Fact Check: यूपी में 1992 में नहीं हुए थे विधानसभा चुनाव, 2002 में नहीं बनी थी सपा की सरकार, भ्रामक दावा हो रहा वायरल

1992 और 2002 में उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार नहीं बनी है। इसलिए जिस चुनावी साल के आखिरी में 2 रहता है, उसमें सपा की सरकार बनने का दावा भ्रामक है।

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। उत्तर प्रदेश चुनाव से पहले सोशल मीडिया पर यूजर्स एक ग्राफिक्स पोस्ट कर रहे हैं। इसमें अखिलेश यादव की फोटो लगी है। दावा किया जा रहा है कि जिस चुनावी साल के आखिरी में 2 रहता है, उस साल सपा की सरकार आती है। जैसे— 1992, 2002 और 2012

विश्वास न्यूज ने अपनी पड़ताल में दावे को भ्रामक पाया। दरअसल, 1992 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव हुए ही नहीं थे, जबकि 2002 में भाजपा—बसपा गठबंधन की सरकार बनी थी। हां, 2012 में जरूर सपा ने सरकार बनाई थी।

क्या है वायरल पोस्ट में

फेसबुक पेज Hammad mansoori पर 13 जनवरी को इस ग्राफिक्स को पोस्ट करते हुए लिखा गया,
जिस चुनावी वर्ष के आखिरी में 2 रहता है तब तब सपा सरकार बनती है और इंशाल्लाह 10 मार्च को भी सपा सरकार बन रही हे
10 मार्च को आ रहे हे अखिलेश

फेसबुक पर कुछ अन्य यूजर्स ने भी इस दावे को अलग—अलग तरह से पोस्ट किया है।

पड़ताल

वायाल दावे की पड़ताल के लिए हमने सबसे पहले 1992 यूपी चुनाव की पड़ताल की। कीवर्ड से न्यूज सर्च करने पर हमें चुनाव आयोग की वेबसाइट पर यूपी चुनाव का डाटा मिला। इसके मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 1991 और 1993 में चुनाव हुए हैं। 1992 में राज्य में विधानसभा चुनाव नहीं हुए थे।

11 जनवरी 2019 को jagran में छपी खबर के मुताबिक, 1992 में अयोध्या मामले के बाद यूपी के तत्कालीन सीएम कल्याण सिंह ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद 1993 में राज्य में विधानसभा चुनाव हुए। इसमें सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव और बसपा संस्थापक कांशीराम ने मिलकर चुनाव लड़ा था। गठबंधन के चुनाव जीतने पर मुलायम सिंह यादव दूसरी बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे।

अब बात करते हैं 2002 के यूपी विधानसभा चुनाव की। 14 सितंबर 2021 को पत्रिका में छपी खबर के अनुसार, 2002 में भाजपा और बसपा ने मिलकर सरकार बनाई थी। उस चुनाव में सपा ने 143, बसपा ने 98, भाजपा ने 88, कांग्रेस ने 25 और रालोद ने 14 सीटें जीती थीं।

2012 के विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनी थी। 10 मार्च 2017 को jagran में छपी खबर में लिखा है कि 2012 के चुनाव में सपा को 224 सीटें मिली थीं। इसके साथ ही सपा को पहली बार पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने का मौका मिला था।

इस बारे में हमने लखनऊ में दैनिक जागरण के विशेष संवाददाता शोभित श्रीवास्तव से बात की। उनका कहना है, 1992 में राज्य में विधानसभा चुनाव नहीं हुए थे। 2002 नहीं, बल्कि 2003 में मुलायम सिंह यादव सत्ता में आए थे। हां, 2012 में जरूर सपा की सरकार बनी थी।

भ्रामक दावे को पोस्ट करने वाले फेसबुक पेज Hammad mansoori को हमने स्कैन किया। यह एक राजनीतिक दल से प्रेरित है। 24 जुलाई 2021 को बने इस पेज को 4 हजार से ज्यादा लोग फॉलो करते हैं।

निष्कर्ष: 1992 और 2002 में उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार नहीं बनी है। इसलिए जिस चुनावी साल के आखिरी में 2 रहता है, उसमें सपा की सरकार बनने का दावा भ्रामक है।

Misleading
Symbols that define nature of fake news
पूरा सच जानें...

सब को बताएं, सच जानना आपका अधिकार है। अगर आपको ऐसी किसी भी खबर पर संदेह है जिसका असर आप, समाज और देश पर हो सकता है तो हमें बताएं। हमें यहां जानकारी भेज सकते हैं। हमें contact@vishvasnews.com पर ईमेल कर सकते हैं। इसके साथ ही वॅाट्सऐप (नंबर – 9205270923) के माध्‍यम से भी सूचना दे सकते हैं।

Related Posts
नवीनतम पोस्ट