कुमार से संपर्क किया था। उन्होंने बताया था कि मुख्य आरोपी का नाम प्रतीक तिवारी है। वीडियो में नजर आ रहा कोई भी आरोपी विधायक नहीं था।

वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर करने वाले इंस्टाग्राम यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। यूजर के करीब 20 हजार फॉलोअर्स हैं। यूजर एक विचारधारा से प्रभावित हैं।

निष्कर्ष: शाहजहांपुर में करीब दो साल पहले कुछ लोगों ने एक युवक को बुलाकर उसकी पिटाई की थी। मामले में मुख्य आरोपी का नाम प्रतीक तिवारी था और उनमें से कोई विधायक नहीं था। वहीं, जौनपुर के भाजपा विधायक का नाम गिरीश चंद्र यादव है।

  • Claim Review : जौनपुर के भाजपा विधायक विपुल दुबे ने युवक की पिटाई की है।
  • Claimed By : Instagram User- _divyansh_pratap_singh
  • Fact Check : भ्रामक
भ्रामक
फेक न्यूज की प्रकृति को बताने वाला सिंबल
  • सच
  • भ्रामक
  • झूठ

पूरा सच जानें... किसी सूचना या अफवाह पर संदेह हो तो हमें बताएं

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी मैसेज या अफवाह पर संदेह है जिसका असर समाज, देश और आप पर हो सकता है तो हमें बताएं। आप हमें नीचे दिए गए किसी भी माध्यम के जरिए जानकारी भेज सकते हैं...

टैग्स

अपनी प्रतिक्रिया दें

No more pages to load

संबंधित लेख

Next pageNext pageNext page

Post saved! You can read it later